राजस्थान के बूंदी जिले में दीपावली के दिन एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया. पटाखे चलाने के दौरान हुए विस्फोट में 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई. पटाखे चला रहे बच्चे के हाथ में मौजूद स्टील के गिलास में रखा सुतली बम फट गया. धमाका इतना तेज था कि बच्चा गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़ा. परिजन उसे तत्काल बूंदी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया. घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई.
धमाके की आवाज सुनकर दौड़े पिता, लहूलुहान मिला बेटा
मृतक के पिता रामलाल कालबेलिया ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे घर में गोवर्धन पूजा की तैयारियां चल रही थीं. इसी दौरान उनका 12 वर्षीय बेटा साजन घर के पिछवाड़े अकेले पटाखे चला रहा था. परिवार के अन्य सदस्य पूजा की तैयारियों में व्यस्त थे. तभी अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर रामलाल घबराकर पीछे की ओर दौड़े. वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनका बेटा साजन खून से लथपथ जमीन पर पड़ा हुआ है. बेटे की हालत देखकर उनके होश उड़ गए. परिजनों की मदद से उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. जिस घर में कुछ देर पहले त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, वहां देखते ही देखते मातम छा गया.
स्टील के गिलास में सुतली बम फटने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार साजन घर के पिछवाड़े पटाखे चला रहा था. इसी दौरान स्टील के गिलास में रखे सुतली बम में विस्फोट हो गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ. धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि बच्चे को गंभीर चोटें आईं. हालांकि विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच पुलिस कर रही है. यह हादसा त्योहारों के दौरान पटाखों के साथ किए जाने वाले खतरनाक प्रयोगों के जोखिम को भी उजागर करता है.
तीन भाई-बहनों में मझला था साजन
परिवार के लोगों ने बताया कि रामलाल कालबेलिया के तीन बच्चे हैं. सबसे बड़ा बेटा दिलकुश, उससे छोटा साजन और सबसे छोटी बेटी पायल है. साजन तीनों भाई-बहनों में मझला था और परिवार का बेहद लाडला था.
मृतक के फुफेरे भाई लोकेश जोगी ने बताया कि सोमवार सुबह ही उसकी साजन से बात हुई थी. उसने साजन को 10 रुपये भी दिए थे. कुछ देर बाद उसे सूचना मिली कि साजन के साथ हादसा हो गया है और उसकी मौत हो गई है. इस खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया. सुबह तक जिस बच्चे के साथ परिवार हंस-बोल रहा था, दोपहर में उसकी मौत की खबर ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम कराया
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी रमेश आर्य पुलिस जाप्ते के साथ जिला अस्पताल पहुंचे. उन्होंने बताया कि घटनास्थल सदर थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई. सदर थाना के सहायक उपनिरीक्षक राम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
सलीम अली की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें : बांग्लादेश आतंकवादियों को पासपोर्ट जारी नहीं करता... शेख हसीना की मांग पर विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं