विज्ञापन

लाल साड़ी में कांग्रेस, सलवार-सूट में बीजेपी, पीली साड़ी में जीतीं: राजस्थान में क्यों वती कुमारी ने भरे थे 3 फॉर्म?

Rajasthan Panchayat Samiti Chunav Results: राजस्थान के डीग जिले की बृज नगर पंचायत समिति में प्रधान के चुनाव बती कुमारी जीती हैं. लेकिन उन्होंने तीन नामांकन फॉर्म जमा किए थे, जिसके पीछे की तीन वजह हैं.

लाल साड़ी में कांग्रेस, सलवार-सूट में बीजेपी, पीली साड़ी में जीतीं: राजस्थान में क्यों वती कुमारी ने भरे थे 3 फॉर्म?
Rajasthan Panchayat Samiti Chunav Results: बृज नगर समिति की प्रधान बनी वती कुमारी (फोटो:NDTV)
  • डीग जिले की बृज नगर पंचायत समिति में वती कुमारी ने प्रधान पद के लिए तीन अलग-अलग नामांकन फॉर्म भरे थे.
  • वती कुमारी ने कांग्रेस, बीजेपी और निर्दलीय तीनों रूपों में अलग-अलग पहनावे के साथ चुनावी पर्चा दाखिल किया था.
  • बृज नगर पंचायत समिति में कांग्रेस के 16, बीजेपी के 4और 9 निर्दलीय सदस्य चुने गए थे, कांग्रेस के पास बहुमत था.

Deeg Braj Panchayat Samiti Chunav: राजस्थान के पंचायत चुनाव में इस बार कई दिलचस्प नतीजे देखने को मिले हैं. लेकिन डीग जिले की बृज नगर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसकी चर्चा राजस्थान से बाहर देशभर में हो रही है. बृज नगर पंचायत समिति में प्रधान का चुनाव वती कुमारी ने जीता है, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी, उन्होंने एक दो नहीं बल्कि तीन फॉर्म भरे थे. वती कुमारी ने प्रधान बनने के लिए कांग्रेस, बीजेपी और निर्दलीय प्रत्याशी तीनों रूप में नामांकन जमा किया. खास बात यह रही कि तीनों बार उनका पहनावा भी अलग था, पहले लाल साड़ी पहनकर कांग्रेस के नेताओं के साथ नामांकन दाखिल किया, फिर सलवार-सूट पहनकर बीजेपी की तरफ से नामांकन किया, इसके बाद निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर भी पर्चा भरा. आखिरकार बीजेपी के चुनाव चिह्न पर बती कुमारी निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गईं. ऐसे में सवाल यह है कि जब वती कुमारी निर्दलीय चुनाव जीती हैं तो फिर उन्होंने तीन बार फॉर्म क्यों भरा, इसकी वजह भी सामने आई है. 

बृज नगर पंचायत समिति का रिजल्ट

दरअसल, बृज नगर पंचायत समिति में कुल 29 सदस्य हैं. चुनाव में कांग्रेस के 16 सदस्य जीतकर आए थे, जबकि बीजेपी के खाते में 4 सीटें आईं थी. वहीं 9 सदस्य निर्दलीय चुनाव जीतकर पहुंचे थे. इस तरह कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत था, इसके बावजूद प्रधान पद के चुनाव में वती कुमारी के तीन अलग-अलग नामांकन ने पूरे सियासी घटनाक्रम को दिलचस्प बना दिया. वती कुमारी ने पहले कांग्रेस फिर बीजेपी और आखिर में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया. नामांकन में कांग्रेस का पर्चा पहले बीजेपी का दूसरे और निर्दलीय का तीसरे नंबर पर था. निर्वाचन प्रक्रिया के बाद बीजेपी के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में उनका नामांकन मान्य रहा और उन्हें कमल के चुनाव चिह्न पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया.

इस पूरे घटनाक्रम में उनके अलग-अलग पहनावे की भी खूब चर्चा रही. कांग्रेस से नामांकन दाखिल करने के लिए वती कुमारी लाल साड़ी पहनकर पहुंचीं. इसके बाद बीजेपी के नामांकन के दौरान सलवार-सूट में नजर आईं. वहीं निर्विरोध जीत की घोषणा के बाद पीली साड़ी पहनकर जश्न मनाया. 

Latest and Breaking News on NDTV

लाल रंग शुभ माना जाता है: वती कुमारी 

निर्विरोध प्रधान चुने जाने के बाद NDTV ने जब वती कुमारी से तीन नामांकन और अलग-अलग कपड़े पहनने की वजह पूछी तो उन्होंने बताया कि लाल रंग को शुभ माना जाता है, इसलिए पहली बार लाल साड़ी पहनकर नामांकन करने पहुंची थीं. इसके बाद सलवार-सूट में गईं और जीत के बाद पीली साड़ी पहनकर पहुंचीं. वती कुमारी की ननद एकता गुर्जर ने भी बताया कि लाल साड़ी को शगुन के तौर पर शुभ माना जाता है, इसी वजह से पूजा-पाठ की भावना के साथ लाल साड़ी पहनकर नामांकन किया गया था.

क्यों जमा किए तीन नामांकन फॉर्म 

निर्विरोध प्रधान बनने के बाद जब वती कुमारी से पूछा गया कि उन्होंने कांग्रेस, बीजेपी और निर्दलीय के रूप में तीन अलग-अलग नामांकन क्यों दाखिल किए हैं. क्या यह दूसरी पार्टियों और जनता के साथ धोखा नहीं है, इस पर उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है. यह परिवार की रणनीति थी और इसमें परिवार की सहमति थी. वती कुमारी ने साफ कहा कि बीजेपी के चुनाव चिह्न पर चुनाव जीतना उनका मकसद था. इसी वजह से परिवार की सहमति से यह रणनीति अपनाई गई, अब प्रधान बनने के बाद उनका पूरा ध्यान क्षेत्र की जनता के विकास और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर रहेगा. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पानी, सड़क और महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा. जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी और विकास के काम किए जाएंगे. उन्होंने जनता का आभार जताते हुए कहा कि लोगों ने उन्हें भरपूर सहयोग दिया है.

प्रधान बनने के बाद वती कुमारी ने क्षेत्र के विकास को अपनी प्राथमिकता बताया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पानी और सड़कों की समस्याओं का समाधान कराने के साथ महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर भी काम करेंगी. जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनेंगी और घर की जिम्मेदारियों के साथ प्रधान पद की जिम्मेदारी भी पूरी निष्ठा से निभाएंगी.  

ये भी पढ़ेंः राजस्थानः झुंझुनूं में 22 साल की Gen-Z कोमल भंवरिया बनीं जिला प्रमुख, सांसद बोले- मेरा रिकॉर्ड तोड़ दिया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan Panchayat Samiti Election Result, Rajasthan Panchayat Samiti Elections, Rajasthan Panchayat Elecction, Rajasthan Panchayat Election 2026, Rajasthan News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com