भारतीय एथलेटिक्स के लिए 2026 भले ही चोटों और चुनौतियों से भरा रहा हो, लेकिन साल के अंत में आई वर्ल्ड एथलेटिक्स रैंकिंग ने बड़ी खुशखबरी दी है. नीरज चोपड़ा, सचिन यादव, यशवीर सिंह और रोहित यादव समेत चार भारतीय जैवलिन थ्रोअर दुनिया के टॉप-12 में जगह बनाने में सफल रहे हैं. यह उपलब्धि भारत को पुरुष जैवलिन थ्रो में दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में खड़ा करती है.
वर्ल्ड रैंकिंग में नीरज चोपड़ा 1285 अंकों के साथ छठे स्थान पर हैं. उनके बाद सचिन यादव 10वें, यशवीर सिंह 11वें और रोहित यादव 12वें स्थान पर मौजूद हैं. खास बात यह है कि टॉप-10 में दो भारतीय खिलाड़ियों वाला भारत इकलौता देश है, जबकि टॉप-20 में सबसे ज्यादा चार भारतीय शामिल हैं. जर्मनी जैसे परंपरागत मजबूत देश के भी सिर्फ तीन खिलाड़ी टॉप-20 में हैं.
नीरज चोपड़ा का सीजन चोट के कारण जल्दी समाप्त हो गया था, जबकि सचिन यादव भी कोहनी की समस्या से जूझते रहे. इसके बावजूद दोनों खिलाड़ियों ने विश्व रैंकिंग में अपनी मजबूत स्थिति बरकरार रखी. वहीं यशवीर सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल और एशियाई खेलों में सिल्वर मेडल जीतकर अपनी पहचान मजबूत की. दूसरी ओर रोहित यादव ने 87.68 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ खुद को दुनिया के टॉप भाला फेंक खिलाड़ियों में शामिल कर लिया.
इस साल की सबसे बड़ी उपलब्धि सिर्फ नीरज चोपड़ा की रैंकिंग नहीं, बल्कि भारतीय जैवलिन की बढ़ती गहराई रही. कभी एक खिलाड़ी पर निर्भर रहने वाला भारत अब चार-चार विश्वस्तरीय जैवलिन थ्रोअर तैयार कर चुका है. यही वजह है कि आने वाले वर्षों में विश्व एथलेटिक्स मंच पर भारत की चुनौती पहले से कहीं ज्यादा मजबूत दिखाई दे रही है.
वर्ल्ड एथलेटिक्स पुरुषों की भाला फेंक रैंकिंग के टॉप-12 खिलाड़ियों के नाम और उनकी स्थिति
- रुमेश थरंगा पाथिरागे- श्रीलंका (1,423 अंक)
- एंडरसन पीटर्स- ग्रेनेडा
- जूलियन वेबर- जर्मनी
- केशोरन वाल्कोट- त्रिनिदाद और टोबैगो
- कर्टिस थॉम्पसन-अमेरिका
- नीरज चोपड़ा- भारत (1,285 अंक)
- डेविड वेगनर- पोलैंड
- अरशद नदीम- पाकिस्तान
- जूलियस येगो- केन्या
- सचिन यादव- भारत (1,245 अंक)
- यश वीर सिंह- भारत (1,228 अंक)
- रोहित यादव- भारत (1,226 अंक)
यह भी पढ़ें- विनोद कांबली के लिए मसीहा बने एकनाथ शिंदे! इलाज और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाएगी शिवसेना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं