राजस्थान में मॉनसून सक्रिय होने से जोरदार बारिश हो रही है. अभी बारिश का दौर जारी भी रहेगा. मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. बुधवार को अजमेर में 39.6 MM, डूंगरपुर में 24.5 MM, अलवर में 19.6 MM, गंगानगर में 14 MM, दौसा में 13 MM और जैसलमेर में 10.2 MM बारिश हुई. कई अन्य जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई.
4-5 दिनों तक सक्रिय रहेगा मॉनसून
मौसम विभाग के अनुसार, एक ऊपरी परिसंचरण तंत्र मध्य प्रदेश के उत्तरी भागों और आसपास के क्षेत्र के ऊपर अवस्थित था. 'मानसून ट्रफ लाइन' बुधवार को बीकानेर, वनस्थली और गुना से होकर गुजर रही है, और सक्रिय है. इसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश भागों में आगामी चार-पांच दिन मानसून सक्रिय रहने की पूरी संभावना है.
भारी से अतिभारी बारिश की संभावना
कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर व बीकानेर संभाग के ज्यादातर भागों में 26 जुलाई तक बारिश की गतिविधियां दर्ज होने व कहीं-कहीं भारी व एक दो स्थानों पर अतिभारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है.
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) July 22, 2026
मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया
जयपुर मौसम केंद्र ने श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, सलूम्बर, बांसवाड़ा एवं नागौर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. आस-पास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएं 40-50 किमी/घंटा चलेंगी. हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. जैसलमेर जिले तथा आस-पास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएं चलेंगी.
इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, भीलवाड़ा, अजमेर, ब्यावर, डीडवाना-कुचामन, जयपुर, सीकर, फलोदी, जोधपुर, पाली, राजसमंद, भरतपुर, धौलपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, डीग, टोंक एवं खैरथल-तिजारा जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. आस-पास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएं 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी.
यह भी पढ़ें: सिंधिया रियासत की 400 साल पुरानी तोप की राजस्थान में तलाश, पुलिस ने जेसीबी से खुदाई कराई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं