राजस्थान के अलवर में शनिवार को दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर कर्मचारी को गोली मारने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. शुरुआती जांच में पेट्रोल डलवाने के बाद पैसों को लेकर विवाद माना जा रहा था, लेकिन जब पुलिस ने जांच की तो पूरा मामला ही पलट गया. पुलिस ने पेट्रोल पंप कर्मचारी को गोली मारने वाले को गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद पूरा घटनाक्रम प्रेम प्रंसग का निकला. पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि वह पहले भी किसी वारदात में शामिल रहा है या नहीं.
एक महिला को फोन करता था पंप का सेल्समैन
दरअसल, सदर थाना क्षेत्र स्थित बुर्जा के पास नायरा पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े एक कर्मचारी को गोली मारने की घटना सामने आई थी. इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जब पुलिस ने मामले की जांच की तो पूरी की पूरी कहानी पता चल गई. एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि घायल सेल्समैन सचिन लगातार एक महिला को फोन करता था.
वह महिला पेट्रोल पंप पर कर्मचारी को गोली मारने वाले की प्रेमिका बताई जा रही है. महिला ने आरोपी शख्स को इस संबंध में बताया तो उसने वारदात की साजिश रची. पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले कठूमर क्षेत्र से एक बाइक चोरी कर अलवर पहुंचा. इसके बाद वह बुर्जा स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर पहुंचा और वहां मौजूद पेट्रोल पंप कर्मचारी सचिन की फोटो खींचकर अपनी प्रेमिका को भेजी.
अलवर में पेट्रोल पंप के सेल्समैन पर फायरिंग#Alwar #Rajasthan #BreakingNews #NDTV #NDTVRajasthan @AlwarPolice pic.twitter.com/PJWZZUkoRO
— NDTV Rajasthan (@NDTV_Rajasthan) July 11, 2026
बाइक चोरी करके आया था आरोपी
महिला से पुष्टि होने के बाद कि यही युवक उसे फोन करता है, आरोपी ने सचिन पर फायरिंग कर दी. गोली सचिन के कंधे में लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में पहले अलवर में उपचार दिया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध हथियार और आठ कारतूस बरामद किए हैं. इनमें से एक कारतूस का इस्तेमाल फायरिंग में किया गया था. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया जा रहा है.
जांच में सामने आया है कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए जिस बाइक से अलवर आया था, वह उसने कठूमर क्षेत्र से चोरी की थी. बाइक चोरी की घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं. इस संबंध में कठूमर थाने में भी अलग से मुकदमा दर्ज किया जाएगा. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम के साथ हाथापाई के दौरान उसे चोटें भी आई हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है.
वहीं, पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि वह पहले भी किसी वारदात में शामिल रहा है या नहीं. दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर हुई इस फायरिंग की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी. अब पुलिस के खुलासे के बाद मामला प्रेम प्रसंग और एकतरफा विवाद से जुड़ा होने की बात सामने आई है.
यह भी पढ़ें-
VIDEO: पेट्रोल पंप पर बाइक में डलवाया तेल, कर्मचारी ने मांगे पैसे तो पिस्टल निकाल मार दी गोली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं