राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में भारी बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ. कई स्थानों पर निचले इलाकों में पानी भर गया जबकि सड़कों पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा. कई जगह वाहन रेंगते हुए चलते नजर आए, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग के अनुसार, चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी में मंगलवार सुबह से बुधवार सुबह तक सर्वाधिक 227 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. बारां और उदयपुर में अतिभारी बारिश हुई, जबकि भीलवाड़ा, झालावाड़, करौली, सवाई माधोपुर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, राजसमंद और नागौर जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई.
बारिश के बाद जलभराव
बारिश का असर राजधानी जयपुर समेत कई शहरों में भी देखने को मिला. जयपुर में अजमेरी गेट, चारदीवारी, रेलवे स्टेशन, बाइस गोदाम सर्किल, रामबाग और टोंक फाटक समेत कई इलाकों में तेज बारिश के बाद जलभराव हो गया. इससे यातायात धीमा रहा और कई जगह जाम की स्थिति बन गई. निचले इलाकों के साथ शहर के कई पॉश क्षेत्रों में भी पानी भरने से मोटरसाइकिल और कार सवारों को परेशानी हुई.
मुकंदरा टनल में भरा पानी
उधर, कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की मुकंदरा टनल में पानी भरने के कारण इसे दोपहर में यातायात के लिए बंद करना पड़ा. टनल में करीब एक फुट पानी भर गया, जिसे पंपों के जरिए बाहर निकाला जा रहा है. इसके चलते मुंबई की ओर से टनल की तरफ आने वाले वाहनों को एनएच-52 पर डायवर्ट किया गया. कोटा-झालावाड़ एनएच-52 पर दरा की नाल के पास भी जाम लग गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
उदयसागर बांध का जलस्तर 21 फुट से अधिक
उदयपुर में लगातार बारिश के चलते उदयसागर बांध का जलस्तर 21 फुट से अधिक हो गया. बांध की पूर्ण भराव क्षमता 24 फुट है. कैचमेंट क्षेत्र में लगातार बारिश से पानी की आवक बढ़ने के बाद जल संसाधन विभाग ने बुधवार दोपहर बांध के दो गेट एक-एक फुट तक खोल दिए.
घरों घुसा पानी
बांसवाड़ा में बारिश के कारण कई घरों में पानी भर गया. वहीं, जोधपुर में दोपहर बाद चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, शास्त्री नगर, कमला नेहरू नगर और रातानाडा नेहरू पार्क समेत कई इलाकों में बारिश के कारण सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई. हालांकि, बारिश से उमस से परेशान लोगों को कुछ राहत मिली.
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. मानसून ट्रफ भी बीकानेर और कम दबाव वाले क्षेत्र से होकर गुजर रही है. इन मौसमी तंत्रों के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
कल से बारिश में आएगी कमी
मौसम विभाग के अनुसार 14 अगस्त से जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है. हालांकि, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. 15 अगस्त से राज्य के उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों को छोड़कर अधिकांश इलाकों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की प्रबल संभावना है.
विभाग ने जयपुर, दौसा और अजमेर जिलों तथा आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है.
मेघगर्जन के साथ तेज बारिश
इसके अलावा हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़ और खैरथल-तिजारा समेत कई जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग ने दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में अगले 48 घंटे के दौरान भारी बारिश का अनुमान जताते हुए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
यह भी पढ़ें: जयपुर में दिल्ली रोड इलाके के पास यात्रियों से भरी बस पलटी, डिवाइडर से टकराने के बाद बिगड़ा बैलेंस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं