सवाई माधोपुर, अलवर, भरतपुर समेत राजस्थान के कई हिस्सों में बीते 24 घंटे के दौरान मूसलाधार बारिश हुई है. सवाई माधोपुर में सबसे ज्यादा 130 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जबकि अन्य जिलों में भी भारी बारिश देखने को मिली है. शुक्रवार को पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में जबरदस्त बारिश के बाद शनिवार (05 सितंबर) को भी कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है. धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर में आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि जयपुर, अजमेर और अलवर समेत प्रदेश के करीब 30 जिलों में येलो अलर्ट है. इस दौरान बादल गरजने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.
पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क
मौसम विभाग ने बताया कि सवाई माधोपुर में सबसे ज्यादा बारिश के साथ अलवर, भरतपुर, डीग, दौसा, धौलपुर, जयपुर, सीकर, भीलवाड़ा, अजमेर, करौली, टोंक, बारां, कोटा और झालावाड़ जिलों में भी कुछ स्थानों पर बरसात दर्ज की गई. इस दौरान पश्चिमी राजस्थान में अधिकांश स्थानों पर मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा. मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश की संभावना है.
भरतपुर-कोटा संभाग में भारी बारिश का अलर्ट
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, अभी एक स्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तरी मध्य प्रदेश और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ है. वहीं, मानसून की अक्षीय रेखा श्रीगंगानगर और निम्न दबाव वाले क्षेत्र से होकर गुजर रही है. ऐसे में शनिवार को भरतपुर और कोटा संभागों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की उम्मीद है, एक-दो स्थानों पर मूसलाधार बारिश होने की भी संभावना है.
जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभागों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. सवाई माधोपुर, करौली और धौलपुर में शनिवार को बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान जिले में अति भारी बारिश की संभावना है.
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) September 5, 2026
08 सितंबर से फिर यूटर्न मारेगा मौसम
मौसम विभाग ने कहा कि छह-सात सितंबर से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है, हालांकि भरतपुर, जयपुर और कोटा संभागों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है. 08 सितंबर से राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में और कमी आने की संभावना है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में आज 4 घंटे भारी बारिश, यूपी-बिहार समेत 17 राज्यों में अलर्ट, उत्तराखंड में चारधाम यात्रा रुकी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं