सोशल मीडिया पर इन दिनों एक मैसेज बेहद तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें दावा किया जा रहा है कि यदि ड्राइविंग लाइसेंस (Driving Licence) होल्डर्स ने 25 सितंबर या 26 सितंबर से पहले अपना मोबाइल नंबर अपडेट नहीं कराया, तो उनका लाइसेंस सस्पेंड कर दिया जाएगा. इस वायरल खबर के आने के बाद से गाड़ी चालकों के बीच भारी असमंजस और डर का माहौल बना हुआ है. लेकिन आपको बता दें कि सरकार की दी गई सामान्य सलाह और सोशल मीडिया पर किए जा रहे 25 सितंबर की डेडलाइन के इस दावे में जमीन-आसमान का अंतर है.
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) और आधिकारिक 'सारथी परिवहन' पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सरकार ने देश भर में ऐसी कोई भी मैंडेटरी डेडलाइन तय नहीं की है. जिसके बाद मोबाइल नंबर अपडेट न होने पर ड्राइविंग लाइसेंस को ऑटोमैटिक रद्द या सस्पेंड कर दिया जाएगा. इस वजह से 25 सितंबर तक नंबर लिंक न कराने पर लाइसेंस रद्द होने की अफवाह पूरी तरह से बेबुनियाद और गलत है.
सरकार की गाइडलाइन और सलाह
भले ही लाइसेंस रद्द होने की ये अफवाह गलत है, लेकिन लाइसेंस में अपना नया मोबाइल नंबर अपडेट रखने की सलाह बिल्कुल सच और बेहद जरूरी है. परिवहन विभाग ने सभी ड्राइविंग लाइसेंस धारकों और वाहन मालिकों को सलाह दी है कि वे 'सारथी' और 'वाहन' डेटाबेस पर अपना चालू मोबाइल नंबर हर हाल में अपडेट रखें. इससे यदि आपके वाहन का कोई चालान कटता है, तो उसका SMS सीधे आपके रजिस्टर्ड नंबर पर ही भेजा जाता है.
ड्राइविंग लाइसेंस के रेन्युअल, डुप्लीकेट कॉपी निकालने या पता बदलने जैसी ऑनलाइन सर्विस का लाभ उठाने के लिए आपके नंबर पर ओटीपी भेजा जाता है. नंबर अपडेट न होने की स्थिति में ये काम रुक सकता है. इसके अलावा विभाग की ओर से मिलने वाली कोई भी जरूरी सूचना या कानूनी नोटिस पुराने या बंद पड़े नंबर के कारण आप तक नहीं पहुंच पाएगी. जिससे भविष्य में परेशानी खड़ी हो सकती है. इसे ध्यान में रखते हुए, सरकार ने मोबाइल नंबर को ऑनलाइन अपडेट करने की बेहद आसान सुविधा दी है, ताकि लोगों को RTO के दफ्तर के चक्कर न काटने पड़ें.
घर बैठे ऑनलाइन अपडेट करें अपना मोबाइल नंबर
अपने ड्राइविंग लाइसेंस में नया मोबाइल नंबर लिंक या अपडेट करने के लिए आप सीधे भारत सरकार के आधिकारिक सारथी परिवहन (Sarathi Parivahan) पोर्टल की मदद ले सकते हैं. इसके लिए आपको कुछ स्टेप्स को फॉलो करने होंगे. इसके लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट parivahan.gov.in पर जाएं. फिर अपने राज्य का चयन करें और 'ड्राइविंग लाइसेंस सर्विसेज' के ऑप्शन पर क्लिक करें. यहां दिए गए 'मोबाइल नंबर अपडेट' के ऑप्शन को सेलेक्ट करें. अपने ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी जरूरी जानकारियां और जन्मतिथि दर्ज करें. इसके बाद अपना नया मोबाइल नंबर दर्ज करें. फिर आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर आए OTP के जरिए वेरिफिकेशन पूरा करना होगा.
आपको बता दें कि इस प्रोसेस के नियम और जरूरी दस्तावेज अलग-अलग राज्यों के परिवहन विभागों के अनुसार थोड़े अलग हो सकते हैं. सुरक्षा के लिहाज से किसी भी अनजान वॉट्सऐप मैसेज, ईमेल या सोशल मीडिया पोस्ट में दिए गए लिंक पर भूलकर भी क्लिक न करें. हमेशा केवल आधिकारिक सरकारी पोर्टल parivahan.gov.in पर जाकर ही अपनी क्रेडेंशियल्स दर्ज करें. यदि किसी तकनीकी कारण से आपका नंबर ऑनलाइन अपडेट नहीं हो पा रहा है, तो आप अपने नजदीकी RTO में जाकर इसे आसानी से ठीक करवा सकते हैं.
ये भी पढ़ें- Tiago और Punch के बीच Tata Aeris की एंट्री! 6 लाख हो सकती है शुरुआती कीमत, डिजाइन लीक्स!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं