विज्ञापन

‘हारी’ सुरुचि ने वीडियो कॉल पर गाय को देखकर बढ़ाया हौसला, कृष्ण और गाय की पूजा कर जीता गोल्ड- मां ने बताया

सुरुचि 10 मीटर एयर पिस्टल महिला टीम का हिस्सा थीं, जिसमें भारत को हार का सामना करना पड़ा. इसका सुरुचि ने जबरदस्त वापसी कर गोल्ड अपने नाम किया.

सुरुचि-कमलजीत ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम का गोल्ड जीता है.

जापान एशियाड में भारत की हालत कुछ वैसी ही नज़र आ रही है जैसे 2006 के दोहा एशियाई खेलों में शुरुआत में दिख रही थी. भारतीय शूटिंग टीम से तब भी बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही थीं. फिर आख़िर में स्टार शूटर जसपाल राणा ने लगातार 3 गोल्ड जीतकर भारतीय कैंप की फ़िज़ा बदल दी. एक्सपर्ट्स इस बार भी भारतीय शूटर्स से वैसी ही उम्मीद कर रहे हैं. जापान एशियाड में भारतीय शूटर्स को लेकर शुरुआत में मायूसी का माहौल बनने लगा था. 10 मीटर एयर पिस्टल में मनु भाकर-ईशा सिंह और सुरुचि के हार के बाद भारतीय शूटर्स से फ़ैन्स निराश हो गए थे. सोशल मीडिया पर भारतीय शूटर्स ट्रोल भी किये गये. लेकिन हरियाणा के झज्जर ज़िले के सासरौला में सुरुचि की मां ने हौसला नहीं खोया.

‘शूटिंग छोड़ने की सोच रहा था'

NDTV की संवाददाता रिका रॉय से नागोया, जापान में बात करती हुई सुरुचि कहती हैं,"गूंगा पहलवान मेरे ताऊजी हैं. मैं उनकी तरह मेडल जीतना चाहती हूं." NDTV की संवाददाता रिका रॉय से कमलजीत कहते हैं,"2026 में मैंने पैसे की तंगी की वजह से शूटिंग छोड़ने का फ़ैसला कर लिया था. मैं घर का बड़ा लड़का हूं. केवल शूटिंग से घर नहीं चल सकता. लेकिन इस मेडल के बाद मैं बेहद खुश हूं और मेरी सोच बदल गई है."

मां ने ऐसे बढ़ाया सुरुचि का हौसला

10 मीटर एयर पिस्टल महिला टीम की सदस्य सुरुचि भी पहली हार के बाद भावुक हो गईं. उन्हें बुखार भी हो गया. लेकिन सुरुचि ने पहली हार के बाद अपनी मां से बात की और उनकी मां सुदेश देवी ने उनका हौसला टूटने नहीं होने से बचा लिया. फिर सुरुचि ने मां से वीडियो कॉल पर अपनी तीन गायों को दिखाने को कहा और मानसिक तौर पर खुद को बेहतर महसूस करने लगीं.

‘आज ज़रूर मेडल लाकर दूंगी'

10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड इवेंट के दिन, शुक्रवार को सुरुचि का मां ने 4 बजे सुबह से ही गायों की पूजा की. पूरा परिवार सासरौला में मंदिर में श्याम भगवान की पूजा करता रहा. सुरुचि ने जाने से पहले ही अपनी मां से कहा कि वो आज ठीक हैं और ज़रूर मेडल लाकर देंगी. NDTV से बात करती हुई सुरुचि की मां कहती हैं,"उस दिन मेरी बेटी इमेशनल थी और बीमार भी हो गई थी. लेकिन आज सुबह उठी तो उसने मुझे फ़ोन कर कहा कि मां आज मैं ज़रूर मेडल जीतकर दूंगी." 

Latest and Breaking News on NDTV

क्वालिफ़िकेशन में टॉप पर रही कमलजीत-सुरुचि की जोड़ी

आइचि-नागोया में डबल ओलिंपिक चैंपियन मनु भाकर और ईशा सिंह जैसे बड़े नामों के 10 मीटर एयर पिस्टल में चूक जाने के बाद झज्जर के सासरौला की 20 साल की सुरुचि इंदर सिंह और रेवाड़ी के 23 साल के कमलजीत सिंह ने ज़बरदस्त वापसी करते हुए गोल्ड पर निशाना साध लिया. 

कमलजीत-सुरुचि की जोड़ी ने 587 के स्कोर के साथ टॉप करते हुए फ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई किया. और बड़ी बात ये है कि फ़ाइनल में क्लीन स्लेट के साथ स्टार्ट करते हुए भी इस जोड़ी ने अपना मोमेंटम नहीं खोया.  कमलजीत और सुरुचि ने 484.6 के टोटल स्कोर के साथ गोल्ड जीता जबकि द.कोरिया के सुहेयॉन हॉन्ग और गाएयुन चु की जोड़ी ने 6.6 अंक कम स्कोर के साथ सिल्वर और ईरान ने 415.8 अंकों के साथ ब्रॉन्ज़ जीता. 

50 मीटर राइफ़ल 3 पोज़ीशन में सिल्वर

50 मीटर राइफ़ल 3 पोज़ीशन में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर (589), रुद्रांक्ष पाटिल और नीरज कुमार (588) की तिकड़ी ने 1762 अंकों के साथ सिल्वर मेडल पर कब्ज़ा कर लिया. चीन ने 1766 अंकों के साथ गोल्ड और द.कोरिया ने 1751 अंकों के साथ ब्रॉन्ज़ जीता. 

अब भी ऐसे जीत सकते हैं 2022 एशियाड जितने गोल्ड

भारतीय शूटर्स ने इस बार अबतक 1 गोल्ड, 5 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज़ समेत कुल 10 पदक जीते हैं. पिछली दफ़ा 2022 के हांगझोऊ एशियाड में 7 गोल्ड समेत 22 पदक जीते थे. इंडियन शूटिंग डॉट कॉम के फाउंडर और पूर्व इंटरनेशनल शूटर शिमोन शेरीफ़ NDTV से कहते हैं,"10 मीटर एयर पिस्टल भारत का सबसे लोकप्रिय शटिंग इवेंट है. यहां हम कोई मेडल नहीं जीत सके जिसमें मनु भाकर ने पेरिस ओलिंपिक में दो ब्रॉन्ज़ मेडल जीते थे. यहां ज़रूर मायूसी हुई. हम महिलाओं में इस इवेंट में डिफेंडिंग चैंपियन (पलक गुलिया का गोल्ड, ईशा सिंह का सिल्वर) भी रहे हैं. लेकिन अभी कहानी ख़त्म नहीं हुई है."

अभिनव बिंद्रा के साथ शूटिंग में पोडियम शेयर करनेवाले इंटरनेशनल शूटर शिमोन शेरीफ़ कहते हैं,"अभी महिलाओं का 50 मी राइफ़ल 3 पोज़ीशन बाक़ी है. इसमें पिछली बार सिफ़्ट कौर सामरा ने गोल्ड जीता था. हम इसके डिफेंडिंग चैंपियन हैं. इस बार आर्शि चौकसी से उम्मीद है. इसके अलावा ट्रैप में पुरुष और महिला शूटर्स, मिक्स्ड ट्रैप, पिस्टल में अनीश भानवाला का रैपिड फ़ायर बाक़ी है. मनु भाकर, ईशा सिंह और राही सर्नोबत से से 25 मीटर पिस्टल में पदकों की उम्मीद रहेगी. अगर शूटर्स ने अपने लेवल पर शूट किया तो हम अब भी पिछले बार जितने गोल्ड मेडल जीत सकते हैं."

यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: अगर 10.09 सेकेंड फिर दौड़े गुरिंदरवीर, क्या 48 साल बाद भारत को मिलेगा 100 मीटर का मेडल?

यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: कमलजीत-सुरुचि की जोड़ी ने रचा इतिहास, 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम में गोल्ड पर कब्जा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Asian Games 2026, Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com