विज्ञापन
This Article is From Jun 05, 2018

बेंगलुरु में ओला कैब ड्राइवर ने महिला से की छेड़छाड़, कपड़े उतरवाकर खींची तस्वीरें  

बेंगलुरु से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. आरोप है कि 26 वर्षीय युवती को ओला कैब ड्राइवर ने बंदी बनाकर छेड़छाड़ की और फोटो खींचने के लिए उसको कपड़े उतारने पर मजबूर किया.

बेंगलुरु में ओला कैब ड्राइवर ने महिला से की छेड़छाड़, कपड़े उतरवाकर खींची तस्वीरें  
पुलिस ने कैब चालक वी.अरुण को गिरफ्तार किया.
  • महिला यात्री से छेड़खानी के आरोप में चालक गिरफ्तार
  • घटना का किसी से भी जिक्र करने पर गैंगरेप की धमकी
  • पुलिस ने बताया कि घटना एक जून की है
बेंगलुरु: बेंगलुरु से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. आरोप है कि 26 वर्षीय युवती को ओला कैब ड्राइवर ने बंदी बनाकर छेड़छाड़ की और फोटो खींचने के लिए उसको कपड़े उतारने पर मजबूर किया. साथ ही उसने घटना का जिक्र किसी से भी करने पर गैंगरेप की धमकी दी. घटना एक जून की है. पुलिस ने युवती की शिकायत पर कैब ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है. इसके बाद इस बात पर फिर बहस छिड़ गई है कि क्या ओला और उबर जैसी 'रेडियो टैक्‍सी' में क्‍या महिलाएं सुरक्षित हैं? ये सवाल इसलिए खड़ा हो रहा है, क्‍योंकि एक के बाद एक कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें अकेली महिला को कैब के ड्राइवर ने अपनी हवस का शिकार बनाना चाहा.

यह भी पढ़ें : ओला कैब में रेप और लूट का मामला : ड्राइवर समेत दो गिरफ्तार, ओला कंपनी ने दी यह सफाई
​
बेंगलुरु के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्व) सीमांत कुमार सिंह ने बताया, 'पीड़िता की शिकायत पर कैब चालक वी.अरुण को गिरफ्तार किया गया है और उसकी कार (केए-53 सी 6607) जब्त की गई है. उसे पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है.' यह घटना महिला के पूर्वी उपनगर के अपने घर से मुंबई के लिए सुबह हवाईअड्डे जाने के दौरान रास्ते में हुई.

यह भी पढ़ें : ग्रेटर नोएडा: महिला ने कैब कराई बुक, ड्राइवर के साथी ने किया कथित रेप

सिंह ने महिला की शिकायत के हवाले से बताया, 'चालक ने हवाईअड्डा जल्दी पहुंचाने के बहाने मुख्य मार्ग से अपनी दिशा बदल ली और वह गाड़ी को सुनसान जगह पर ले गया. वहां उसने गाड़ी को लॉक कर दिया और महिला से मारपीट की. उसने महिला का मोबाइल छीनने के बाद उससे कपड़े उतारने को कहा और इस बारे में किसी को बताने पर अपने दोस्तों को बुलाकर गैंगरेप कराने की धमकी दी. उसने व्हाट्सऐप पर शेयर करने के लिए उसकी तस्वीरें भी उतार ली.'

VIDEO : बेंगलुरु में ओला कैब के ड्राइवर ने महिला यात्री से की बदसलूकी


पीड़िता द्वारा चालक को भरोसा देने पर कि वह किसी को इस बारे में नहीं बताएगी या पुलिस में शिकायत नहीं करेगी, कैब चालक ने महिला को हवाईअड्डे छोड़ दिया. सिंह ने कहा, 'पीड़िता द्वारा की गई शिकायत पर आईपीसी व आईटी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में आरोपी के खिलाफ एक मामला दर्ज कर लिया गया है.' सिंह ने कहा, 'हमने ओला कैब को नोटिस जारी कर पूछा है कि इस चालक का पुलिस सत्यापन क्यों नहीं किया गया था.'
 
ओला के एक प्रवक्ता ने कहा, 'हम यात्रा के दौरान उपभोक्ता के साथ हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर अफसोस जाहिर करते हैं.इस तरह की घटनाओं के प्रति हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति है और तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक को कालीसूची में डाल दिया है.'

(इनपुट : IANS)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ola Cabs, Ola Driver Molestation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com