उदयपुर में अहमदाबाद से परिवार सहित घूमने आए पर्यटक के साथ रेस्टोरेंट संचालक और कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, रेस्टोरेंट में परोसे गए पर्यटक के खाने में कॉकरोच मिलने की शिकायत पर हंगामा शुरू हुआ और बात मारपीट तक पहुंच गई. लहूलुहान पर्यटक को महाराणा भूपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरोप है कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी मूक दर्शक बनकर खड़े रहे. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
मीरा रेस्तरां में हुई घटना
पुलिस के अनुसार, घटना घटना शनिवार को धानमंडी थाना क्षेत्र में दिल्ली गेट चौक के पास स्थित मीरा रेस्तरां में हुई. 35 वर्षीय पर्यटक जयेश पटेल के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें उपचार के लिए महाराणा भूपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
धानमंडी थानाधिकारी गजवीर सिंह ने रविवार को बताया कि जयेश अपने परिवार के साथ रेस्टोरेंट खाना खाने गए थे. जिस पर वहां उनके परिवार ने खाने में कॉकरोच मिलने की शिकायत की. आरोप है कि रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने कॉकरोच को बड़ी इलायची बताते हुए कहा कि वे इसे रसोई में धोकर दिखा देंगे.
इलायची कहने पर पर्यटक ने जताई आपत्ति
पुलिस के मुताबिक, इस पर पर्यटक जयेश पटेल ने आपत्ति जताई और कहा कि वस्तु को रसोई में ले जाने से कथित कॉकरोच के सबूत नष्ट हो सकते हैं. इसके बाद रेस्टोरेंट संचालक व कर्मचारियों के साथ पर्यटक का विवाद हो गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया.
आरोप है कि रेस्टोरेंट संचालक ने पर्यटक पर हमला कर दिया जिससे उनके चेहरे पर चोट पहुंची. घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मौके पर एक पुलिसकर्मी मौजूद दिखाई दे रहा है. आरोप है कि उसने मारपीट रोकने का प्रयास नहीं किया. पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और मामले की जांच की जा रही है.
यह भी पढे़ं-
5वीं बार चुनावी मैदान में बीजेपी के जय-वीरू की जोड़ी, दोनों के नाम दर्ज है खास रिकॉर्ड
जिस जॉइंट डायरेक्टर को 3 लाख रिश्वत लेते पकड़ा, उसके लॉकर से मिला करोड़ों का सोना-चांदी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं