विज्ञापन

'उन्होंने भी मैच के बाद...,' पाकिस्तान के खिलाफ जीत के जश्न पर मोहित उल्वा ने तोड़ी चुप्पी

अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ यादगार जीत दिलाने वाले भारत के युवा ऑलराउंडर मोहित उल्वा ने मैच के बाद हुए आक्रामक जश्न पर अपनी चुप्पी तोड़ी है.

'उन्होंने भी मैच के बाद...,' पाकिस्तान के खिलाफ जीत के जश्न पर मोहित उल्वा ने तोड़ी चुप्पी
मोहित उल्वा ने कहा कि जश्न का पाकिस्तान से कोई लेना-देना नहीं था.
NDTV

अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ यादगार जीत दिलाने वाले भारत के युवा ऑलराउंडर मोहित उल्वा ने मैच के बाद हुए आक्रामक जश्न पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. मोहित ने साफ कहा कि भारतीय खिलाड़ियों का जश्न पाकिस्तान को नीचा दिखाने के लिए नहीं था, बल्कि वह अपनी टीम की शानदार जीत की खुशी मना रहे थे. भारत ने रोमांचक फाइनल में पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था.

फाइनल में 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन की मैच जिताऊ पारी खेलने वाले मोहित उल्वा ने कहा कि भारत-पाकिस्तान मुकाबला और ऊपर से फाइनल होने के कारण भावनाएं स्वाभाविक रूप से ज्यादा थीं. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने लीग स्टेज में भारत को हराने के बाद जिस तरह जश्न मनाया था, उसे भी भारतीय खिलाड़ियों ने कभी व्यक्तिगत तौर पर नहीं लिया.

मोहित ने कहा, 'यह बिल्कुल स्वाभाविक था. यह भारत-पाकिस्तान का मैच था और ऊपर से फाइनल भी. उन्होंने लीग मैच जीतने के बाद जश्न मनाया था. हम उसे व्यक्तिगत तौर पर नहीं ले रहे थे. हम सोच रहे थे कि वे अपनी जीत का जश्न मना रहे हैं. हमने भी वही किया. हम अपनी जीत का जश्न मना रहे थे. उसमें भावनाएं थीं, आक्रामकता थी, लेकिन हमने कुछ भी ऐसा नहीं किया जो उन्हें दिखाने के लिए हो.'

मोहित और मनल ने पलट दी हारी हुई बाजी

अल अमेरात में खेले गए फाइनल में भारत की स्थिति एक समय बेहद मुश्किल दिखाई दे रही थी. 338 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए रन गति लगातार बढ़ रही थी और भारतीय टीम दबाव में थी. ऐसे समय में मनल चौहान और मोहित उल्वा ने कमाल कर दिया. दोनों बल्लेबाजों ने सिर्फ 35 गेंदों में 57 रन की साझेदारी कर भारत को मुकाबले में बनाए रखा. मनाल चौहान ने 32 गेंदों पर 47 रन बनाए, जबकि मोहिट ने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच भारत की झोली में डाल दिया.

आखिरी गेंद पर जड़ा था विजयी चौका

भारत को जीत के लिए अंतिम गेंद पर तीन रन चाहिए थे. ऐसे दबाव भरे क्षण में मोहिट क्रीज से बाहर निकले और एक्स्ट्रा कवर की दिशा में शानदार शॉट लगाकर गेंद को बाउंड्री के बाहर पहुंचा दिया. इसी चौके के साथ भारत ने एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज कर ली. मोहित ने उस पल को याद करते हुए कहा कि उन्हें कुछ समय तक यकीन ही नहीं हुआ कि उन्होंने मैच खत्म कर दिया है. उन्होंने कहा, 'मुझे विश्वास नहीं हो रहा था कि मैंने वास्तव में मैच खत्म कर दिया है. मुझे समझने में थोड़ा समय लगा कि हमने जीत हासिल कर ली है. उसके बाद मैंने जश्न मनाना शुरू किया.'

BCCI सचिव ने भी किया खिलाड़ियों का बचाव

मैच के बाद जश्न को लेकर उठी चर्चाओं पर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भी खिलाड़ियों का समर्थन किया. उनका मानना है कि इतने बड़े मुकाबले में भावनाओं का उफान आना स्वाभाविक है. सैकिया ने कहा कि यह टीम के जज्बे और लड़ने की क्षमता को दिखाता है. उनके अनुसार एक समय ऐसा लग रहा था कि मैच भारत के हाथ से निकल चुका है, लेकिन टीम ने हार नहीं मानी और असंभव लग रही जीत हासिल की. ऐसे में खिलाड़ियों को अपनी सफलता का जश्न मनाने का पूरा अधिकार है.

सालों तक याद रखा जाएगा यह फाइनल

भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया यह फाइनल अंडर-19 एशिया कप के इतिहास के सबसे रोमांचक मुकाबलों में गिना जाएगा. एक समय पूरी तरह पाकिस्तान की तरफ झुका मैच आखिरी ओवर तक पहुंचा और अंत में मोहित उल्वा के बल्ले से निकले विजयी चौके ने भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को जश्न का मौका दे दिया. भारत की यह जीत सिर्फ एक खिताब नहीं, बल्कि युवा खिलाड़ियों के 'नेवर से डाई' जज्बे की भी शानदार मिसाल बन गई.

यह भी पढ़ें-  रोहित शर्मा की खामोशी ने खींचा फैंस का ध्यान, राजीव शुक्ला से बातचीत की तस्वीर वायरल

यह भी पढ़ें-  प्लेयर ऑफ द मैच अर्शदीप ने बताया सफलता का सीक्रेट, पार्टनर को लेकर कही दिल छू लेने वाली बात

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India U19, Pakistan U19, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com