विज्ञापन

UP में साजिश बेनकाब! खंडहर में बन रहे थे अवैध हथियार, इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर से होती थी डील

उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस ने एक खंडहर के भीतर संचालित अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं.

UP में साजिश बेनकाब! खंडहर में बन रहे थे अवैध हथियार, इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर से होती थी डील
अवैध हथियार बनाने वाली एक फैक्ट्री का पर्दाफाश
NDTV
  • बरेली में पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया.
  • गिरफ्तार आरोपियों में सुखराज सिंह का पाकिस्तान के हैंडलर अजमल गुर्जर से सोशल मीडिया पर संपर्क मिला है.
  • छापेमारी में अवैध असलहे, कारतूस, हथियार बनाने की मशीनें और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं.

उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली एक फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है. बहेड़ी क्षेत्र में सड़क किनारे स्थित एक खंडहर के भीतर गुप्त रूप से असलहे तैयार किए जा रहे थे. एसओजी और बहेड़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा एक आरोपी के पाकिस्तानी हैंडलर से कथित संपर्क का हुआ है.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में शामिल सुखराज सिंह सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान के अजमल गुर्जर के संपर्क में था. उसके मोबाइल फोन से हथियारों की सप्लाई को लेकर हुई बातचीत के डिजिटल साक्ष्य मिले हैं. रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसएसपी अनुराग आर्य ने इस पूरी कार्रवाई का खुलासा किया. पुलिस को जिले में अवैध हथियार निर्माण और उनकी सप्लाई को लेकर लगातार गोपनीय सूचनाएं मिल रही थीं. इसके बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने एसओजी और स्थानीय पुलिस को जांच के निर्देश दिए थे. शनिवार देर रात एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा और बहेड़ी पुलिस को सूचना मिली कि बरेली-बहेड़ी मार्ग पर गन्ना उत्पादक महाविद्यालय के पास स्थित एक खंडहर में अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं.

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बहेड़ी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी. रात करीब 1:35 बजे छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां मौजूद चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके दो साथी मौके से फरार हो गए. जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी सुखराज सिंह के मोबाइल से पाकिस्तानी नागरिक अजमल गुर्जर से संपर्क के प्रमाण मिले. पुलिस के मुताबिक, दोनों की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. इसके बाद इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप पर कथित रूप से हथियारों की सप्लाई को लेकर बातचीत हुई. हालांकि मोबाइल में कई चैट डिलीट भी मिली हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस संपर्क का उद्देश्य क्या था और कहीं इसका संबंध किसी बड़े हथियार तस्करी नेटवर्क से तो नहीं है.

गिरफ्तार आरोपियों में बहेड़ी के सिकपुरा भोजपुर जोगीठेर निवासी सुखराज सिंह (19), पचपेड़ा निवासी शानू मियां (29), रामपुर के बिलासपुर क्षेत्र के स्वालेनगर निवासी जीवनदीप सिंह (24) और पीलीभीत के माधोटांडा क्षेत्र के मैनाकोट निवासी जसनूर सिंह (30) शामिल हैं. पूछताछ के दौरान हथियार तस्करी के पुराने आरोपी इशरत पहलवान का नाम भी सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, फरार दोनों आरोपी इशरत पहलवान से जुड़े हुए हैं. इशरत पहले भी हथियार तस्करी के मामले में जेल जा चुका है. गिरफ्तार आरोपियों ने उससे असलहे प्राप्त करने की बात भी स्वीकार की है. अब पुलिस इशरत पहलवान, फरार आरोपियों और पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, 9 एमएम की एक अवैध पिस्टल और .315 बोर की एक रायफल बरामद की है. इसके अलावा 12 बोर की दो अधबनी लोहे की नाल, शिकंजा मशीन तथा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं. पुलिस ने चार मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में लिए हैं.

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मामले में बहेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है. उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. अब जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि खंडहर में तैयार किए जा रहे हथियार किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे और पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क रखने वाले आरोपी की इस पूरे नेटवर्क में क्या भूमिका थी. मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच के बाद ही इस पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी.

ये भी पढ़ें : आगरा से अखिलेश का ओवैसी पर पलटवार, बोले- किसी और के माइक का लाउडस्पीकर बन रहे हैं ये लोग

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Illegal Arms Factory
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com