एशियन गेम्स में शुक्रवार को एशियाई खेलों में भारतीय निशानेबाज कमलजीत और सुरुचि सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता. अपने-अपने व्यक्तिगत इवेंट्स में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद उन्होंने जबरदस्त वापसी की. कमलजीत और सुरुचि ने फाइनल में कुल 484.6 का स्कोर किया. यह स्कोर वर्ल्ड रिकॉर्ड से बस चार पॉइंट कम था.
भारतीय जोड़ी ने शुरुआत में ही बढ़त बना ली और पूरे फाइनल के दौरान शानदार निरंतरता बनाए रखी. हालांकि साउथ कोरिया ने बाद में दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन सुरुचि और कमलजीत ने मज़बूती से खेलते हुए 6.6 पॉइंट्स के बड़े अंतर से जीत हासिल की. दूसरे स्थान पर दक्षिण कोरिया की सुह्योन होंग और गाउन चू (478.0) रहीं. फाइनल राउंड में भारतीय जोड़ी का दबदबा साफ दिखा. इस इवेंट में ईरान ने 415.8 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज़ मेडल जीता.
🏆🥹 SURUCHI & KAMALJEET ARE ASIAN GAMES CHAMPIONS! 🇮🇳
Suruchi Inder Singh & Kamaljeet shot 484.6 to win the Gold Medal in 10m Pistol mix team and set a NEW GAMES RECORD at the Asian Games 2026! 🇮🇳🔥
🥇 Gold — India
🎯 Score: 484.6
📈 New Asian Games Record2nd Gold for India pic.twitter.com/5bi3RNEidV
— Sports India (@SportsIndia3) September 25, 2026
इससे पहले, कमलजीत और सुरुचि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वालिफ़िकेशन राउंड में टॉप किया और फ़ाइनल में जगह बनाई. शुरुआती सीरीज में 196 का स्कोर करने के बाद, भारतीय जोड़ी ने दूसरी सीरीज में 195 अंक हासिल किए और कुल स्कोर 391 तक पहुंचाया, जिससे वे फाइनल में पहुंचने की स्थिति में आ गए. तब केवल 20 शॉट्स बाकी थे. तीसरी सीरीज में उन्होंने 196 अंक और जोड़े, जिससे उनका कुल स्कोर 587 हो गया, जिसमें 29 'इनर 10' शामिल थे.
अब तक निराशाजनक प्रदर्शन के बाद, 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट्स में मेडल जीतने का यह भारत के लिए आखिरी मौका था. व्यक्तिगत क्वालिफ़िकेशन में कमलजीत नौवें और सुरुचि 26वें स्थान पर रहीं, और कोई भी व्यक्तिगत फ़ाइनल में नहीं पहुंच सका. भारत पुरुष और महिला टीम इवेंट्स में भी मेडल जीतने से चूक गया. बता दें, यह एशियन गेम्स में भारत का शूटिंग में आया 10 पदक है. भारत ने अभी तक शूटिंग में अलग-अलग इवेंट में एक गोल्ड, पांच सिल्वर और चार ब्रॉन्ज जीते हैं.
कमलजीत: ट्रैक-एंड-फील्ड से शूटिंग तक
हरियाणा के रेवाड़ी ज़िले के सुल्खा गांव के रहने वाले कमलजीत पहले ट्रैक-एंड-फील्ड के खिलाड़ी थे, लेकिन एक चोट लगने के बाद उन्होंने इस खेल को छोड़ना पड़ा और फिर उन्होंने 2019 में शूटिंग शुरू की.
एक मध्यम-वर्गीय परिवार से होने के कारण, कमलजीत को अपने शूटिंग करियर की शुरुआत में आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा. उन्होंने कोचिंग, कोर्स की फ़ीस और प्रतियोगिताओं का खर्च खुद उठाया. कई बार तो ऐसा भी हुआ जब उन्होंने यह खेल छोड़ने के बारे में सोचा. इन मुश्किलों के बावजूद, उनके माता-पिता ने हमेशा उनका साथ दिया और खेल जारी रखने के लिए ज़रूरी हर चीज़ उपलब्ध कराई.
अगले दो-तीन सालों में, उनकी लगन ने उन्हें आर्थिक और खेल से जुड़ी चुनौतियों से उबरने और एक प्रतिस्पर्धी शूटर के तौर पर अपनी पहचान बनाने में मदद की. कमलजीत ने जूनियर इंटरनेशनल सर्किट में अपनी मजबूत छाप छोड़ी और कोरिया के चांगवोन में आयोजित 2023 ISSF जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में 50 मीटर पिस्टल जूनियर पुरुष इवेंट में गोल्ड मेडल जीता.
इसके बाद उन्होंने सीनियर इंटरनेशनल सर्किट में कदम रखा और 10 मीटर एयर पिस्टल और 50 मीटर पिस्टल, दोनों इवेंट में हिस्सा लिया. कमलजीत ने 2026 में नई दिल्ली में हुई एशियाई चैंपियनशिप में 50 मीटर पिस्टल पुरुष (व्यक्तिगत) स्पर्धा में सिल्वर अपने नाम किया.
घर वाले चाहते थे रेसलिंग बने सुरुचि
हरियाणा के झज्जर की रहने वाली सुरुचि इंदर सिंह के परिवार का एक मजबूत स्पोर्ट्स बैकग्राउंड है. उनके परिजनों ने उन्हें शुरू में उन्हें रेसलिंग आजमाने के लिए प्रोत्साहित किया गया था, लेकिन 13 साल की उम्र में उन्होंने शूटिंग शुरू की. उन्होंने भिवानी में गुरु द्रोणाचार्य शूटिंग अकादमी में कोच सुरेश सिंह के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग शुरू की. सुरुचि ने 2025 में सीनियर इंटरनेशनल सर्किट पर शानदार सफलता हासिल की और ब्यूनस आयर्स, लीमा और म्यूनिख में लगातार तीन व्यक्तिगत आईएसएसएफ वर्ल्ड कप गोल्ड मेडल जीते. उन्होंने लीमा वर्ल्ड कप में मिक्स्ड टीम इवेंट में भी गोल्ड मेडल जीता.
उनका शानदार 2025 सीज़न दोहा में ISSF वर्ल्ड कप फ़ाइनल में गोल्ड मेडल के साथ समाप्त हुआ, जहां उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल फ़ाइनल में 245.1 का जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. 2026 में, उन्होंने म्यूनिख में आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में गोल्ड मेडल जीतकर अपना शानदार फ़ॉर्म जारी रखा और भारत की प्रमुख इंटरनेशनल 10 मीटर एयर पिस्टल शूटर्स में से एक बन गईं. उन्होंने 2026 एशियन चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में सिल्वर मेडल भी जीता.
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: 'अजीब वेट नियम ने छीन लिया गोल्ड' भारत की पहली MMA मेडलिस्ट सुचिका का बड़ा आरोप
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: दीया-मानुष की जोड़ी से पक्का हुआ टेबल टेनिस का पदक, सेमीफाइनल में एंट्री
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं