विज्ञापन

'राहुल गांधी देश का मजाक बनाते हैं, दुनिया सोच रही कैसा शख्स है ये', बीजेपी सांसद कंगना रनौत का हमला

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने तीखा हमला किया है. उन्होंने इस दौरान विपक्ष के द्वारा संसद में उठाने वाले मुद्दों और गृह मंत्री अमित शाह के स्टेटमेंट का भी जिक्र किया.

'राहुल गांधी देश का मजाक बनाते हैं, दुनिया सोच रही कैसा शख्स है ये', बीजेपी सांसद कंगना रनौत का हमला
कंगना रनौत ने अमित शाह से जुड़े राहुल गांधी के बयान को लेकर तंज किया है. (Photo: IANS)
  • बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है.
  • कंगना रनौत ने राहुल गांधी को लेकर कहा कि वे देश का मजाक बनाते हैं.
  • अमित शाह से छात्रों के मुद्दे पर जवाबदेही की मांग को लेकर कंगना ने राहुल गांधी पर तंज कसा है.
नई दिल्ली:

संसद में गतिरोध और छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर चर्चा के लिए सरकार के प्रस्ताव को विपक्ष द्वारा स्वीकार न किए जाने को लेकर बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. कंगना ने बुधवार को आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार देश का मजाक उड़ाते हैं. उनके लिए हर चीज मजाक है. ANI से बातचीत में कंगना रनौत ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस 'सौ चुनाव हार चुकी है' और 'उनकी कोई हैसियत नहीं रह गई है.'

एक्टर से नेता बनीं कंगना ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की भूमिका की ओर इशारा करते हुए कहा कि भविष्य में उन्हें यह भूमिका भी नहीं मिलेगी और यह उनका आखिरी कार्यकाल होगा. उन्होंने राहुल गांधी पर संसद और देश का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि राहुल छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर गृह मंत्री अमित शाह से बयान की मांग करते हैं और फिर कहते हैं, "हम उनकी बात नहीं सुनेंगे."

कंगना रनौत ने राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा, "मुझे लगता है कि वे देश का मजाक उड़ा रहे हैं. वे लगातार देश का मजाक बनाते हैं. यह पहली बार है, जब मैं संसद का ऐसा मजाक बनते देख रही हूं. एक तरफ तो वह कहते हैं, 'हमें अमित शाह जी से जवाब चाहिए, यह पूछने के लिए कि उन्होंने छात्रों के साथ ऐसा-वैसा किया या नहीं' और साथ ही यह भी कहते हैं, 'हम उनकी बात सुनने के लिए यहां नहीं हैं.' 

ये भी पढ़ें: विपक्ष चाहे बयान, सरकार चाहे चर्चा, इन दो शब्दों के बीच फंसकर रह गई है संसद, 19वें दिन भी ठप

बीजेपी सांसद ने आगे कहा, "पूरी दुनिया देख रही है और सोच रही है कि यह किस तरह का इंसान है. जिस तरह से वह अपनी हताशा निकाल रहे हैं, संसद और इस तरह पूरे देश और उसके नागरिकों का अपमान कर रहे हैं, उसे देखकर विपक्ष के नेता के तौर पर उनकी भूमिका को देखते हुए मुझे यकीन हो गया है कि यह उनका आखिरी कार्यकाल होगा." 

बीजेपी सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ राहुल गांधी के उन बयानों का जिक्र किया, जिनमें उन्होंने 20 जुलाई को दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस कार्रवाई के लिए उनसे माफी की मांग की थी.

कंगना रनौत ने कहा, "वे प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. एक ऐसे लोकतांत्रिक रूप से चुने गए नेता, जिन्हें लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए भारी जनादेश मिला है. राहुल को लगता है कि इस देश में उनके अलावा किसी और का अस्तित्व ही नहीं होना चाहिए."

मंडी से सांसद कंगना रनौत ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के विदेशी मूल का भी जिक्र किया और कहा कि वे विपक्षी नेताओं को राहुल गांधी को अपना नेता मानने के लिए मजबूर कर रही हैं.

ये भी पढ़ें: राहुल गांधी के खिलाफ बीजेपी सांसद का प्रदर्शन, क्या कहने के लिए रुकीं प्रियंका गांधी?

सरकार पर हमलावर विपक्ष!

विपक्ष 20 जुलाई को राजधानी में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ 'पुलिस एक्शन' पर अमित शाह से बयान की मांग कर रहा है. 20 जुलाई को संसद का मॉनसून सत्र शुरू होने के बाद से हंगामे की वजह से संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही बार-बार स्थगित हुई है.

अमित शाह ने बुधवार को कहा कि सरकार NEET पेपर लीक को लेकर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर विस्तार से चर्चा के लिए तैयार है और वह सदन में सवालों का जवाब देने के लिए भी तैयार हैं. केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि वह संसद में किसी भी सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष चर्चा नहीं होने देना चाहता.

ये भी पढ़ें: छात्रों की बात सुने झारखंड सरकार, बल प्रयोग की हम निंदा करते हैं: राहुल गांधी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Parlaiment, Kangana Ranaut, Rahul Gandhi, Amit Shah, Jantar Mantar Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com