विज्ञापन

हॉकी के दिग्गज ने 46 साल से संभालकर रखा था ओलंपिक गोल्ड, एक रात में ले उड़े चोर

भारतीय हॉकी के पूर्व खिलाड़ी एम. एम. सोमैया के बेंगलुरु स्थित घर में चोरी की वारदात में 1980 मॉस्को ओलंपिक का गोल्ड मेडल, एशियाई खेलों के पदक और अन्य कीमती सामान चोरी हो गए. घटना के समय सोमैया परिवार के साथ बाहर गए हुए थे और पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की है.

हॉकी के दिग्गज ने 46 साल से संभालकर रखा था ओलंपिक गोल्ड, एक रात में ले उड़े चोर
MM Somaya Olympic Gold Medal Stolen
IANS

बेंगलुरु में भारतीय हॉकी के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एम. एम. सोमैया के घर चोरी की घटना सामने आई है, जिसमें अज्ञात चोर उनके घर से कीमती सामान के साथ वह गोल्ड मेडल भी ले गए जो उन्होंने 1980 के मॉस्को ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम की ओर से खेलते हुए जीता था. पुलिस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक चोरी की यह घटना 28 अक्टूबर को एचएएल थर्ड स्टेज इलाके में हुई जो इंदिरानगर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है.

घटना के समय 67 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी सोमैया अपने परिवार के साथ कोडागु की यात्रा पर गए हुए थे. प्राथमिकी (एफआईआर) के अनुसार घटना का पता तब चला जब सोमैया के एक पड़ोसी ने उनके घर का दरवाजा खुला देखा और उसे घर में चोरी होने का संदेह हुआ जिसके बाद उसने सोमैया को इसकी सूचना दी.

आधी रात घर में दाखिल हुए दो अज्ञात

एफआईआर में कहा गया है, 'इसके बाद जब पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई तो पता चला कि 28 अक्टूबर की रात करीब 2:34 बजे दो अज्ञात व्यक्ति शिकायतकर्ता के घर में दाखिल हुए थे. इनमें से एक ने नीले रंग की शर्ट और दूसरे ने लाल रंग की शर्ट पहन रखी थी.'

एफआईआर के मुताबिक दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और अंदर रखी कीमती वस्तुएं चुरा लीं. चोरी हुए सामान में 1980 के मॉस्को ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के साथ जीता गया सोमैया का गोल्ड मेडल, 1982 के नयी दिल्ली एशियाई खेलों का रजत पदक, 1986 के सियोल एशियाई खेलों का कांस्य पदक और 1982 में एम्स्टर्डम में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी का कांस्य पदक शामिल है.

इसके अलावा कई चांदी की वस्तुएं, सोने के आभूषण और 30,000 रुपये नकद भी चोरी हुए हैं. एफआईआर के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग 3.53 लाख रुपये आंकी गई है. सोमैया की शिकायत के आधार पर इंदिरानगर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) (घर में अनधिकृत प्रवेश या घर में सेंधमारी) और धारा 305 (आवासीय घर, परिवहन के साधन या पूजा स्थल आदि में चोरी) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है.

यह भी पढ़ें-  VIDEO: हरियाणा के छोटे से कस्बे की बेटी ने मिस्र में रचा इतिहास, घर लौटी तो स्वागत के लिए उमड़ा पूरा गांव

यह भी पढ़ें- रातभर रोई, सुबह ट्रैक पर दौड़ी... 2 गोल्ड जीतने वाली सिमरन अब PM मोदी से करेगी मुलाकात

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com