कोटा रेल मंडल के श्रीमहावीरजी रेलवे स्टेशन पर बंदर ने महिला का पर्स लूट लिया. इसके बाद फुटओवर ब्रिज पर चढ़ गया. महिला के 40 हजार रुपये से भरे पर्स को झपट्टा मारकर छीन लिया. इसके बाद इन पैसों को हवा में उड़ाना शुरू कर दिया. इस दौरान स्टेशन पर मौजूद एक युवक ने इसका वीडियो बना लिया.
बंदर ने छीना पर्स
आरपीएफ के गंगापुर सिटी पोस्ट प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जनशताब्दी एक्सप्रेस से मंगलवार को महिला यात्री कैलाशी कोड़िया श्रीमहावीरजी स्टेशन पर पहुंची थी. ट्रेन के रवाना होने के बाद महिला प्लेटफार्म पर ही मौजूद थी. तभी एक बंदर उसके पर्स को खाने की थैली समझकर छीनकर ले गया, और फुटओवर ब्रिज पर बैठ गया. महिला के मुताबिक इस पर्स में करीब 40 हजार रुपए थे, जिन्हें बंदर ने बाहर निकालकर फेंकना शुरू कर दिया.
पैसों को हवा में उड़ाया
महिला कोटा से जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन से करौली के श्रीमहावीरजी रिश्तेदार को पैसे देने आई थी. महिला प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर उतरी. एक बंदर ने उसका पर्स छीनकर स्टेशन के भवन पर चढ़ गया. महिला ने शोर मचाया तब तक बंदर फुट ओवरब्रिज पर पहुंच चुका था. उसके पर्स से 100, 200 और 500 के नोटों को हवा में उड़ाने लगा.
रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्री, स्टॉफ और आरपीएफ के कर्मचारी बीनने लगे. नोट बीनने के बाद महिला को पैसे वापस कर दिए. महिला को 39 हजार रुपये वापस मिल गए. बाकी 1 हजार रुपये इधर-उधर उड़ गए होंगे, जो नहीं मिले.
महिला ने किया धन्यवाद
मौके पर मौजूद स्टाफ और अन्य रेलवे के कर्मचारियों ने इन पैसों को काफी मशक्कत के बाद इकट्ठा किया और वापस महिला को लौटाया. मौके पर मौजूद वरिष्ठ टेक्नीशियन पावर विवेक शर्मा, टेक्नीशियन टेलीकॉम प्रहलाद शर्मा, कांस्टेबल अखिलेश कुमार आरपीएफ व सफाई कर्मी मुकेश के साथ अन्य कर्मचारियों व यात्रियों ने मदद की थी. महिला ने इन सभी का धन्यवाद भी किया है.
यह भी पढ़ें: "मेरी चमड़ी की जूती भी बना लूं तो गोरधनराम और 36 कौम का ऋण नहीं चुका पाऊंगा", फूट-फूटकर रो पड़े हेमाराम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं