विज्ञापन

दुनिया की पंचायत में इजरायल की बेइज्जती, संबोधन से पहले उठने लगे नेता तो नेतन्याहू आगबबूला

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने UN महासभा में अपने भाषण में इजरायली सैन्य कार्रवाई का बचाव किया. उनपर आरोप लग रहे हैं कि उन्हें इस मंच को अपने चुनावी मंच की तरह इस्तेमाल किया. दरअसल इजरायल में जल्द चुनाव होने हैं और नेतन्याहू की स्थिति काफी खराब दिख रही है.

दुनिया की पंचायत में इजरायल की बेइज्जती, संबोधन से पहले उठने लगे नेता तो नेतन्याहू आगबबूला
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का UN महासभा में जमकर विरोध हुआ (फोटो- AFP)
  • UN महासभा में इजरायली PM नेतन्याहू के भाषण के दौरान कई देशों के प्रतिनिधि विरोध में अपनी सीटें छोड़कर चले गए
  • नेतन्याहू ने ईरान, हिज्बुल्लाह के साथ ब्रिटेन और फ्रांस की भी आलोचना की, जो इजरायल की कार्रवाई का विरोध रहें
  • नेतन्याहू ने न्यूयॉर्क के मेयर जोहान ममदानी को यहूदी विरोधी बताया और उनपर खुलकर हमला बोला

दुनिया की पंचायत यानी UN में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू बोलने पहुंचे, लेकिन उनके भाषण से पहले ही कई देशों के प्रतिनिधि अपनी सीटों से उठकर बाहर निकल गए. UN महासभा में कुछ ने तो नेतन्याहू के खिलाफ नारे तक लगाए और हूटिंग की. वहीं उनकी टीम खड़े होकर तालियां बजाती रही. सदन के स्पीकर को व्यवस्था बनाए रखने के लिए तक कहना पड़ा. सामने कई सीटें खाली थीं और नेतन्याहू पूरी तरह आग बबूला हुए पड़े थे. उनके निशाने पर सिर्फ ईरान और हिज्बुल्लाह नहीं, ब्रिटने और फ्रांस जैसे देश भी थे, जो गाजा में इजरायल के खूनी ऑपरेशन के खिलाफ बोल रहे हैं, एक्शन ले रहे हैं.

यहां नोट करने वाली बात है कि इजरायल में चुनाव होने हैं और सर्वे में नेतन्याहू पीछे नजर आ रहे हैं. ऐसे में उनपर UN महासभा के मंच को अपने चुनावी मंच के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लग रहा है.

UN महासभा में क्या हुआ?

जैसे ही नेतन्याहू भाषण देने पहुंचे, कई देशों के प्रतिनिधि विरोध में अपनी सीट छोड़कर बाहर चले गए. कन्वेंशन सेंटर की तस्वीरों से पता चला कि सऊदी अरब, सूडान, ट्यूनीशिया, उज्बेकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अल्जीरिया, ईरान, मलेशिया, मोंटेनेग्रो और किर्गिस्तान जैसे देशों की सीटें नेतन्याहू के भाषण के दौरान खाली थीं. जॉर्डन, लीबिया, मार्शल आइलैंड्स और मॉरिशस की सीटें भी खाली थीं. इनमें से कई देशों का एक प्रतिनिधि वहां मौजूद था, जबकि बाकी देशों के प्रतिनिधि विरोध में चले गए. नाराज नेतन्याहू ने बाहर जा रहे लोगों से कहा, “अगर कोई और नैतिक रूप से कायर है और अभी तक इस हॉल में है, तो वह भी बाहर चला जाए.”

UN के बाहर भी दर्जनों प्रदर्शनकारी जमा हुए. कुछ लोगों के हाथ में 'नरसंहार बंद करो' जैसे बैनर थे. 10 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया, जिनमें हॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस सुसान सारंडन भी शामिल थीं.

ममदानी को लिया निशाने पर 

नेतन्याहू ने न्यूयॉर्क के मेयर जोहान ममदानी को यहूदी विरोधी बताया और कहा कि उनके मेयर बनने के बाद कई यहूदी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते. ममदानी ने पहले नेतन्याहू के खिलाफ ICC के गिरफ्तारी वारंट को लागू करने की बात कही थी, लेकिन बाद में माना कि उनके पास ऐसा करने का अधिकार नहीं है. ममदानी ने जवाब में कहा कि नेतन्याहू ने अपने भाषण में फिलिस्तीनियों के खिलाफ अपने युद्ध को सही दिखाने के लिए बेबुनियाद झूठ दोहराए.

ब्रिटेन और फ्रांस पर भी निशाना

नेतन्याहू ने ब्रिटेन और फ्रांस की भी आलोचना की. दोनों देश कभी इजरायल के करीबी सहयोगी रहे हैं, लेकिन अब इजरायल की नीतियों की खुलकर आलोचना कर रहे हैं. दोनों ने कब्जे वाले वेस्ट बैंक से आने वाले कुछ इजरायली सामानों पर बैन भी लगाए हैं. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी अपने UN भाषण में कहा था कि वेस्ट बैंक में हमास सक्रिय नहीं है. इसके बाद नेतन्याहू ने ब्रिटेन और फ्रांस के पुराने औपनिवेशिक शासन का जिक्र करते हुए कहा कि इन्हीं देशों ने उपनिवेशवाद शब्द बनाया था.

ईरान पर सबसे ज्यादा हमला

ईरान के लिए नेतन्याहू ने सबसे कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया और उसकी सरकार को 'हत्यारी तानाशाही' बताया. उन्होंने कहा कि करीब सात महीने से चल रहे इजरायल और अमेरिका के हमलों ने ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोक दिया है. नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने ईरान को परमाणु बम बनाने से रोकने की कसम खाई थी, क्योंकि ऐसे हथियार इजरायल और पूरी दुनिया के लिए खतरा बन सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के मौजूदा नेतृत्व का पतन अब बहुत दूर नहीं है.

यह भी पढ़ें: अब दुनिया को धमकी देने लगा इजरायल, UN महासभा में नेतन्याहू ने दिखाया बीपर, जिससे मोसाद ने किए थे 3000 धमाके

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Israel Gaza War, UN General Assembly 2026, Benjamin Netanyahu
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com