विज्ञापन

'शादीशुदा शख्स के संपर्क में थी निधि, फांसी के वक्त वीडियो कॉल पर था', इन्फ्लुएंसर की मां ने बताई पूरी कहानी

सिंगरौली की इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत पर रहस्य बरकरार है. मृतका की मां ने बताया कि दो साल से सोनू नाम के शादीशुदा युवक उसके संपर्क में था.

'शादीशुदा शख्स के संपर्क में थी निधि, फांसी के वक्त वीडियो कॉल पर था', इन्फ्लुएंसर की मां ने बताई पूरी कहानी
निधि तिवारी के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कई लाख फॉलोअर्स थे. (File Photo)

मध्य प्रदेश के सिंगरौली की चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मिस प्रिटी इंडिया विजेता निधि तिवारी की मौत के दो दिन बाद भी इस मामले से रहस्य का पर्दा नहीं उठ पाया है. जब हम निधि के घर पहुंचे, तो परिवार सदमे में था. बातचीत के दौरान कई बार माहौल गमगीन हो गया. मां हेमलता तिवारी बेटी को याद करते हुए बार-बार रुक जाती हैं. उनकी आंखों में बेटी को खोने का दर्द साफ दिखाई देता है. बातचीत के दौरान कई बार उनकी आवाज भर्रा गई. उन्होंने बताया कि निधि सिर्फ उनकी बेटी नहीं थी, बल्कि पूरे परिवार की सबसे बड़ी ताकत थी. परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने से लेकर भविष्य के सपने संजोने तक, हर काम में वह आगे रहती थी.

निधि तिवारी की मां के मुताबिक, निधि अपनी जिंदगी की सबसे अहम दौर से गुजर रही थी. सोशल मीडिया पर उसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही थी. लाखों फॉलोअर्स उसे पसंद करते थे. ब्रांड प्रमोशन, मॉडलिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उसका प्रभाव बढ़ रहा था. इतना ही नहीं, वह अपने परिवार के लिए एक बड़ा घर भी बनवा रही थी.

परिवार को उम्मीद थी कि आने वाले वक्त में निधि और भी बड़ी सफलता हासिल करेगी. लेकिन इसी बीच सब कुछ बदल गया. निधि की मौत की खबर ने पूरे परिवार को अंदर तक तोड़ दिया. मां का कहना है कि जिस बेटी ने हमेशा परिवार को संभाला, वही अचानक हमें छोड़कर चली जाएगी, इसकी कल्पना तक नहीं की जा सकती थी.

'पिछले कुछ दिनों से परेशान थी निधि...'

निधि की मां ने दावा किया कि पिछले कुछ वक्त से निधि की निजी जिंदगी में तनाव बढ़ रहा था. एक युवक के साथ उसके संबंधों को लेकर कई तरह की परेशानियां सामने आ रही थीं. युवक निधि की गतिविधियों पर नजर रखता था और कई बार दोनों के बीच विवाद भी होता था.

परिवार का दावा है कि निधि कई बार इन बातों को लेकर परेशान दिखाई देती थी. हालांकि, परिवार यह भी कहता है कि उसने कभी खुलकर अपनी परेशानियों के बारे में ज्यादा बात नहीं की. यही वजह है कि अब परिवार भी यह समझने की कोशिश कर रहा है कि आखिर उसके मन में क्या चल रहा था.

पड़ोसियों, परिचितों और स्थानीय लोग कहते हैं कि निधि बेहद मेहनती और महत्वाकांक्षी लड़की थी. उसने अपनी पहचान संघर्ष के दम पर बनाई थी. छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना आसान नहीं होता, लेकिन निधि ने यह कर दिखाया था.

लोग बताते हैं कि वह हमेशा पॉजिटिव नजर आती थीं. अपने काम को लेकर सीरियस थी और भविष्य की योजनाओं पर लगातार काम कर रही थी. यही वजह है कि उसकी मौत की खबर ने सभी को चौंका दिया.

ये भी पढ़ें: 'खुद से प्यार करो...', 16 लाख फॉलोअर्स वाली एन्फ्लुएंसर निधि तिवारी ने किया सुसाइड, फिल्मी दुनिया में जाने का था सपना

निधि की मां ने बताई सुसाइड के पीछे की वजह...

निधि की मां हेमलता तिवारी ने बताया कि निधि दो साल से दिल्ली-पंजाब के रहने वाले सोनू नामक लड़के के संपर्क में थी. सोनू से उसकी मुलाकात सिंगरौली के एक होटल में हुई थी. उसके बाद दोंनो के बीच बातचीत शुरू हो गई. सोनू सिंह पहले से ही शादीशुदा था, लेकिन यह बात निधि को पता नहीं थी. बाद में उसे जैसे ही पता चला, दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ. यह बात निधि ने अपने परिजनों को भी बताई थी.

निधि का मां बताती हैं कि मामला शांत हो गया था. दोनों के बीच पहले की तरह बातचीत होने लगी थी. घटना के दिन भी आखिरी बार कॉल पर सोनू से ही उसकी बात हुई थी. वीडियो कॉल में उसने फांसी लगाते हुए देखा भी था, जिसके बाद उसने मुझे कॉल करके बताया की आप ऊपर निधि के कमरे में जाकर देखिए कि निधि क्या कर रही है. इसके बाद सोनू ने कॉल काटकर फोन बंद कर लिया.

फिलहाल, पुलिस अब निधि की मौत से पहले के घटनाक्रम को जोड़ने की कोशिश कर रही है. मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड, चैट हिस्ट्री और डिजिटल गतिविधियों की जांच की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस आत्महत्या की गुत्थी सुलझ जाएगी.

ये भी पढ़ें: देश का सबसे अनोखा पुल, न नदी, न नाला, न सड़क... खेतों के बीच कर द‍िया निर्माण 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Singrauli, Madhya Pradesh, Nidhi Tiwari Dies, Social Media Influence, Love Affair
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com