न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी वनडे में 3 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच बने अर्शदीप सिंह ने भारत की सीरीज जीत के बाद अपनी सफलता का श्रेय अपनी पार्टनर को भी दिया. भारत ने 22 रन से मैच जीतकर वनडे सीरीज 3-1 से अपने नाम की, जबकि अर्शदीप ने गेंद से कमाल दिखाने के साथ बल्लेबाजी में भी अहम रन जोड़कर टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई.
दरअसल, न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम वनडे में भारत की जीत के सबसे बड़े नायकों में से एक अर्शदीप सिंह रहे. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 3 विकेट लेकर कीवी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी और प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड अपने नाम किया. भारत ने यह मुकाबला 22 रन से जीतने के साथ सीरीज भी 3-1 से अपने नाम कर ली.
मैच के बाद अर्शदीप सिंह ने अपनी बल्लेबाजी को लेकर मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें बल्लेबाजी बहुत पसंद है, भले ही उन्हें नंबर 11 पर उतरना पड़े. उन्होंने बताया कि मोहम्मद सिराज लगातार कह रहे थे कि लोअर ऑर्डर के रन बेहद अहम साबित होंगे. दोनों ने मिलकर जो 28 रन जोड़े, वही बाद में मैच का निर्णायक अंतर बने.
अर्शदीप ने कहा कि टीम ने पूरे मैच में अनुशासित गेंदबाजी की और परिस्थितियां पक्ष में नहीं होने के बावजूद लगातार दबाव बनाए रखा. उन्होंने माना कि 200 रन का आंकड़ा पार करना टीम के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव था, जिसने ड्रेसिंग रूम में विश्वास बढ़ाया.
मेरी सफलता का श्रेय मेरी पार्टनर को भी जाता है
हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा उनके उस बयान की हो रही है, जिसमें उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी पार्टनर को दिया. अर्शदीप ने कहा कि, 'भगवान मेरे ऊपर बहुत मेहरबान रहे हैं. मेरी सफलता का श्रेय मेरी पार्टनर को भी जाता है. उन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया और मेरा समर्थन किया.' अर्शदीप के इस बयान ने सोशल मीडिया पर भी फैंस का ध्यान खींचा है. मैदान पर शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय तेज गेंदबाज ने यह दिखाया कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे परिवार और करीबियों का समर्थन कितना महत्वपूर्ण होता है.
यह भी पढ़ें- IND vs NZ Score, 5th ODI: न्यूजीलैंड का घर में टूटा घमंड, भारत ने 3-1 से जीतकर तोड़ दिया अजेय रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं