यूथ ओलिंपिक गेम्स से इतिहास बनाकर चैंपियंस लौटे तो इस बार उनका स्वागत जोशीले अंदाज में हुआ, बेशक भीड़ बेहद कम रही. दिल्ली की टी-3 हवाई अड्डे पर चैंपियंस के इंतज़ार की छोटी सी भीड़ से अलग में 5 नंबर गेट के सामने हरियाणा एक दुबली-पतली सी महिला को देखकर अंदाज़ा लगाना मुश्किल था कि वो एक बॉक्सिंग चैंपियन की मां हैं. हाथ में गेंदे का फूल, एक बेटा, परिवार की और दो-तीन महिलाएं और पति और देवर.
थोड़ी ही दूर पर बॉक्सिंग फेडरेशन के अधिकारियों द्वारा बुलाए गए ढोल-नगाड़ों वाली टीम, गेंदे के फूल की ढेर सारी मालाएं और कुछ बुके. बॉक्सिंग फ़ेडरेशन की भीतर चाहे जितनी भी लड़ाई हो उनके खिलाड़ी, कोच, सपोर्ट स्टाफ और अधिकारियों के लिए फ़ख़्र से सीना चौड़ा करने का भी वक्त है.
चूरमा खिलाने की आस लेकर आखिर में मिली मां
207 देशों की प्रतियोगिता से जीतकर यूथ ओलिंपक के चैंपियंस बाहर निकले तो फ़ैंस, अधिकारी और मीडियाकर्मी स्वागत के साथ इंटरव्यू और बधाई देने में लग गए. क़रीब घंटे भर के इस जोश भरे समारोह के बाद ही हिसार की चैंपियन बॉक्सर गुंजन को अपनी मां से मिलने का मौक़ा मिल पाया.
गुंजन की मां सुमन ने धैर्य से मुस्कुराते हुए कहा, ‘सबको मिल लेने दीजिए. आख़िर में तसल्ली से मिलेंगे.' NDTV के स्पोर्ट्स एडिटर विमल मोहन को गुंजन की मां ने ये भी कहा, ‘गुंजन को पराठे और लस्सी बहुत पसंद है. मिठाई तो खाती ही नहीं. हां चूरमा ज़रूर खाना चाहती है. ये सब घर जाते ही खिलाना है. हम सब बहुत खुश हैं.'
पिता को खेती में हराया तो मिली बॉक्सिंग में एंट्री
NDTV से बात करते हुए 17 साल की हिसार की गुंजन ने बताया कि उनको खेल में आने की प्रेरणा नीरज चोपड़ा को टोक्यो ओलिंपिक्स के गोल्ड जीतते देखकर मिली. वो एक दिलचस्प किस्सा NDTV से बताती हैं कि दो साल पहले 2024 में जूनियर नेशनल के सेमीफ़ाइनल में हार के बाद उनके पिता हरभगवान यादव ने उनसे खेत को जोतने की शर्त के साथ रेस लगा ली. बॉक्सिंग को जारी रखने के लिए गुंजन ने थके होने के बावजूद जान लगा दी और पिता को खेती में हराकर आगे बॉक्सिंग के सफ़र का टिकट हासिल कर लिया. NDTV के स्पोर्ट्स एडिटर विमल मोहन से गुंजन कहती हैं, ‘पिता को हराकर मैं बहुत खुश हुई थी. आज भी बेहद खुश हूं.'
200 रुपये उधार से खरीदी साइकिल से पोडियम तक का सफ़र
मणिपुर के 17 साल के लाइरेनलकपम अम्बेकर मीतेई भी NDTV के स्पोर्ट्स एडिटर विमल मोहन से दिल्ली के इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर बात करते हुए कहते हैं, “क़रीब 10 साल पहले इंफ़ाल के नोनगाडा बॉक्सिंग अकादमी जाने के लिए मैंने दोस्तों से 200 रुपये उधार लेकर सेकेंड हैंड साइकिल खरीदी थी. मेरी मेहनत सफल हुई. मैं बहुत खुश हूं.”
गोल्ड मेडल विजेता चैंपियन अंबेकर के माता-पिता खेतिहर मजदूर हैं, रेहड़ी लगाते हैं और एक छोटा-सा फूड ज्वाइंट भी चलाते हैं. बेटे की बॉक्सिंग अंबेकर के माता-पिता (मां बबीता मीतेई और पिता मदन मीतेई) का संघर्ष भी एक अलग मिसाल है.
ओलिंपिक्स 2028 में उम्मीद
अब इन दोनों ही चैंपियंस बॉक्सर्स नसे दो साल बाद होने वाले लॉस एंजेल्स ओलिंपिक्स में भी उम्मीद की जाने लगी है. ये टिके रहे और ट्रेनिंग में बाधा नहीं आई तो 2032 ओलिंपिक और आगे भी इनका जलवा ज़रूर दिख सकता है
उम्मीद से बढ़कर साबित हो रहे भारतीय बॉक्सर्स
कॉमनवेल्थ गेम्स (7 गोल्ड, 3 सिल्वर), एशियन गेम्स (3 गोल्ड, 3 ब्रॉन्ज ),और यूथ ओलिंपिक गेम्स (2 गोल्ड) में भारतीय बॉक्सिंग ने 12 गोल्ड मेडल जीते हैं. तीनों ही मल्टी स्पोर्टिंग इवेंट्स में इतिहास कायम किया. यूथ ओलिंपिक्स में तो सिर्फ़ 2 भारतीय बॉक्सर्स ने एंट्री की और दोनों ने गोल्ड मेडल जीते. यानी बॉक्सिंग का स्ट्राइक रेट 100% रहा.
सेनेगल में यूं चमके सितारे!
भारत तीनों ही इन बड़े इवेंट में बॉक्सिंग में दुनिया के सभी देशों से आगे रहा. बड़ी बात ये भी रही कि यूथ ओलिंपिक्स के दोनों ही गोल्ड बॉक्सर्स ने ही जीते. यानी कॉमनवेल्थ गेम्स में चौथे (4/ 74), एशियाड में चौथे (4/ 45) और यूथ ओलिंपिक गेम्स में 21वें (21/207) नंबर पर रहा.
भारत के लिए पश्चिम अफ़्रीकी देश सेनेगल की राजधानी डकार में 31 अक्टूबर से 13 नवंबर तक हुए यूथ ओलिंपिक गेम्स कमाल के और ऐतिहासिक साबित हुए. भारत के 17 खिलाड़ियों की छोटी टीम ने 2 गोल्ड, 3 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज़ समेत 10 मेडल जीते और इतिहास कायम कर दिया.
यह भी पढ़ें- 'पाकिस्तान को हराकर इतना जोश क्यों? ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड से भिड़ो,' भारत की जीत पर बोले संजय मांजरेकर
यह भी पढ़ें- प्लेयर ऑफ द मैच अर्शदीप ने बताया सफलता का सीक्रेट, पार्टनर को लेकर कही दिल छू लेने वाली बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं