आईआईटी बॉम्बे के एक ऐसे छात्र, जिसकी कलम ने आखिरकार उसकी इंजीनियरिंग की डिग्री से कहीं लंबा सफर तय किया. नितेश तिवारी का फिल्मों की दुनिया तक पहुंचने का सफर किसी फिल्म स्कूल से नहीं, बल्कि हॉस्टल नंबर 4 से शुरू हुआ था. किताबों, थिएटर और अभिनय में दिलचस्पी रखने वाले नितेश को देश के जाने-माने इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट में पढ़ाई के दौरान ही एहसास हो गया था कि उनका इंट्रे्स्ट इंजीनियरिंग से कहीं आगे है. आज 'दंगल', 'छिछोरे' और चर्चा में बनी हुई फिल्म 'रामायण' के डायरेक्टर नितेश तिवारी हिंदी सिनेमा के जाने-माने नामों में शामिल हैं. लेकिन भारतीय महाकाव्य रामायण को बड़े पर्दे पर लाने की जिम्मेदारी संभालने से पहले वो आईआईटी के एक ऐसे स्टूडेंट थे, जो कॉलेज के मंच पर कहानियां लिखने और कलाकारों को निर्देशित करने की कला को सीख रहे थे.
नितेश तिवारी को आईआईटी में हुआ अपने इंट्रेस्ट का एहसास
नितेश तिवारी ने साल 1996 में आईआईटी बॉम्बे से मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी. हालांकि, इंस्टीट्यूट से उनका लगाव सिर्फ पढ़ाई और परीक्षाओं तक सीमित नहीं था. साल 2019 में मुंबई मिरर को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि जब वो पहली बार आईआईटी पहुंचे और हॉस्टल नंबर 4 में रहने लगे, तो उनके मन में भी दूसरे नए स्टूडेंट्स की तरह कई तरह के सवाल थे. लेकिन जल्द ही उन्हें समझ आ गया कि इंजीनियरिंग कॉलेज की जिंदगी वैसी नहीं है, जैसी उन्होंने सोची थी.
हॉस्टल में उन्हें दोस्त मिले, खूब मस्ती हुई और इन्हीं सबके बीच उन्हें अपनी क्रिएटिव स्किल को पहचानने का मौका भी मिला. नितेश ने बताया था कि उनके सीनियर्स ने उनकी माइम (बिना बोले एक्टिंग करने की कला) की प्रतिभा को पहचाना और उन्हें दूसरे कॉलेजों के कल्चरल प्रोग्रॉम्स में पार्ट लेने के लिए मोटिवेट किया. इनमें आईआईटी बॉम्बे का फेमस कल्चरल फेस्टिवल मूड इंडिगो भी शामिल था. कॉलेज के दूसरे और तीसरे साल में उन्होंने स्किट यानी छोटे नाटकों के लिए कहानियां लिखना शुरू कर दिया था. उनके शुरुआती प्रयोगों में एक हॉरर-कॉमेडी भी थी, जिसकी कहानी भूतों और एक डरावने घर के इर्द-गिर्द घूमती थी.
कॉलेज का परफॉर्मिंग आर्ट्स फेस्टिवल (PAF) भी उनके लिए थिएटर से जुड़ने का बड़ा मौका बना. इस प्रोग्रॉम में अलग-अलग हॉस्टल के स्टूडेंट्स के बीच कॉम्पटीशन होता था. आखिरी साल में नितेश ने 'ए टच ऑफ एविल' नाम का एक म्यूजिकल नाटक को डायरेक्ट किया था. इसकी कहानी दो जादूगरों और उनके बीच फंसे एक प्रेमी जोड़े पर बेस्ड थी. इस नाटक ने पीएएफ की प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम की थी.
क्रिकेट से लेकर थिएटर तक, हर जगह आगे रहे नितेश
नितेश की दिलचस्पी सिर्फ एक्टिंग और कहानियां लिखने तक सीमित नहीं थी. वो अपने हॉस्टल की क्रिकेट टीम के कप्तान भी थे. इसके अलावा फुटबॉल, वॉलीबॉल और हॉकी जैसे खेलों में भी हिस्सा लेते थे. उन्होंने 4x100 मीटर रिले रेस में भी पार्टिसिपेट किया था. खेलों में अच्छा पफॉर्म करने के लिए उन्हें 'स्पोर्ट्समैन ऑफ द ईयर' का खिताब मिला था. साल 1996 में उन्हें इंस्टीट्यूट का 'स्क्रॉल ऑफ ऑनर' भी मिला. नितेश के मुताबिक, यह ऑनर पिछले 17 साल से किसी को नहीं दिया गया था.
इसी दौरान उनके अंदर कहानी लिखने को लेकर के इंट्रेस्ट बढ़ने लगा था. पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कुछ समय तक एक सॉफ्टवेयर कंपनी में काम किया और फिर एडवरटाइजमेंट की दुनिया में कदम रखा. आईआईटी बॉम्बे की एलुमनाई प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने एडवरटाइजिंग इंडस्ट्री में करीब 18 साल काम किया. इस दौरान वो एफसीबी उल्का, लोवे लिंटास और लियो बर्नेट जैसी कंपनियों से जुड़े रहे. आगे चलकर वो मुंबई में लियो बर्नेट के चीफ क्रिएटिव ऑफिसर भी बने.
'चिल्लर पार्टी' से शुरू हुआ फिल्मों का सफर, अब 'रामायण' की जिम्मेदारी
एडवरटाइजमेंट की दुनिया में काम करने के बावजूद नितेश का मन फिल्मों और कहानियों में ही लगा रहा. साल 2011 में उन्होंने फिल्म 'चिल्लर पार्टी' से बतौर डायरेक्टर अपनी जर्नी शुरू की. इस फिल्म को बेस्ट चिल्ड्रन्स फिल्म का नेशनल अवॉर्ड मिला था. इसके बाद उन्होंने 'भूतनाथ रिटर्न्स', 'दंगल' और 'छिछोरे' जैसी फिल्मों का डायरेक्शन किया. इसके अलावा वो 'निल बटे सन्नाटा' और 'बरेली की बर्फी' जैसी फिल्मों को लिखने की प्रोसेस से भी जुड़े रहे.
अब नितेश तिवारी की दो पार्ट में बनने वाली फिल्म 'रामायण' के जरिए एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक भव्य कहानी पेश करने की तैयारी में हैं. इस प्रोजेक्ट का कुल बजट 4000 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया जा रहा है. Wriपीछे मुड़कर देखें तो आईआईटी बॉम्बे नितेश के लिए सिर्फ इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने की जगह नहीं था. यहीं उन्होंने कहानियां लिखने का आनंद समझा, कलाकारों को निर्देशित करना सीखा और अपने मन की बात को पहचानने का आत्मविश्वास पाया. हॉस्टल नंबर 4 में रहने वाला वह छात्र भले ही मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने आया था, लेकिन यहां से निकलते वक्त उसके पास एक ऐसा हुनर था, जो किसी इंजीनियरिंग के कोर्स में नहीं सिखाया जाता- कहानियां सुनाने और उन्हें पर्दे पर उन्हें दिखाने का हुनर.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं