राजस्थान में मानसून के एक बार फिर से सक्रिय होने से बीते दो दिन से बारिश का दौर जारी है. शुक्रवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश देखने को मिली है. मूसलाधार बारिश के कारण कई जिलों में जलभराव और हादसे की सूचना मिली. भरतपुर में आकाशीय बिजली गिरने से 17 साल के किशोर की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए हैं. आज यानी शनिवार को भी राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस बीच अजमेर में स्कूल की दीवार गिरने से हादसा हो गया. दीवार के पास खड़ी जायरीन की पांच लग्जरी कारें मलबे के नीचे दब गईं.
भरतपुर में 1 की मौत 2 घायल
दरअसल, भरतपुर रुदावल थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव के जंगल में आकाशीय बिजली गिरने से 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, डुमरिया निवासी दो भाई नितेश गुर्जर और सुनील गुर्जर और गांव की ही 60 वर्षीय केशर गुर्जर खेत में पशु चरा रहे थे. तभी अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए तीनों ने पास में ही एक बरगद के पेड़ के नीचे शरण ली.
इसी दौरान अचानक बरगद के पेड़ पर आकाशीय बिजली आ गिरी. हादसे में 17 वर्षीय नितेश गुर्जर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई सुनील गुर्जर और वृद्ध महिला केशर गुर्जर गंभीर रूप से झुलस गए. दोनों घायलों को बयाना अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए भरतपुर रेफर कर दिया.
आर्य पुत्री स्कूल की दीवार गिरी
जानकारी के अनुसार, बीती रात हुई बारिश के बाद शनिवार सुबह करीब 8 बजे अजमेर में प्लाजा सिनेमा के पास हादसा हो गया. आर्य पुत्री स्कूल की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई. दीवार के पास खड़ी जायरीन की पांच लग्जरी कारें मलबे के नीचे दब गईं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बताया गया कि दरगाह जियारत के लिए अजमेर पहुंचे जायरीन अपनी कारें दीवार के पास खड़ी करके दरगाह और आसपास के होटलों में चले गए थे.

अजमेर में स्कूल की दीवार गिरी
Photo Credit: NDTV
दीवार के मलबे के नीचे दबीं कारें
इसी दौरान सुबह अचानक दीवार का एक बड़ा हिस्सा गिर पड़ा और वहां खड़ी पांचों कारें इसकी चपेट में आ गईं. गनीमत रही कि जिस समय दीवार गिरी, उस दौरान उसके आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जनहानि का हादसा टल गया. दीवार गिरने से मलबे में दबने वाली पांचों कारों को भारी नुकसान हुआ है. किसी कार का बोनट क्षतिग्रस्त हो गया तो किसी के शीशे टूट गए. वहीं एक कार की छत भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त बताई जा रही है.
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति को देखा. कार मालिकों के वापस लौटने के बाद ही वाहनों को हुए वास्तविक नुकसान का आकलन हो सकेगा. फिलहाल मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई है. स्थानीय लोगों के मुताबिक बीती रात हुई बारिश के बाद दीवार की स्थिति कमजोर हुई हो सकती है, हालांकि दीवार गिरने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा. हादसे ने स्कूल की दीवार और आसपास खड़े वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढे़ं-
राजस्थान के 3 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, जानें अन्य जिलों में मौसम का हाल
राजस्थान: 12वीं तक के सभी स्कूल बंद, भारी बारिश के अलर्ट के बाद प्रशासन का फैसला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं