विज्ञापन

राजस्थानः झुंझुनूं में 22 साल की Gen-Z कोमल भंवरिया बनीं जिला प्रमुख, सांसद बोले- मेरा रिकॉर्ड तोड़ दिया

उदयपुरवाटी क्षेत्र से जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुईं कोमल के नाम पर पार्टी ने भरोसा जताया और उन्होंने चुनाव जीतकर इस भरोसे को सही साबित कर दिया. राजनीतिक अनुभव और संगठन में पद की दावेदारी के बीच कांग्रेस ने युवा चेहरे को आगे कर एक बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की. 

राजस्थानः झुंझुनूं में 22 साल की Gen-Z कोमल भंवरिया बनीं जिला प्रमुख, सांसद बोले- मेरा रिकॉर्ड तोड़ दिया
22 साल की कोमल भंवरिया, जो झुंझुनूं में बनीं जिला प्रमुख.
NDTV
  • झुंझुनूं जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने 22 वर्षीय कोमल भंवरिया को उम्मीदवार बनाकर सभी को चौंका दिया.
  • कोमल भंवरिया ने चुनाव जीतकर झुंझुनूं की सबसे युवा जिला प्रमुख बनने का रिकॉर्ड बनाया.
  • मतदान में कांग्रेस को 28 और भाजपा को 12 वोट मिले, एक मतपत्र निरस्त हुआ और दो कांग्रेस के वोट क्रॉस हुए.
झुंझुनूं:

झुंझुनूं जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने आखिरी वक्त पर ऐसा सियासी दांव चला कि चुनावी मुकाबले की पूरी पटकथा ही बदल गई. जिला प्रमुख पद के लिए जिन चेहरों की सबसे ज्यादा चर्चा थी. वे देखते रह गए और कांग्रेस ने महज 22 साल की कोमल भंवरिया को अपना प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतार दिया. कोमल ने जीत दर्ज करते हुए झुंझुनूं की सबसे युवा जिला प्रमुख बनने का गौरव हासिल किया. इतना ही नहीं, उन्होंने सांसद बृजेंद्र ओला का भी कम उम्र में जिला प्रमुख बनने का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. 

कांग्रेस ने चुनाव जीता, लेकिन भाजपा की सेंधमारी ने बढ़ाई टेंशन

हालांकि, चुनाव का नतीजा कांग्रेस के पक्ष में रहा. लेकिन वोटों की गिनती ने यह भी साफ कर दिया कि भाजपा कांग्रेस के खेमे में सेंध लगाने में कामयाब रही. जिला प्रमुख चुनाव से पहले कांग्रेस में कई नामों को लेकर जोरदार चर्चाएं थीं. तीन बार प्रधान रह चुकीं सुशीला सीगड़ा अपने राजनीतिक अनुभव के दम पर मजबूत दावेदार मानी जा रही थीं. 

झुंझुनूं जिला प्रमुख के लिए कई बड़े नाम थे रेस में

वहीं, युवा कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुधींद्र मूंड की पत्नी और बिशनपुरा सरपंच कुरड़ाराम धींवा की बेटी डॉ. रंजना धींवा का नाम भी चर्चा में था. प्रवेश जानूं व कविता खीचड़ समेत अन्य नामों को लेकर भी राजनीतिक अटकलें लगाई जा रही थीं. लेकिन बुधवार सुबह कांग्रेस ने कोमल भंवरिया के नाम की घोषणा कर सभी को चौंका दिया.

22 साल की जेनजी कोमल को मौका दे कांग्रेस ने दिया बड़ा संदेश

उदयपुरवाटी क्षेत्र से जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुईं कोमल के नाम पर पार्टी ने भरोसा जताया और उन्होंने चुनाव जीतकर इस भरोसे को सही साबित कर दिया. राजनीतिक अनुभव और संगठन में पद की दावेदारी के बीच कांग्रेस ने युवा चेहरे को आगे कर एक बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की. 

संख्या बल में कांग्रेस की जीत थी तय

जिला प्रमुख चुनाव में संख्या बल कांग्रेस के पक्ष में था. कांग्रेस के अपने चुनाव चिह्न पर 29 जिला परिषद सदस्य जीते थे. इसके अलावा एक निर्दलीय सदस्य भी कांग्रेस खेमे के साथ मतदान करने पहुंची. इस तरह कांग्रेस के पास कुल 30 सदस्यों का समर्थन माना जा रहा था. सभी 30 सदस्य एक साथ मतदान के लिए पहुंचे भी. 

झुंझुनूं जिला प्रमुख चुनाव मतदान में क्रॉस वोटिंग

लेकिन मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी को 28 वोट ही मिले. यानी कांग्रेस खेमे के दो वोट क्रॉस हो गए. दूसरी ओर भाजपा के 11 जिला परिषद सदस्य जीते थे और मतदान के लिए सभी 11 सदस्य एक साथ पहुंचे. इसके बावजूद भाजपा प्रत्याशी एवं निवर्तमान जिला प्रमुख और भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरि को 12 वोट मिले. 

यानी भाजपा अपने निर्धारित संख्या बल से एक वोट ज्यादा हासिल करने में सफल रही. इससे साफ संकेत मिला कि कांग्रेस खेमे से कम से कम एक वोट भाजपा के पक्ष में गया. हालांकि, भाजपा कांग्रेस के बहुमत में बड़ी सेंध लगाने में सफल नहीं हो सकी. 

एक मतपत्र निरस्त, सियासी चर्चा तेज

मतगणना के दौरान एक मतपत्र निरस्त भी हुआ. इस मतपत्र पर दोनों प्रत्याशियों के सामने मुहर लगी हुई थी. ऐसे में राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गईं कि संभवत: किसी सदस्य ने जानबूझकर अपना वोट निरस्त करवाया है. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि ऐसा किसने और किस रणनीति के तहत किया. 

इस तरह चुनाव में कांग्रेस को 28, भाजपा को 12 वोट मिले, जबकि एक मतपत्र निरस्त हुआ. कांग्रेस ने स्पष्ट जीत दर्ज की, लेकिन क्रॉस वोटिंग ने पार्टी के भीतर भी सियासी संदेश जरूर छोड़ दिया. चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरुण गर्ग ने कोमल भंवरिया को विजयी घोषित किया. 

जीत के बाद सांसद से मिलने पहुंची कोमल

उन्हें निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान करने के साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई. जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला. इसके बाद नवनिर्वाचित जिला प्रमुख कोमल भंवरिया मान नगर स्थित सांसद बृजेंद्र ओला के कार्यालय पहुंचीं और उनका आशीर्वाद लिया. 

सांसद बोले- कोमल ने मेरा भी रिकॉर्ड तोड़ दिया

इस मौके पर सांसद ओला ने कहा कि वे स्वयं भी छोटी उम्र में जिला प्रमुख बने थे, लेकिन कोमल ने उनका रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. उन्होंने कहा कि सभी मिलकर जिले के ग्रामीण विकास को आगे बढ़ाएंगे. इस दौरान सभापति अब्दुला अगवान सहित कांग्रेस के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. 

जीत के बाद कोमल भंवरिया ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जिले में विकास को आगे बढ़ाना और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान करना रहेगा. उन्होंने कहा कि भले ही वर्तमान में राजस्थान में कांग्रेस की सरकार नहीं है, लेकिन आने वाले चुनावों में प्रदेश और देश में कांग्रेस की सरकार बनेगी. 

अब उप जिला प्रमुख के चुनाव की तैयारी

इससे विकास कार्यों को और गति मिलेगी. जिला प्रमुख का चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस ने अब उप जिला प्रमुख के चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है. गुरुवार को होने वाले उप जिला प्रमुख के निर्वाचन में भाजपा संख्या बल के लिहाज से कमजोर जरूर है, लेकिन वह अपना प्रत्याशी मैदान में उतारने की तैयारी में है. 

भाजपा की ओर से नामांकन के समय ही प्रत्याशी का नाम सामने आने की संभावना है. वहीं कांग्रेस के लिए उप जिला प्रमुख का चयन आसान नहीं रहने वाला. जिला प्रमुख पद पर उदयपुरवाटी क्षेत्र की 22 वर्षीय कोमल भंवरिया को मौका दिए जाने के बाद अब उप जिला प्रमुख के लिए जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधना पार्टी की बड़ी चुनौती होगी.

राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से माना जा रहा है कि उप जिला प्रमुख का पद न तो उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्र में जाएगा और न ही जाट समुदाय के खाते में. ऐसे में गैर-जाट और उदयपुरवाटी से बाहर के जिला परिषद सदस्यों में दावेदारी मजबूत हो सकती है. 

कांग्रेस इस बार भी आखिरी वक्त तक अपने पत्ते छिपाकर रख सकती है. ऐसे में उप जिला प्रमुख के चुनाव में भी प्रत्याशी चयन को लेकर दिलचस्प राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकता है. फिलहाल जिला प्रमुख की कुर्सी पर 22 साल की कोमल भंवरिया की ताजपोशी ने झुंझुनूं की राजनीति में युवा नेतृत्व की नई तस्वीर पेश की है. 

लेकिन भाजपा की ओर से मिले अतिरिक्त वोट और कांग्रेस के दो क्रॉस वोट यह संकेत दे रहे हैं कि जिला परिषद के भीतर राजनीतिक खींचतान अभी खत्म नहीं हुई है. अब देखना होगा कि उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस अपने बहुमत को एकजुट रख पाती है या भाजपा एक बार फिर कोई सियासी उलटफेर करने की कोशिश करती है.

यह भी पढ़ें - कौन हैं संतोष कुमारी? जो मात्र 21 साल में राजस्थान में निर्विरोध बनीं जिला परिषद प्रमुख

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan Zila Parishad, Rajasthan Zila Parishad Chunav, Jhunjhunu, Jhunjhunu News, Brijendra Ola
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com