विज्ञापन

त्योहारों की मिठास हुई फीकी, चीनी 1 महीने में 4 रुपये तो 1 साल में 13 रुपये महंगी, जानें दिल्ली-मुंबई समेत आपके शहर का ताजा भाव

Sugar Price Hike: त्योहारों के सीजन में चीनी लगातार महंगी हो रही है. एक महीने में ₹4 और साल भर में ₹13 तक दाम बढ़ने से खुदरा भाव ₹59.50 पार पहुंच गए हैं. जानिए दिल्ली-मुंबई और कोलकाता में क्या है नया रेट.

त्योहारों की मिठास हुई फीकी, चीनी 1 महीने में 4 रुपये तो 1 साल में 13 रुपये महंगी, जानें दिल्ली-मुंबई समेत आपके शहर का ताजा भाव
Sugar Prices Surge: त्योहारों के सीजन में चीनी ने बिगाड़ा बजट,कोलकाता में ₹65 के पार पहुंचा भाव
NDTV इंडिया

Sugar Price Hike: दिवाली से पहले चीनी की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ना शुरू कर दिया है. त्योहारों पर मिठाइयों और पकवानों की मांग बढ़ने के बीच चीनी लगातार महंगी हो रही है. पिछले एक महीने में ही खुदरा और थोक बाजार में चीनी के दाम 4 रुपये प्रति किलो से ज्यादा बढ़ गए हैं. वहीं, पिछले एक साल में इसकी कीमत करीब 12 से 13 रुपये प्रति किलो तक बढ़ चुकी है. सरकार की ओर से चीनी की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने के लिए उठाए गए कदमों के बावजूद कीमतों में तेजी बनी हुई है.

एक महीने में 4 रुपये से ज्यादा बढ़े दाम

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, चीनी की औसत खुदरा कीमत 59.50 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है. वहीं, थोक बाजार में इसका औसत भाव 55.40 रुपये प्रति किलो है. एक साल पहले खुदरा बाजार में चीनी 46.50 रुपये प्रति किलो और थोक बाजार में 43.23 रुपये प्रति किलो मिल रही थी. यानी सालाना आधार पर दोनों बाजारों में कीमतों में 12 से 13 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है.

कोलकाता में सबसे महंगी चीनी, दिल्ली में भी भाव 64 रुपये

देश के बड़े शहरों में भी चीनी के दाम काफी बढ़ गए हैं...

  • कोलकाता में 3 नवंबर को खुदरा चीनी की कीमत 65 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई. एक साल पहले यहां इसका भाव 50 रुपये था.
  • दिल्ली में चीनी 64 रुपये प्रति किलो बिक रही है, जबकि पिछले साल इसी समय इसकी कीमत 46 रुपये थी. 
  • मुंबई में भी चीनी का भाव बढ़कर 61 रुपये प्रति किलो हो गया है. एक साल पहले यहां चीनी 45 रुपये प्रति किलो मिल रही थी.

क्यों लगातार महंगी हो रही है चीनी?

चीनी की कीमतें बढ़ने की बड़ी वजह 2025-26 सीजन में उत्पादन का अनुमान से कम रहना है. इसके अलावा त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने, फसलों को नुकसान पहुंचने और दुनिया के बाजार में सप्लाई कम होने से भी कीमतों पर दबाव है. बाजार में चीनी की जमाखोरी को भी इसकी एक वजह माना जा रहा है.

सरकार ने उठाए ये कदम

चीनी बढ़ती कीमतों पर काबू पाने के लिए सरकार ने शुगर स्टॉक रखने की लिमिट तय की है. इसके अलावा चीनी के आयात, बाजार की निगरानी और सप्लाई बढ़ाने के लिए भी कदम उठाए गए हैं. इस बार गन्ने की पेराई भी पहले शुरू की गई है, ताकि घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ सके.

नए सीजन में 8.45 लाख टन चीनी का उत्पादन

नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज लिमिटेड (NFCSF) के मुताबिक, 2026-27 के नए सीजन के पहले महीने में भारत में 8.45 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है. चीनी का नया सीजन अक्टूबर से सितंबर तक चलता है.इस सीजन में गन्ने की पेराई 8 अक्टूबर से शुरू हुई थी. 30 अक्टूबर तक देश की 152 चीनी मिलों में उत्पादन शुरू हो चुका था. इससे त्योहारों के दौरान घरेलू बाजार में चीनी की सप्लाई बढ़ने की उम्मीद है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sugar Price Hike, Sugar Price Today, Sugar Price Surge
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com