राजस्थान के अलवर में पेट्रोल पंप पर कर्मचारी को पेट्रोल के पैसे मांगना भारी पड़ गया. पेट्रोल डालने के बाद कर्मचारी ने जैसे ही पैसे मांगे तो बाइक से आए नकाबपोश बदमाश ने गोली मार दी. इसके बाद मौके से बाइक से लेकर वह फरार हो गया. उधर पेट्रोल पंप कर्मचारी घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया. पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े हुई इस घटना ने हड़कंप मचा दिया. बाद में आगे नाकाबंदी कराकर फायरिंग करने वाले बदमाश को हिरासत में ले लिया गया है.
पैसे मांगे तो की आनाकानी
घटना शहर के सदर थाना क्षेत्र के बुर्जा स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुई है. जानकारी के अनुसार एक नकाबपोश युवक बाइक पर पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पहुंचा. पेट्रोल पंप कर्मचारी ने उसकी बाइक में पेट्रोल भर दिया, लेकिन जब भुगतान करने के लिए कहा तो युवक आनाकानी करने लगा. काफी समझाने और भुगतान का दबाव बनाने पर बाइक सवार ने जेब से अवैध हथियार निकाला और उस पर गोली चला दी.
गोली लगने से कर्मचारी गंभीर घायल
गोली लगने से पेट्रोल पंप पर कार्यरत सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया. फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पेट्रोल पंप संचालक ने सदर थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. गंभीर रूप से घायल सचिन को तत्काल उपचार के लिए अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
अलवर में पेट्रोल पंप के सेल्समैन पर फायरिंग#Alwar #Rajasthan #BreakingNews #NDTV #NDTVRajasthan @AlwarPolice pic.twitter.com/PJWZZUkoRO
— NDTV Rajasthan (@NDTV_Rajasthan) July 11, 2026
पुलिस के अनुसार घटना के बाद जिलेभर में नाकाबंदी कराई गई. इसी दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया. उससे पूछताछ की जा रही है और घटना में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा.
टीकाराम जूली ने सरकार को घेरा
फायरिंग की इस घटना पर राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े सेल्समैन को गोली मारने की घटना भाजपा सरकार के जंगलराज का जीता-जागता प्रमाण है. भाजपा सरकार के शासन में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अलवर में आए दिन चोरी, लूट, डकैती, फायरिंग और हत्याओं की घटनाएँ आम हो गई हैं.
अलवर के बुर्जा में पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े सेल्समैन को गोली मारने की घटना अत्यंत भयावह, निंदनीय और भाजपा सरकार के जंगलराज का जीता-जागता प्रमाण है।
— Tika Ram Jully (@TikaRamJullyINC) July 11, 2026
भाजपा सरकार के शासन में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अलवर में आए दिन चोरी, लूट, डकैती, फायरिंग और हत्याओं की… pic.twitter.com/M2PGsoBIr2
उधर पेट्रोल पंप कर्मचारी को गोली मारने की घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया. टीकाराम जूली ने खुद उस सीसीटीवी फुटेज को एक्स पर शेयर किया. जिसमें पेट्रोल पंप पर एक युवक बाइक में तेल भरवाने के बाद कर्मचारी से कुछ बातचीत कर रहा है. कुछ ही देर बाद वह जेब से पिस्टल निकाल लेता और कर्मचारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर देता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं