शुद्ध आहार मिलावट पर अभियान के अंतर्गत आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉक्टर टी. शुभमंगला के निर्देश पर सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की टीम ने प्रताप नगर हल्दीघाटी गेट स्थित रेस्टोरेंट एवं फूड स्टॉल्स का सघन निरीक्षण किया. सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉक्टर मनीष मित्तल ने बताया कि KFC रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया, जिसमें कई कमियां पाई गई. नॉनवेज खाद्य पदार्थों का रखरखाव उचित तापमान पर नहीं किया गया था.
नॉनवेज से आ रही थी दुर्गंध
खुली हुई प्लास्टिक की थैलियों में नॉनवेज चिलर में रखे हुए थे, जिसमें दुर्गंध पाई गई. जिस ओवन में नॉन वेज खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी, उसमें जला हुआ खाद्य चिपका हुआ पाया गया, जिसकी सफाई बहुत दिन से नहीं हुई थी. उपयोग में ली जा रही मेयोनीज, सॉस आदि की बोतलों पर लेबलिंग नहीं की गई थी.
संस्थान में फूड लाइसेंस डिस्प्ले नहीं पाया गया. इन कमियों के लिए फर्म को इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया जाएगा. मौके पर जिस रिफाइंड पामोलीन तेल में फ्रेंच फ्राइज आदि तैयार की जा रही थी, उसकी क्वालिटी खराब होने का अंदेशा होने पर यूज़्ड ऑयल का नमूना जांच के लिए लिया गया.

सात दिन पहले कटा प्याज मिला
बर्गर फार्म का निरीक्षण किया गया. वहां उपयोग में लिए जा रहे खाद्य तेल को बिना जांचें लंबे समय तक काम में लिया जा रहा था, जिसका नमूना जांच के लिए लिया गया. डीप फ्रिज, कोल्ड स्टोरेज का टेम्प्रेचर नियमानुसार कंट्रोल नहीं किया जा रहा था. सात दिन पहले काटकर पैक की गई पत्ता गोभी और प्याज जो बर्गर आदि तैयार करने में उपयोग की जा रही थी, दूषित पाई गई जिसे मौके पर नष्ट करवाया गया.
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
हल्दीघाटी चौपाटी स्थित लगभग 20 फूड स्टॉल्स का टीम ने निरीक्षण किया. खाद्य पदार्थों को ढक कर रखने. अच्छी क्वालिटी की सामग्री उपयोग में लेने. पनीर टिक्का और मोमोज आदि में फूड कलर उपयोग में नहीं लेने. फूड लाइसेंस डिस्प्ले करने और साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए गए हैं.
टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी के साथ नव नियुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, निधी,बबीता बडगूजर,के पी भारद्वाज,ओमाशंकर,रिमिका माथुर शामिल रहे.
यह भी पढ़ें: वसुंधरा-पूनिया के साथ मंगल की 'हटके' एंट्री ने खींचा सबका ध्यान, मन्नालाल रावत BJP के लिए क्यों खास?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं