- राजस्थान के नागौर जिले में एक महिला बैंक मैनेजर की सर्तकता से लूट की वारदात रुक गई.
- आरोपी बैंक के पास लगे ATM मशीन को लूटने पहुंचे थे, लेकिन अर्लाम से मैनेजर को जानकारी मिल गई.
- वह आधी रात को मौके पर पहुंची और तुरंत शटर बंद करके चोरों को अंदर ही फंसा दिया.
नागौर में एटीएम लूटने घुसे दो बदमाशों को यूको बैंक की महिला ब्रांच मैनेजर ने आधी रात में पकड़ लिया. बताया जा रहा है कि बैंक में ही लगे एटीएम को लूटने के इरादे से चोर यहां पहुंचे थे. लेकिन ई-सर्विलांस सिस्टम की वजह से महिला बैंक मैनेजर को तुरंत मैसेज मिल गया. ऐसे में ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी अपने पति के साथ एटीएम बूथ पर पहुंची, उन्होंने देखा कि आरोपी गैस कटर समेत अन्य औजारों के साथ एटीएम लूटने के लिए बूथ के अंदर घुसे थे. उन्होंने तुरंत फुर्ती दिखाते हुए शटर को बाहर से बंद कर दिया. जिससे चोर अंदर ही फंसकर रह गए और उन्हें भागने का कोई मौका नहीं मिला. महिला मैनेजर ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी और चोरों को पकड़वा दिया.
मारवाड़ के मुंड़वा शहर की घटना
घटना मारवाड़ मूंडवा थाना क्षेत्र के नागौर रोड पर स्थित यूको बैंक के एटीएम की रविवार देर रात करीब 2 बजे की है. जहां बैंक में लगे एटीएम को लूटने की कोशिश हुई थी. ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी ने बताया सोमवार से बैंकों की तीन दिन की हड़ताल प्रस्तावित थी. ऐसे में बैंक के एटीएम में कैश डाला गया था. एटीएम में 16 लाख 900 रुपए थे. रात को 2 बजकर 4 मिनट पर बैंक के अजमेर रीजनल सुरक्षा अधिकारी गौतम नागर को ई-सर्विलांस से एटीएम में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी. उन्होंने तुरंत मुझे जानकारी दी की कुछ गड़बड़ हो रहा है. महिला अपने परिवार के साथ बैंक के ऊपर बने क्वार्टर में ही रहती हूं. सूचना मिलते ही मैं पति के साथ एटीएम बूथ पर पहुंचीं. देखा तो शटर नीचे था और अंदर कुछ हलचल थी.
शटर कर दिया बंद
महिला मैनेजर ने तुरंत शटर को बंद कर दिया. उन्होंने बताया मैंने तुरंत शटर को बाहर से लॉक किया और पुलिस को सूचना दी. 8 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंची. आरोपियों के पास गैस कटर, पेचकस जैसे उपकरण का बैग था और एटीएम को ऊपर से खोल रखा था. आरोपियों ने एटीएम का अपर कवर तोड़ दिया था. सीसीटीवी कैमरों पर ग्रीस लगाने के साथ कनेक्टिविटी वायर भी काट दिए, लेकिन वे कैश डोर नहीं काट पाए थे.
ये वीडियो भी देखिए
बिहार के रहने वाले हैं आरोपी
थाना प्रभारी पूरबाराम ने बताया पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. जिनके नाम भरत प्रजापत और कोमल कुमार राजपूत हैं, दोनों बिहार के रहने वाले हैं. इन्होंने ही एटीएम लूटने का प्लान बनाया था. भरत प्रजापत मूंडवा में ढाबा चलाता है, जबकि कोमल उसके यहां काम करता है. दोनों एक अन्य व्यक्ति की मोटरसाइकिल लेकर आए थे. पुलिस ने मोटरसाइकिल मालिक को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस को रात 2 बजकर 13 मिनट पर सूचना मिली थी. जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया है.
ये भी पढ़ेंः गांव के लड़के ने 4 बार क्रैक की UPSC, कौन हैं सुनील कुमार? IPS से IAS बनकर IFS संग की शादी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं