विज्ञापन

राजस्थान पंचायत चुनाव: बांसवाड़ा समेत इन 8 जिलों में फंसा पेच, हनुमान बेनीवाल और BAP पार्टी बनी किंगमेकर

Rajasthan Panchayat Election Results: राजस्थान पंचायत चुनाव रिजल्ट के कई जिलों में पेंच फंस गया है. बांसवाड़ा, डूंगरपुर समेत 8 जिलों में जिला प्रमुख के चुनाव में हनुमान बेनीवाल की पार्टी और बाप पार्टी किंगमेकर की भूमिका में होगी.

राजस्थान पंचायत चुनाव: बांसवाड़ा समेत इन 8 जिलों में फंसा पेच, हनुमान बेनीवाल और BAP पार्टी बनी किंगमेकर
Rajasthan Zila Parishad: राजस्थान में जिला प्रमुख के लिए 8 जिलों में फंसा मामला (फोटो:NDTV ग्राफिक्स)
  • राजस्थान के 37 जिलों में कांग्रेस को 23 जिलों में पूर्ण बहुमत और बीजेपी को 5 जिलों में पूर्ण बहुमत मिला है.
  • आठ जिलों में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिलने से निर्दलीय और अन्य दल किंगमेकर की भूमिका में हैं.
  • जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के चुनाव 25-26 नवंबर को और पंचायत समिति प्रधान के चुनाव 27 और 28 नवंबर को होंगे.

Rajasthan Zila Parishad Chunav Results: राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद अब जिलों में जिला प्रमुख और प्रधान बनाने को लेकर हलचल तेज हो गई है. 37 जिलों के नतीजों में कांग्रेस को 23 जिलों में पूर्ण बहुमत मिला है, जबकि बीजेपी को 5 जिलों में पूर्ण बहुमत है. लेकिन 8 जिलों में दोनों ही पार्टियों को पूर्ण बहुमत नहीं मिला है. जिससे यहां दूसरे दल और निर्दलीय किंगमेकर की भूमिका में नजर आ रहे हैं. 
बीजेपी और कांग्रेस ने बहुमत हासिल करने के लिए जोर लगाना शुरू कर दिया है. इस बार के चुनाव में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की पार्टी RLP और भारतीय आदिवासी पार्टी (BAP) किंगमेकर की भूमिका में दिखी है. 

राजस्थान में जिला प्रमुख के लिए तैयारियां शुरू 

राजस्थान में जिला प्रमुख बनाने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं. नतीजों के बाद 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख का चुनाव होगा. वहीं 27 नवंबर को पंचायत समिति प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान के चुनाव कराए जाएंगे. इन्हीं चुनावों में साफ होगा कि कौन सा दल कहां सत्ता हासिल कर पाता है. जिन जिलों में किसी को बहुमत नहीं मिला है, वहां बाडेबंदी भी शूरू हो गई है. 

बांसवाड़ा

बांसवाड़ा जिला परिषद चुनाव में किसी को बहुमत नहीं मिला है. 43 सीटों में कांग्रेस को 21, भारतीय आदिवासी पार्टी को 17 और बीजेपी को 5 सीटें मिली हैं, बहुमत के लिए 22 सदस्यों की जरूरत है. कांग्रेस बहुमत से सिर्फ एक सीट दूर है. ऐसे में बीएपी के 17 सदस्य और अन्य संभावित समर्थक बोर्ड गठन के समीकरण में महत्वपूर्ण हैं. 

डूंगरपुर

डूंगरपुर जिला परिषद की 37 सीटों में भारतीय आदिवासी पार्टी और बीजेपी को 14-14, जबकि कांग्रेस को 9 सीटें मिली हैं. बहुमत का आंकड़ा 19 है, किसी भी दल को अपने दम पर बहुमत नहीं मिला है. यहां कांग्रेस, बीएपी और अन्य सदस्यों का समर्थन महत्वपूर्ण होगा. 

डीडवाना-कुचामन

डीडवाना-कुचामन जिला परिषद की 35 सीटों में कांग्रेस को 14, बीजेपी को 12 और आरएलपी को 9 सीटें मिली हैं. बहुमत के लिए 18 सदस्यों की जरूरत है. कांग्रेस को 4 और बीजेपी को 6 अतिरिक्त सदस्यों का समर्थन जुटाना होगा. ऐसे में आरएलपी के 9 सदस्य बोर्ड गठन के समीकरण में अहम भूमिका निभा सकते हैं.

बालोतरा 

बालोतरा जिला परिषद की 31 सीटों में बीजेपी और कांग्रेस दोनों को 12-12 सीटें मिली हैं, जबकि आरएलपी के खाते में 7 सीटें आई हैं. बहुमत का आंकड़ा 16 है. दोनों प्रमुख दलों के बीच बराबरी के कारण आरएलपी और अन्य संभावित समर्थकों का रुख महत्वपूर्ण रहेगा. 

डींग

डींग जिला परिषद की 29 सीटों में कांग्रेस ने 14 और बीजेपी ने 10 सीटें जीती हैं. बसपा को एक और निर्दलीयों को 4 सीटें मिली हैं. बहुमत के लिए 15 सदस्यों की जरूरत है. कांग्रेस बहुमत से एक सीट दूर है. ऐसे में बसपा और निर्दलीय सदस्यों का समर्थन महत्वपूर्ण हो सकता है. 

खैरथल-तिजारा 

खैरथल-तिजारा जिला परिषद की 25 सीटों में बीजेपी और कांग्रेस को 10-10 सीटें मिली हैं. बसपा के 2 और निर्दलीयों के 3 सदस्य जीते हैं. बहुमत का आंकड़ा 13 है. दोनों प्रमुख दलों को तीन अतिरिक्त सदस्यों के समर्थन की जरूरत होगी. ऐसे में बसपा और निर्दलीयों की भूमिका अहम है.

प्रतापगढ़

प्रतापगढ़ जिला परिषद की 25 सीटों में कांग्रेस को 11, बीजेपी को 7 और बीएपी को 7 सीटें मिली हैं. बहुमत के लिए 13 सदस्यों की जरूरत है. कांग्रेस को दो अतिरिक्त सदस्यों का समर्थन जुटाना होगा. यहां बीएपी और अन्य संभावित समर्थकों का रुख बोर्ड गठन के लिए महत्वपूर्ण रहेगा.

सलूम्बर

सलूम्बर जिला परिषद की 21 सीटों में बीजेपी को 9, कांग्रेस को 8 और बीएपी को 4 सीटें मिली हैं. बहुमत का आंकड़ा 11 है. बीजेपी को दो अतिरिक्त सदस्यों के समर्थन की जरूरत होगी. कांग्रेस और बीएपी के सदस्यों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रहेगी. 

राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी 

राजस्थान की जिला परिषदों में कांग्रेस ने 794 सीटें जीतकर सबसे ज्यादा सीटें हासिल की हैं. बीजेपी को 357 सीटों पर जीत मिली है. वहीं आरएलपी ने 51, बीएपी ने 43, निर्दलीय उम्मीदवारों ने 13, माकपा ने 7 और बसपा ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की है. 

ये भी पढे़ंः राजस्थान पंचायत चुनाव: विधायक के PA की पत्नी हारीं, गांव से हटाई गईं 50 स्ट्रीट लाइटें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan Panchayat Election Result, Rajasthan Panchayat Election Results 2026, Hanuman Beniwal, Rajasthan Zila Parishad Chunav Final Result, Rajasthan Zila Parishad Chunav Result
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com