बुधवार को खेले गए पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में, पांच बार की चैंपियन भारत ने दक्षिण कोरिया को 8-1 से करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया. इस मैच में शिलानंद लाकड़ा और दिलप्रीत सिंह ने दो-दो गोल किए. लाकड़ा ने चौथे और 13वें मिनट में गोल किए, जबकि दिलप्रीत ने 21वें और 25वें मिनट में गोल दागे. भारत के लिए अन्य गोल कप्तान हरमनप्रीत सिंह (9वें), सुखजीत सिंह (21वें), अंगद बीर सिंह (36वें) और विवेक सागर प्रसाद (54वें) ने किए. इसके साथ ही भारत ने रिकॉर्ड सातवीं बार फाइनल में जगह बनाई है. दक्षिण कोरिया के लिए सांगजुन हान (9वें मिनट) ने एक गोल किया.
एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम गुरुवार को फाइनल में जापान का सामना करेगी. इससे पहले दिन के पहले सेमीफाइनल में, निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कोई गोल नहीं हो सका, जिसके बाद जापान ने पेनल्टी शूटआउट में मलेशिया को 5-3 से हरा दिया. भारत ने राउंड-रोबिन चरण में भी दक्षिण कोरिया को 8-0 से हराया था.
मेजबान भारत इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय रहा है. छह टीमों वाली राउंड-रोबिन लीग में भारत ने अपने सभी पांच मैच जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया था. हाफ टाइम तक भारत 6-1 से आगे था, जिसमें उसने पहले दो क्वार्टर में तीन-तीन गोल किए। मैच के दौरान भारत को चार पेनल्टी कॉर्नर मिले, जबकि दक्षिण कोरिया को एक भी नहीं मिला.
चौथे मिनट में शिलानंद लाकड़ा ने फील्ड गोल करके भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई. हालांकि, नौवें मिनट में सांगजुन हान ने फील्ड गोल करके दक्षिण कोरिया के लिए बराबरी कर दी. भारत ने विपक्षी टीम के सर्कल में लगातार हमले जारी रखे और नौवें मिनट में एक पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया. कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने इस मौके को नहीं गंवाया और गोल कर दिया.
चार मिनट बाद, पेनल्टी कॉर्नर से आए रिबाउंड पर लाकड़ा ने अपना दूसरा गोल किया, जिससे भारत 3-1 से आगे हो गया. दूसरे क्वार्टर में भी भारत का दक्षिण कोरिया पर दबदबा कायम रहा और टीम ने पांच मिनट के भीतर तीन फील्ड गोल किए. 21वें मिनट में सुखजीत ने फील्ड प्ले के जरिए गोल किया और कुछ ही सेकंड बाद दिलप्रीत ने भी फील्ड प्ले से गोल दाग दिया.
25वें मिनट में दिलप्रीत ने एक और फील्ड गोल करके अपना दूसरा गोल पूरा किया, जिससे भारत ने 6-1 की बढ़त बना ली. 15-15 मिनट के आखिरी दो पीरियड में भारत ने एक-एक गोल किया. हाफ टाइम के ठीक छह मिनट बाद अंगद बीर सिंह ने फील्ड प्ले के जरिए भारत की बढ़त को और बढ़ा दिया. इसके बाद 54वें मिनट में विवेक सागर प्रसाद ने एक और फील्ड गोल करके जीत पक्की कर दी.
यह भी पढ़ें: हॉकी के दिग्गज ने 46 साल से संभालकर रखा था ओलंपिक गोल्ड, एक रात में ले उड़े चोर
यह भी पढ़ें: Video: पूरी रात रोकर सुबह ट्रेनिंग करती थीं सिमरन, अब PM मोदी से मिलने का बेसब्री से इंतजार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं