विज्ञापन

कौन हैं संतोष कुमारी? जो मात्र 21 साल में राजस्थान में निर्विरोध बनीं जिला परिषद प्रमुख

राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव के नतीजे में बड़ा उलटफेर हुआ है. 37 जिलों में हुए चुनावों में कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 24 जिला प्रमुख पदों पर जीत हासिल की है, जबकि भाजपा 9 जिलों में अपना जिला प्रमुख बनाने में सफल रही. जैसलमेर में मात्र 21 साल की संतोष कुमारी जिला प्रमुख बनी हैं.

कौन हैं संतोष कुमारी? जो मात्र 21 साल में राजस्थान में निर्विरोध बनीं जिला परिषद प्रमुख
21 साल की संतोष कुमारी जो जैसलमेर में निर्विरोध बनीं जिला परिषद प्रमुख.
NDTV
  • जैसलमेर में 21 वर्षीय संतोष कुमारी कांग्रेस के टिकट पर जिला परिषद प्रमुख निर्विरोध चुनी गई हैं.
  • कांग्रेस ने जिला परिषद की 21 में से 20 सीटों पर जीत हासिल कर भाजपा को केवल एक सीट दी है.
  • संतोष कुमारी ने महिला शिक्षा और आत्मनिर्भरता बढ़ाने को प्राथमिकता देते हुए जिले के विकास का संकल्प लिया है.
जैसलमेर:

राजस्थान जिला परिषद चुनाव में जैसलमेर में गजब का रिकॉर्ड बना है. जैसलमेर में मात्र 21 साल की संतोष कुमारी निर्विरोध जिला परिषद प्रमुख चुनी गई हैं. अनुसूचित जनजाति समुदाय से आने वाली संतोष कुमारी 12वीं पास और अविवाहित हैं. जिला परिषद सदस्य के चुनाव में वह कांग्रेस के टिकट पर वार्ड 21 से चुनी गईं. उन्होंने भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मी को 6,137 वोटों से हराया. मालूम हो कि जैसलमेर में जिला परिषद सदस्यों की 21 में से 20 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है. भाजपा को एक सीट मिली है. वार्ड 10 से भाजपा उम्मीदवार करुणा कंवर चुनी गई हैं. संतोष कुमारी के प्रमुख चुने जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर और पटाखे फोड़कर जश्न मनाया. 

कांग्रेस नेताओं के साथ जीत का सर्टिफिकेट लेतीं संतोष कुमारी.

कांग्रेस नेताओं के साथ जीत का सर्टिफिकेट लेतीं संतोष कुमारी.
Photo Credit: NDTV

प्रमुख बनने के बाद क्या बोलीं संतोष कुमारी?

निर्विरोध चुने जाने के बाद संतोष ने जैसलमेर की जनता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा, 'मेरी प्राथमिकता जिले के विकास के लिए सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को साथ लेकर काम करने की होगी.'

उन्होंने कहा कि वह विशेष रूप से महिला शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद करने पर ध्यान देंगी. उन्होंने कहा, 'मुझ पर जो भरोसा जताया गया है, मैं उस पर खरा उतरने की कोशिश करूंगी और जिले के विकास के लिए काम करूंगी.'

पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद बोले- पूरा करेंगे वादा

राजस्थान के पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद ने कहा कि जिले की सभी 10 पंचायत समितियों में भी कांग्रेस को बढ़त मिली है. उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित प्रतिनिधि अपने वादों को पूरा करने के लिए काम करेंगे.  जैसलमेर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमरदीन फकीर ने कहा कि ये नतीजे भाजपा सरकार के प्रति लोगों की नाराजगी को दर्शाते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सीमावर्ती जिले के लोगों को सूखे जैसे हालात के अलावा चारे और नहर के पानी की कमी के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और राज्य सरकार राहत के पर्याप्त कदम नहीं उठा पाई.

यह भी पढ़ें - नागौर में मिली BJP-कांग्रेस फिर भी RLP का बना प्रमुख, चूरू में बहुमत के बाद भी हारी कांग्रेस; 24 पर कांग्रेस, अब तक 9 पर BJP

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan Zila Parishad, Rajasthan Zila Parishad Chunav, Rajasthan Zila Parishad Election, Jaisalmer, Jaisalmer News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com