विज्ञापन

हनीट्रैप में महक, कैसे गई बहक; पाकिस्तान के मूसा और शाह ने रोमांटिक बातों से कैसे बना दिया 'आतंकी'

पंजाब की महकदीप कौर को पाकिस्तान के मूसा और शाह ने हनीट्रैप के जाल में फंसाकर आतंकी बना दिया. जिसे गुरुदासपुर से गिरफ्तार किया गया है, श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में महकदीप कौर मुख्य आरोपी मानी गई है.

पंजाब की महकदीप कौर कैसे आतंकियों के हनीट्रैप में फंसी (फोटो:NDTV)
  • राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में महकदीप कौर को आतंकियों ने हनीट्रैप करके शामिल किया था.
  • महकदीप कौर अपने पति से अलग होकर लिवइन रिलेशन में थी और आर्थिक तथा भावनात्मक रूप से कमजोर थी.
  • ISI के हैंडलर मूसा और शाह ने सोशल मीडिया के माध्यम से महकदीप को प्यार का जाल फंसाकर ब्लास्ट करवाया.

हनीट्रैप. इस एक शब्द का नाम सुनते ही आपके जेहन में किसी महिला द्वारा पुरुष को फंसाने की बात आएगी. लेकिन राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट की कहानी एकदम उलटी है और पुरुषों द्वारा महिला को हनीट्रैप किए जाने की है. इस मामले ने युद्ध और खुफिया रणनीति के जानकारों को भी हैरान कर दिया है. यह मामला रिवर्स हनीट्रैप का है, जिसमें पाकिस्तान में बैठे आईएसआई के दो हैंडलर्स मूसा और शाह के हनीट्रैप वाले जाल में महक फंसकर बहक जाती है. पाकिस्तान में बैठे आतंकियों ने गुरुदासपुर की 21 साल की महकदीप कौर को अपने प्यार के जाल में फंसा लिया और उससे ही ब्लास्ट करवा दिया. महकदीप अपने पति से अलग हो चुकी थी और दविंदर सिंह के साथ लिवइन रिलेशन में थी, जिसे पाकिस्तान के मूसा और शाह ने टारगेट किया और उससे श्रीगंगानगर में ब्लास्ट को अंजाम दिलवाया.

कैसे हनीट्रैप के जाल में फंसी महकदीप कौर

एटीएस ने महकदीप कौर पंजाब के गुरदासपुर से उसके साथी दविंदर सिंह के साथ गिरफ्तार किया है. वह दोस्तपुर गांव की रहने वाली है, जबकि दविंदर सिंह चौड़ा कलां गांव का रहने वाला है. दोनों लंबे समय से लिव-इन रिलेशनशिप में थे, दोनों ही मिलकर 3 नवंबर को श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक  में ब्लास्ट किया था. पुलिस ने बताया कि महकदीप अपने पति से अलग होकर रह रही थी, उसका पति नशा तस्करी के आरोप में जेल में बंद है. महकदीप अकेली थी, आर्थिक तंगी से जूझ रही थी और भावनात्मक रूप से कमजोर थी. आईएसआई इसी तरह की महिलाओं को निशाना बनाते हैं, उन्होंने महक की इसी इसी कमजोरी को पकड़ लिया. पुलिस के मुताबिक महकदीप पाकिस्तान के 2 हैंडलरों के संपर्क में थी, एक का नाम 'चाचा' और दूसरे का नाम 'शाह' बताया जा रहा है. इन दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए महकदीप से संपर्क किया. 

पहले दोनों ने महक से लंबी-लंबी बातें की और उसे अपने प्यार के जाल में पूरी तरह से फंसा लिया. इस दौरान दोनों ने महक की जरूरतों का भी पूरा ध्यान रखा. उसे लगातार पैसा ट्रांसफर किया गया. जब महक पैसों के दवाब में आ गई तो आतंकियों ने उस पर दवाब बनाना शुरू कर दिया. महक के कई सबूत आतंकियों ने जुटा लिए थे, ऐसे में वह पूरी तरह से उनके जाल में फंस गई और उसने श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट कर दिया. 

आईएसआई का उलटा हनीट्रैप पैटर्न

आईएसआई के हैंडलर ऐसी महिलाओं को चुनते हैं जो अकेली हों, पति से अलग रह रही हों, तलाकशुदा हों, विधवा हों या आर्थिक तंगी से जूझ रही हों. महकदीप भी इसी कैटेगरी में थी. 
जहां हैंडलर पहले दोस्त बनते हैं, फिर धीरे-धीरे रोमांटिक बातें शुरू करते हैं. प्यार, शादी, बेहतर जिंदगी का सपना दिखाते हैं. महकदीप को भी 'शाह' और 'चाचा' ने इसी तरह प्यार भरी बातों में उलझाया. पुलिस का कहना है कि घंटों चैटिंग, वीडियो कॉल और इमोशनल सपोर्ट के जरिए भरोसा जीता गया.भरोसा जीतने के बाद पैसों की मदद शुरू होती है, महकदीप के बैंक खाते में पाकिस्तान से पैसे भेजे गए. जांच में पता चला है कि ब्लास्ट के लिए भी उसे अलग से पैसे मिले थे. गिरफ्तारी के वक्त उसके पास से 30 हजार रुपये नकद, 2 पिस्टल और 46 कारतूस बरामद हुए. ये हथियार भी पाकिस्तान से ही सप्लाई किए गए थे. 

सबसे पहले छोटी-छोटी जानकारियां मांगी जाती हैं, जैसे आसपास के रेलवे स्टेशन, आर्मी मूवमेंट, पुलिस चेकिंग की जानकारी। जब महिला पूरी तरह भरोसे में आ जाती है, तो उसे रेकी और ब्लास्ट जैसे बड़े काम सौंप दिए जाते हैं. एक बार महिला फंस जाती है, तो उसके चैट, फोटो, वीडियो और पैसे लेने के सबूत के जरिए उसे ब्लैकमेल किया जाता है. मना करने पर पकड़वाने की धमकी दी जाती है, महकदीप के साथ भी यही हुआ.

क्यों उल्टा है यह हनीट्रैप?

हनीट्रैप से जुड़े मामलों में आम तौर पर कोई खूबसूरत महिला पुरुषों को फंसाकर उनसे जानकारी निकलवा लेती हैं. लेकिन श्रीगंगानगर केस में कहानी उल्टी है. यहां फंसाने वाला पुरुष है और फंसने वाली महिला है, यहां महिला से सीक्रेट नहीं निकलवाया गया, बल्कि महिला को ही एक्टिव ऑपरेटर बना दिया गया. उसे ही हथियार दिए गए, पैसे दिए गए और ब्लास्ट करने के लिए भेज दिया गया. यानी महिला अब सिर्फ सूचना देने वाली नहीं, बल्कि हमला करने वाली बन गई है. यही इस नए ट्रेंड को सबसे खतरनाक बनाता है. जिसका उदाहरण महकदीप कौर है. 

कैसे पकड़ी गई महकदीप कौर

दरअसल, श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट केस के बाद श्रीविजयनगर और रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में करीब 150 संदिग्ध लोगों से पूछताछ की, करीब 81 लाख मोबाइल नंबरों और इंटरनेट कॉलिंग का डेटा खंगाला गया. जांच में पता चला कि आरोपी वारदात से पहले 2 बार श्रीगंगानगर आकर रेकी कर चुके थे, वे बठिंडा से टैक्सी से विजयनगर आए और एमआर होटल में ठहरे थे. स्थानीय स्तर पर 3 लोगों ने उन्हें होटल, बाइक और ट्रैक तक पहुंचाने में मदद की. पुलिस ने उन 3 सहयोगियों को भी राउंडअप किया है. 14 नवंबर को राजस्थान ATS के ADG दिनेश एमएन के नेतृत्व में टीम गुरदासपुर पहुंची और गुरदासपुर एसपी आदित्य की टीम के साथ मिलकर दोनों को गिरफ्तार कर श्रीगंगानगर लाया गया.

अब पुलिस महकदीप कौर से पूरी जानकारी जुटा रही है, कैसे हनीट्रैप के मामले में वह फंसी है, मूसा और शाह नाम के आतंकियों से उसकी पहचान कैसे हुई है, कैसे बातचीत आगे बढ़ी और यह तार कहा तक फैले हुए हैं. ऐसे में महकदीप कौर से अहम जानकारियां मिल सकती है. 

ये भी पढे़ंः श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में पाकिस्तान और हनीट्रैप कनेक्शन, आतंकियों ने महिला को फंसाया, ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sriganganagar, Sriganganagar Railway Track Blast, Honeytrap Case, ISI News, Gurdaspur Punjab
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com