Jaipur Today News Live: नमस्कार! NDTV के जयपुर लाइव पेज (Jaipur LIVE Page) पर आपका स्वागत है. यहां हम आपको शहर की राजनीति, प्रशासनिक गतिविधियों, ट्रैफिक अपडेट, वेदर, क्राइम और शिक्षा के अलावा अन्य अहम घटनाओं की पल-पल की जानकारी देंगे. ग्राउंड पर मौजूद अपने अनुभवी संवाददाताओं की टीम और अन्य विश्वसनीय सोर्स के माध्यम से राजधानी से जुड़ी हर बड़ी और छोटी खबर आप तक पहुंचाते रहेंगे। सबसे पहले हर अपडेट के लिए हमारे लाइव ब्लॉग के साथ बने रहिए.
जयपुर: अमानक सॉस-मेयोनीज फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई, 2280 किलो सामग्री सीज
जयपुर के खो नागौरियान क्षेत्र में 'नेचुरल' ब्रांड के नाम से चल रही एक सॉस एवं मेयोनीज फैक्ट्री पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान के तहत टीम ने अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार होते पाया. मौके से 2280 किलो सामग्री सीज की गई और 1400 किलो अमानक उत्पाद नष्ट करवाए गए. स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने के कारण फर्म का लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है.
जयपुर: हुक्का बार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, मैनेजर गिरफ्तार
जयपुर में पुलिस ने अवैध हुक्का बारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने एक 3D रेस्टोरेंट और बजाज नगर पुलिस ने मरकरी कैफे पर छापा मारा. पुलिस ने मौके से दर्जनों हुक्के, फ्लेवर और अन्य प्रतिबंधित सामान जब्त किया है. डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में दोनों रेस्टोरेंट के मैनेजरों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस की इस सख्ती से इलाके के अवैध हुक्का संचालकों में हड़कंप मच गया है.
जयपुर: मकान का मलबा गिरने से महिला की मौत, 7 दिन पहले गई थी मासूम की जान
जयपुर के सुभाष चौक इलाके में मकान मालिक शाकिर खान की घोर लापरवाही से एक बड़ा हादसा हुआ. जर्जर मकान को बिना सुरक्षा मानकों के तोड़ा जा रहा था, तभी मलबा नीचे से गुजर रही शकीरा नाम की महिला पर गिर गया, जिससे महिला की मौत हो गई. गौरतलब है कि इसी मकान में किराए पर सैकड़ों लोग रहते हैं. मात्र सात दिन पहले इसी स्थान पर प्लास्टर गिरने से पांच महीने के मासूम अब्दुल कादिर की मौत हुई थी. स्थानीय लोगों ने निगम को कई बार शिकायत की, लेकिन प्रशासन की उदासीनता के कारण आज फिर एक जान जोखिम में पड़ गई.

जयपुर: खोह नागोरियान पुलिस की बड़ी कामयाबी, अंतर्राष्ट्रीय नशा तस्कर गिरफ्तार
राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राष्ट्रीय नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 50 ग्राम अवैध स्मैक और तस्करी से अर्जित 11 लाख 40 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं. आरोपी जयपुर में मादक पदार्थों की बड़ी खेप सप्लाई करने का मुख्य सरगना था.
राजस्थान SOG की बड़ी कार्रवाई, प्राध्यापक भर्ती घोटाले में 2 डमी परीक्षार्थी गिरफ्तार
राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG) ने प्राध्यापक हिन्दी (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2022 में धांधली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. SOG ने मामले में मुख्य अभियुक्त दलपत लाल मीणा और रुकमकेश मीणा को गिरफ्तार किया है. आरोपी दलपत लाल ने परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए डमी परीक्षार्थियों का सहारा लिया था. इस संबंध में SOG ने धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120बी और राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.
Rajasthan News: गोविंद सिंह डोटासरा ने पेपर लीक को लेकर शिक्षा विभाग पर उठाए सवाल
राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि, राजस्थान यूनिवर्सिटी की परीक्षा में प्रश्न-पत्र की जगह उत्तर-पुस्तिका बांट दी गई। पिछले ढाई सालों में राजस्थान में 10 बड़ी परीक्षाओं में नकल हुई है, तो फिर कौन-सा पेपर लीक बिना सुलझाए रह गया है? NEET 2024, 2025, 2026, यूनिवर्सिटी परीक्षाएं, SSC और अन्य प्रतियोगी परीक्षाएं-सभी के पेपर लीक हो रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है, तो शिक्षा विभाग की प्राथमिकता क्या है? क्या पेपर लीक और परीक्षा से जुड़ी गड़बड़ियों को रोकने और जवाबदेही तय करने के लिए कोई ठोस रोडमैप बनाया गया है?
राजस्थान विश्वविद्यालय की परीक्षा में प्रश्नपत्र की जगह आंसर शीट दे दी जाती है, पिछले ढाई साल में राजस्था में 10 अधिक परीक्षाओं में धांधली हुई, फिर कौनसा पेपर लीक बाकी रह गया?
— Govind Singh Dotasra (@GovindDotasra) June 18, 2026
NEET 2024, 2025, 2026, विश्वविद्यालय परीक्षाएं, SCC और अन्य प्रतियोगी परीक्षाएं सब लीक हो रही हैं। सबसे… pic.twitter.com/wsYSzU50aW
NCC कैडेट बने युवा आपदा मित्र, सीखे आपदा प्रबंधन और बचाव के गुर
आपदा प्रबंधन में स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एसडीआरएफ), जिला प्रशासन और पुलिस के साथ अब एनसीसी कैडेट भी सहयोग के लिए आगे रहेंगे. राजस्थान पुलिस की ओर से ‘युवा आपदा मित्र योजना‘ के तहत जे.एल.एन मार्ग स्थित एनसीसी परिसर में 7 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. यहां 57 एनसीसी कैडेट्स को आपदा बचाव कार्यों में सहयोग प्रदान करने सम्बंधित प्रशिक्षण दिया गया.
Rajasthan Traffic: राजस्थान पुलिस ने दो हफ़्तों में किए 1.16 लाख से ज्यादा चालान
सड़कों को सुरक्षित बनाने और यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों को सबक सिखाने के लिए पुलिस का महा-अभियान हर दिन एक नया मुकाम हासिल कर रहा है. महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के कड़े दिशा-निर्देशों और महानिदेशक पुलिस यातायात अनिल पालीवाल और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बी.एल. मीणा के सीधे पर्यवेक्षण में चल रही इस मुहिम ने उन वाहन चालकों की नींद उड़ा दी है जो काली फिल्म, अवैध बत्तियों और हूटर के दम पर सड़कों पर रसूख दिखाते घूमते थे.
Jaipur News: जयपुर में अपंजीकृत और बिना फिटनेस के चल रहे 250 ई-रिक्श जब्त
जयपुर में आमजन को सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने एवं सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण हेतु यातायात पुलिस अनवरत प्रयासरत है. इस क्रम में यातायात पुलिस जयपुर द्वारा जयपुर शहर में दिनांक 13.06.2026 से लेकर दिनांक 17.06. 2026 तक पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल के सुपरविजन में जयपुर शहर में यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहे अपंजीकृत एवं बिना फिटनेस के चल रहे ई-रिक्शों के विरूद्ध अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही की गई. अभियान के दौरान ई-रिक्शा/ई-कार्ट के स्वामी/चालकों की लाईसेंस, आई.डी., वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट व अन्य जारी दस्तावेजों को चैक किया गया एवं ई-रिक्शा चालकों को समझाइश कर सही संचालन के नियमों की जानकारी दी गई.

Jaipur News: सचिन पायलट की पांचना बांध जल विवाद पर जल्द समाधान की अपील
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने करौली के पांचना बांध जल विवाद को लेकर राज्य सरकार से जल्द और संतुलित समाधान निकालने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यह कोई नया विवाद नहीं है बल्कि वर्षों से चला आ रहा मुद्दा है. ऐसे मामलों में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह सभी पक्षों को विश्वास में लेकर बातचीत करे और ऐसा समाधान निकाले जिससे किसी भी क्षेत्र या वर्ग के साथ अन्याय न हो.
Rajasthan Hindi News: CM भजनलाल शर्मा ने युवाओं के साथ किया योगाभ्यास
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर, युवाओं के साथ योगाभ्यास किया. उन्होंने कहा कि योग मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली, भारत की प्राचीन जीवन-पद्धति है. जो हमें ऊर्जा, सकारात्मकता और आत्मविश्वास से भरकर, स्वस्थ एवं सार्थक जीवन जीने की प्रेरणा देती है. उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रतिदिन योग को, अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए स्वस्थ, सुखी और सशक्त राजस्थान के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की.
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर, युवाओं के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली, भारत की प्राचीन जीवन-पद्धति है। जो हमें ऊर्जा, सकारात्मकता और आत्मविश्वास से भरकर, स्वस्थ एवं सार्थक जीवन जीने की प्रेरणा… pic.twitter.com/C88NCoXowR
— CMO Rajasthan (@RajCMO) June 18, 2026
Rajasthan News: CM भजनलाल शर्मा ने कृषि उपज मण्डी समितियों में विकास कार्यों को दी स्वीकृति
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य की विभिन्न कृषि उपज मण्डी समितियों के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए 18 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है. इससे मण्डी यार्ड निर्माण, संपर्क सड़कों का निर्माण तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के कार्य करवाए जाएंगे.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कृषि उपज मण्डी समितियों में विकास कार्यों को दी स्वीकृति
— सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, राजस्थान सरकार (@DIPRRajasthan) June 18, 2026
18 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से मण्डी यार्ड, संपर्क सड़क निर्माण एवं क्षतिग्रस्त संपर्क सड़कों की होगी मरम्मत
किसानों और व्यापारियों को मिलेगी आधारभूत सुविधाएं,मण्डियों में आवक बढ़ने से…
Rajasthan News: राजस्थान विश्वविद्यालय में PHD प्रवेश प्रक्रिया स्थगित
राजस्थान विश्वविद्यालय में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बाद PHD प्रवेश प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया है. छात्र आरक्षण संबंधी अनियमितता को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. छात्रों का आरोप था कि विश्वविद्यालय प्रशासन आरक्षण नियमों की अनदेखी कर रहा है, साथ ही बैकडोर एंट्री करने के प्रयास हो रहे हैं.
Jaipur Live Weather Update: जयपुर में तेज रफ्तार आंधी के साथ बारिश का अलर्ट
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज 18 जून की शाम को जयपुर संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन के साथ 60-70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी का पूर्वानुमान है. इसके साथ ही कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है.
SC के आदेश के खिलाफ सड़कों पर उतरे राजस्थान के टीचर, TET अनिवार्यता के खिलाफ आक्रोश
सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश ने राजस्थान के हजारों शिक्षकों के भविष्य पर संकट खड़ा कर दिया है. कोर्ट के फैसले के बाद 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों के लिए भी अब 'शिक्षक पात्रता परीक्षा' (TET) पास करना अनिवार्य हो गया है. इस निर्णय से राज्य के शिक्षकों में भारी आक्रोश है. अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के नेतृत्व में शिक्षक सड़कों पर उतर आए हैं. उनका तर्क है कि नियुक्ति के समय TET का प्रावधान नहीं था, इसलिए वर्षों बाद इसे थोपना अनुचित है. जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर शिक्षक अपनी पुरानी सेवा शर्तों को सुरक्षित रखने की मांग कर रहे हैं.
नए फायर सेफ्टी नियम लागू
राजस्थान में बढ़ती आगजनी की घटनाओं के बीच सरकार की ओर से नए फायर सेफ्टी नियम लागू कर दिए गए हैं. नए नियमों में सभी कमर्शियल भावनों, होटलों, मॉल, पीजी के साथ अपार्टमेंट्स के लिए भी कड़े दिशा निर्देश जारी किए गए हैं. सभी भवनों को अब राजस्थान में फायर एनओसी लेना अनिवार्य कर दिया गया है. सभी प्रतिष्ठानों को स्वायत्त शासन विभाग की वेबसाइट पर जाकर एनओसी के लिए आवेदन करना होगा. फायर नियमों की अवहेलना करने पर कार्रवाई भी की जाएगी.
चांदी के कड़ों के लिए महिला की हत्या
जयपुर में चांदी के कड़ों के लिए महिला की हत्या कर दी.लूट के बाद कुएं में शव फेंक दिया. परिजन 8 दिन से ढूंढ रहे थे. पुलिस ने बीना देवी के शव को बाहर निकाला. 
जैसलमेर-जयपुर फ्लाइट फिर बंद
जैसलमेर-जयपुर फ्लाइट एक बार फिर बंद हो गई. जैसलमेर से जयपुर के बीच फ्लाइट सेवा ऑफ-सीजन में पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई. 3 मई को शुरू हुई सेवा महज 12 फेरों के बाद बंद हो गई. 14 जून को आखिरी फेरा किया. जयपुर से जैसलमेर केवल 147 यात्री पहुंचे थे. जैसलमेर से जयपुर 126 यात्रियों ने सफर किया. 46 सीटों वाले विमान में यात्री भार बहुत कम था. प्रति फेरा औसतन 10 से 11 यात्री ही मिले. कम बुकिंग से एयरलाइन को भारी आर्थिक नुकसान हुआ. शुरुआती दो सप्ताह में 30 लाख से अधिक घाटा बताया गया है. ल नुकसान करीब 90 लाख रुपए तक पहुंचने का अनुमान है.
राजस्थान विश्वविद्यालय में प्रो. एसके गुप्ता को कमरे में बंद किया, आरक्षण को लेकर विरोध
राजस्थान विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश में OBC, SC, ST, MBC और EWS वर्गों को आरक्षण नहीं देने पर छात्रों ने विरोध जताया. पीएचडी प्रवेश कन्वीनर प्रो एसके गुप्ता को छात्रों ने कमरे में बंद कर दिया. पीएचडी प्रकिया में नियमों की पालना करने की मांग की और धरने पर बैठे गए. छात्र नेता नीरज खीचड और डॉ. रामसिंह सामोता मौजूद रहे.
Jaipur News LIVE: राजस्थान हाई कोर्ट ने प्रेग्नेंट नाबालिग को गर्भपता करने की अनुमति दी
राजस्थान हाईकोर्ट ने दुष्कर्म के कारण प्रेग्नेंट हुई एक नाबालिग लड़की को 25 हफ्ते का गर्भ समाप्त करने की अनुमति दी है. जस्टिस बिपिन गुप्ता ने पीड़िता की मां द्वारा दायर याचिका पर सुनाई करते हुए यह फैसला दिया है. कोर्ट ने संबंधित जिले के मेडिकल बोर्ड को निर्देश दिए हैं कि सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं के साथ सुरक्षित रूप से गर्भपात कराया जाए. कोर्ट ने अपने आदेश में यह भी कहा है कि यदि प्रक्रिया के दौरान शिशु का जन्म होता है, तो उसकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी.
यहां विस्तार पढ़ें खबर: राजस्थान हाई कोर्ट ने प्रेग्नेंट नाबालिग को गर्भपात कराने की अनुमति दी, रेप से हुई थी गर्भवती
Jaipur News LIVE: सीएम भजनलाल शर्मा ने किया योग
12 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर क्रीड़ा भारती राजस्थान और आरएसी जवानों के साथ योग एवं प्राणायाम अभ्यास किया. इस अवसर पर उन्होंने नियमित योग को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की आधारशिला बताते हुए प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया. 
Jaipur Today News LIVE: जयपुर में मेडिकल की आड़ में कर रहा था नशे का कारोबर, पुलिस ने मारा छापा
जयपुर में मेडिकल की आड़ में चल रहे नशे के कारोबार का पर्दाफाश हुआ है. जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने नार्यानी मेडिकल पर मारा छापा मारा. 196 एविल इंजेक्शन पुलिस ने बरामद किए. आरोपी विनोद को गिरफ्तार कर लिया. डीसीपी नार्थ करन शर्मा के निर्देश पर कार्रवाई हुई.
Jaipur Today News LIVE: डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने किया योग
राजस्थान के डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने आज सुबह जयपुर स्थित राजकीय आवास 384 के उद्यान परिसर में परिवार और स्टाफ के साथ विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाओं के साथ योगाभ्यास किया. उन्होंने कहा कि योग हमारे शरीर को ऊर्जा, मन को स्थिरता और जीवन को संतुलन प्रदान करने की प्रभावी साधना है. नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति, एकाग्रता और आत्मविश्वास भी मजबूत होता है. आप सभी से आग्रह है कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं. आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर योग के इस जनआंदोलन को मजबूत बनाएं.
योग: कर्मसु कौशलम्
— Dr Prem Chand Bairwa (@DrPremBairwa) June 18, 2026
आज सुबह जयपुर स्थित राजकीय आवास 384 के उद्यान परिसर में परिवार और स्टाफ के साथ विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाओं के साथ योगाभ्यास किया।
योग हमारे शरीर को ऊर्जा, मन को स्थिरता और जीवन को संतुलन प्रदान करने की प्रभावी साधना है। नियमित योगाभ्यास से… pic.twitter.com/LJF10c0k5B
पांचना जल विवाद के समाधान के लिए किसानों प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आज
राज्य सरकार के निर्देश पर पांचना बांध से कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग एवं जल बंटवारे से संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए भरतपुर संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में महत्वपूर्ण चर्चा की गई. बैठक में जिला कलक्टर सवाई माधोपुर काना राम, जिला कलक्टर करौली अक्षय गोदारा, सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में पांचना बांध के जल प्रबंधन, कमांड एवं कैचमेंट क्षेत्र के हितों तथा वर्तमान परिस्थितियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया. संभागीय आयुक्त ने बताया कि दोनों जिलों के किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए विवाद के शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मत समाधान के लिए गुरुवार 18 जून को शाम 5 बजे संभागीय आयुक्त कार्यालय, भरतपुर में किसान प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी.
Jaipur News LIVE: सस्ते टूर पैकज का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
जयपुर में लोगों को सस्ते टूर पैकेज का झांसा देकर ठगी कने वाले गिरोह का खुलासा हो गया. पुलिस ने दो आरोपियों नरेंद्र सिह और मोहित सिंह को गिरफ्तार कर लिया. इनके पास से दो मोबाइल, क्रेडिट कार्ड और अन्य दस्तावेज मिले हैं, जिसकी जांच की जा रह है.