इलेक्ट्रिक SUV के दौर में मशहूर इलेक्ट्रिक व्हीकल निर्माता कंपनी VinFast ने भारत में 7-सीटर इलेक्ट्रिक MPV सेगमेंट पर कब्जा करने के इरादे से अपनी VF MPV 7 को उतारा था. कंपनी ने इस गाड़ी को 15 अप्रैल 2026 को भारत में लॉन्च किया था, जहां इसका सीधा मुकाबला BYD eMax 7 से है. अप्रैल 2026 में लॉन्चिंग के समय इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 24.49 लाख रुपये रखी गई थी, लेकिन अब नवंबर 2026 में कंपनी ने ग्राहकों को बड़ा तोहफा देते हुए इसकी कीमतों में एक बहुत बड़ी कटौती कर दी है.
ताजा अपडेट के मुताबिक, VinFast ने भारत में अपनी VF MPV 7 की एक्स-शोरूम कीमत में सीधे 4.1 लाख रुपये की भारी कटौती की है, जिसके बाद अब इस शानदार इलेक्ट्रिक कार की कीमत महज 20.39 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रह गई है. कंपनी की ऑफिशियल वेबसाइट पर भी यह नई कीमत अपडेट कर दी गई है. आपको बता दें कि जब कंपनी ने VF MPV 7 को भारत में लॉन्च किया था, तब इसे "वन इंडिया, वन प्राइस" के टैगलाइन के साथ पेश किया गया था, लेकिन इसकी ऊंची कीमत की वजह से शायद उम्मीद के मुताबिक बिक्री नहीं हो पा रही थी. अब 4.1 लाख रुपये की इस बड़ी कटौती के बाद यह गाड़ी एक बार फिर से उन ग्राहकों की विश-लिस्ट में शामिल हो जाएगी जो एक बड़ी इलेक्ट्रिक फैमिली कार खरीदना चाहते हैं.
Mahindra XEV 9S से मुकाबला
इस नई कीमत को समझने के लिए अगर बाजार की अन्य गाड़ियों से तुलना करें, तो इसी सेगमेंट में आने वाली 7-सीटर Mahindra XEV 9S की शुरुआती कीमत 20.65 लाख रुपये है और MG Tomahawk EV की कीमत 19.49 लाख रुपये से शुरू होती है. वहीं दूसरी तरफ इसकी सीधी प्रतिद्वंदी मानी जाने वाली BYD eMax 7 सीधे विदेशों से आयात की जाती है, इसलिए उसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत काफी ज्यादा यानी 27.9 लाख रुपये है. ऐसे में VinFast की नई कीमत इसे बाजार में बेहद प्रतिस्पर्धी बनाती है.
VinFast बड़ी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी
यह भी पढ़ें | दिल्ली से पटना एक चार्ज में पहुंच जाइएगा, 25 हजार में हो रही बुकिंग, जानें भारत कब आएगी ये इलेक्ट्रिक कार
मौजूदा समय में VinFast भारत की चौथी सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी बन चुकी है. सितंबर 2026 के सेल्स चार्ट में कंपनी ने देश भर में 2,964 गाड़ियां बेची हैं और वह जेएसडब्ल्यू MG मोटर, महिंद्रा और टाटा मोटर्स जैसी दिग्गज कंपनियों के ठीक पीछे खड़ी है. कंपनी ने भारत में अपनी कैब सर्विस भी शुरू की है जिसमें इसी गाड़ी के कमर्शियल वर्जन 'लिमो ग्रीन' का इस्तेमाल किया जाता है.
साइज की बात करें तो VF MPV 7 की लंबाई 4,740 mm और इसका व्हीलबेस 2,840 mm का है. इसका बाहरी डिजाइन काफी सिंपल है और इसमें बड़ी खिड़कियां दी गई हैं जिससे केबिन काफी खुला-खुला महसूस होता है. इसके अंदर दो शानदार इंटीरियर थीम्स और बीच में 10.1-इंच का बड़ा टचस्क्रीन डिस्प्ले मिलता है. तीन लाइनों वाली सीटों के साथ इसमें 7 लोग बेहद आराम से बैठ सकते हैं. परफॉर्मेंस के लिए इसमें 60.13 kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है जो सिंगल चार्ज में 517 किमी की शानदार रेंज का दावा करता है. कंपनी का कहना है कि एक फास्ट डीसी चार्जर की मदद से इसे महज 30 मिनट में 10% से 70% तक चार्ज किया जा सकता है. ये बैटरी इसकी 204 PS पावर और 280 Nm टॉर्क वाली मोटर को पावर देती है, जिससे यह कार महज 9 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है. सभी सीटें ऊपर रहने पर इसमें 126 लीटर का बूट स्पेस मिलता है जिसे पीछे की सीटों को मोड़कर 1,240 लीटर तक बढ़ाया जा सकता है.
यह भी पढ़ें | सस्ता बजट और 24 Km का तगड़ा माइलेज, ₹5.65 लाख की कार पर 85 हजार तक फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं