विज्ञापन
10 hours ago

NDTV के इस विशेष जयपुर लाइव पन्ने (Jaipur LIVE page) पर आपका स्वागत है. इस पन्ने पर आप राजस्थान की राजधानी जयपुर से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबरें पाएंगे. यह पन्ना पूरे दिन अपडेट होता रहेगा जिससे आप जयपुर के हर बड़े घटनाक्रम को एक साथ इस लाइव  पन्ने पर पढ़ सकेंगे. कल, 27 जून को जयपुर में बुजुर्ग महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई. इस मामले में पुलिस की जांच जारी है. श्याम नगर स्थित 'हैरो कैफ़े एंड क्लब' में अवैध रूप से चल रहे हुक्का बार पर पुलिस ने एक्शन लिया. राजस्थान में राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर भी कयासबाजी तेज हो गई है. 

ऐसी कई अहम खबरें हमारे इस स्पेशल लाइव पेज पर एक साथ उपलब्ध रहेंगी और यह पन्ना लगातार अपडेट होता रहेगा. जयपुर में NDTV के संवाददाताओं तथा अन्य स्रोतों के माध्यम से हम शहर की हर बड़ी खबर आप तक पहुंचाते रहेंगे. तो जयपुर की ताजातरीन खबरों पर नजर रखने के लिए जुड़े रहें NDTV के इस लाइव पेज से.

कल दिनभर की अहम खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें. 

Here are the Live Updates of Jaipur News Today:

यमुना जल समझौता: दिल्ली में कल MoA पर हस्ताक्षर करेंगे CM भजनलाल, परियोजना को मिलेगा कानूनी रूप

 मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कल (सोमवार) जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे. दिल्ली के कर्तव्य भवन में यमुना जल परियोजना के निर्माण और कार्यान्वयन को लेकर एक MoA साइन किए जाएंगे. यह एग्रीमेंट राजस्थान और हरियाणा सरकार के बीच होने जा रहा है. इससे पहले दोनों राज्यों के बीच MoU हुआ था, जिसके बाद डीपीआर (DPR) तैयार की गई. इस डीपीआर के तहत पानी के बंटवारे और अलाइनमेंट पर पूरी सहमति बन चुकी है. सोमवार को होने वाले इस फाइनल एग्रीमेंट में दोनों राज्यों के आर्थिक योगदान और अन्य खर्चों का विस्तृत ज़िक्र होगा.  सबसे जरूरी बात यह है कि इस MoA पर हस्ताक्षर होते ही इस पूरे समझौते को वैधानिक बाध्यता मिल जाएगी, जिसके जरिए यमुना जल समझौते को कानूनी अमलीजामा पहनाया जा सकेगा.

CM भजनलाल शर्मा ने पचपदरा रिफाइनरी के कंट्रोल रूम और क्रूड यूनिट का किया बारीकी से निरीक्षण

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सीएम भजनलाल शर्मा रविवार को बालोतरा पहुंचे. यहां उन्होंने पचपदरा रिफाइनरी का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी परिसर और मुख्य कार्यक्रम स्थल का जायजा लेते हुए उच्चाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री शर्मा ने रिफाइनरी की 'क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट' और 'मेन कंट्रोल रूम' का भी दौरा किया, जहां तकनीकी विशेषज्ञों और अधिकारियों ने उन्हें रिफाइनरी की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया. साथ ही, वहां तैयार होने वाले विभिन्न सह-उत्पादों (बाय-प्रोडक्ट्स) के सैंपल्स दिखाकर तकनीकी व संचालन संबंधी पहलुओं की जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सभी तैयारियां समय पर और विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं.

CM भजनलाल शर्मा ने पचपदरा रिफाइनरी के कंट्रोल रूम और क्रूड यूनिट का किया बारीकी से निरीक्षण

जयपुर पुलिस ने फिरौती मांगने वाला ₹5,000 का इनामी बदमाश पीयूष गिरफ्तार

 जयपुर की प्रताप नगर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए रंगदारी और फिरौती मांगने के मामले में फरार चल रहे एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया आरोपी पुलिस की ओर से पांच हजार रुपये का इनामी बदमाश घोषित था, जिसकी पहचान पीयूष के रूप में हुई है. पुलिस टीम पिछले काफी समय से इसकी तलाश में जुटी हुई थी. इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा के कड़े निर्देशों पर तथा एडीसीपी  आलोक सिंघल के कुशल मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया है.  

रिफाइनरी उद्घाटन की तैयारी का जायजा लेने जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचे CM भजनलाल शर्मा

 बाड़मेर के पचपदरा रिफाइनरी में 4 जुलाई को होने वाले भव्य उद्घाटन समारोह से पहले रविवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जोधपुर एयरपोर्ट का दौरा किया. मुख्यमंत्री ने यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित आगमन और कार्यक्रमों की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने एयरपोर्ट के नवीन टर्मिनल भवन का भी जायजा लिया और वहां की व्यवस्थाओं को देखा. मुख्यमंत्री ने सुरक्षा और सुविधाओं को चाक-चौबंद रखने के लिए मौजूद उच्चाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. सीएम शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए. इस निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस कमिश्नर और जिला प्रशासन के तमाम आला अधिकारी भी मौजूद रहे.

CM भजनलाल शर्मा ने बच्चों को दवा पिलाकर किया राष्ट्रव्यापी अभियान का आगाज

सीएम भजनलाल शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर बच्चों को दवा की खुराक पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ किया. इस अवसर पर प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा का एकमात्र और सबसे प्रभावी उपाय समय पर दवा पिलाना ही है। उन्होंने सचेत किया कि पोलियो की खुराक देने में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बच्चे के पूरे भविष्य पर बेहद प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। मुख्यमंत्री शर्मा ने सभी अभिभावकों और माता-पिता से भावुक अपील करते हुए कहा है कि वे जिम्मेदारी निभाएं और अपने 5 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पास के नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर 'दो बूंद जिंदगी की' अवश्य पिलाएं, ताकि एक स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण हो सके.

जयपुर में सीएम भजनलाल शर्मा ने बगरू में सुनी श्रीमद्भागवत कथा

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने रविवार को जयपुर के बगरू स्थित निमेड़ा में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शिरकत की और व्यास पीठ का आशीर्वाद लेते हुए कथा का श्रवण किया. इस आध्यात्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भागवत कथा महज एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह मानव जीवन को सही दिशा दिखाने वाला एक दिव्य ज्ञानपुंज है. इसके वचनों को आत्मसात करने से जीवन में सकारात्मक बदलाव आते हैं और व्यक्ति को एक श्रेष्ठ जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है.

सेकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती: SOG ने दबोचा फर्जी परीक्षार्थी, धोखाधड़ी कर अनिल मीणा बन गया था टीचर

SOG ने साल 2022 की सेकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए डमी अभ्यर्थी चंद्रभान यादव को गिरफ्तार किया है. एडीजी विशाल बंसल के अनुसार, 24 दिसंबर 2022 को आयोजित हुई विज्ञान विषय की इस परीक्षा में मूल अभ्यर्थी अनिल कुमार मीणा खुद शामिल नहीं हुआ था. उसने अपनी जगह चंद्रभान को परीक्षा में बिठाने के लिए महज 1 लाख रुपये में सौदा तय किया था.

यह परीक्षा भरतपुर के एक केंद्र पर आयोजित की गई थी, जहां फर्जी तरीके से परीक्षा देकर चंद्रभान ने अनिल कुमार को वरिष्ठ अध्यापक पद पर चयनित करवा दिया था. धोखाधड़ी के इस मामले में मूल अभ्यर्थी अनिल मीणा को पहले ही जेल भेजा जा चुका है. एसओजी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार शर्मा ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी चंद्रभान यादव वर्तमान में राष्ट्रीय आयुर्वेदिक संस्थान, जयपुर में BAMS (प्रथम वर्ष) का छात्र है। पुलिस फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है.

transfer Policy: राजस्थान रोडवेज में स्थानांतरण नीति के बारे में जानिए

राजस्थान रोडवेज में स्थानांतरण नीति लागू की गई है. 4 फरवरी 2026 को जारी आदेश के आधार पर पॉलिसी लागू होगी. किसी स्थान से स्थानांतरण के बाद उसी स्थान पर 2 साल से पूर्व नहीं लगाया जाएगा. साध्य और गंभीर बीमारियों से पीड़ित कार्मिकों को तबादलों में प्राथमिकता मिलेगी. किडनी या लीवर दान करने वालों को पहले 3 वर्षों के लिए प्राथमिकता मिलेगी. दिव्यांगजन कार्मिकों, विधवा, एकल महिला, परित्यक्ता और विधुर पुरुष को प्राथमिकता मिलेगी. साथ ही अलग-अलग पदस्थापित पति-पत्नी का भी एक जिले में ट्रांसफर किया जाएगा.

Vanrakshak Bharti 2026: वनपाल भर्ती परीक्षा-2026 में 2.79 लाख अभ्यर्थी उपस्थित

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से वनपाल भर्ती परीक्षा आयोजित हो रही है. परीक्षा में कुल 3 लाख 70 हजार 406 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड थे. इनमें से 2 लाख 79 हजार 587 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. एग्जाम में 75.48 फीसदी उपस्थिति रही, जबकि 90 हजार 819 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे.

Jaipur Latest Update: रामानंद संप्रदाय के राघवदास महाराज का सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में आगमन

रामानंद संप्रदाय की एक मात्र मूल पीठ श्रीमठ पंचगंगा घाट बनारस के श्रीमद जगतगुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामनरेशचार्य महाराज के उत्तराधिकारी राघवदास महाराज जयपुर स्थित सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर पहुंचे. उन्होंने अवधेशदास महाराज से धर्म, आध्यात्म और सनातन से जुड़े विषयों पर चर् की. अवधेशदास महाराज ने आगामी चातुर्मास के लिए राघवदास महाराज से अनुरोध किया कि श्रीसिद्धेश्वर हनुमान मंदिर, सोडाला पर यह भव्य आयोजन रखा जाए.

Jaipur Narcotics Action: केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की जयपुर में बड़ी कार्रवाई

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट ने जयपुर में बड़ी कार्रवाई की. प्रतिबंधित साइकोट्रोपिक दवाइयां और इंजेक्शन जब्त की है. 'नशा मुक्त भारत अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए. इससे पहले भी 21 जून क़ो कार्रवाई की थी. इस दौरान मिले इनपुट के आधार पर छापा मारा. 1 लाख 20600 एल्प्राजोलम टैबलेट, 16 हजार 800 ट्रामाडोल कैप्सूल, 7 हजार 200 लोराजेपम टैबलेट समेत भारी मात्रा में दवाइयां-इंजेक्शन बरामद किए. हालांकि, मामले में संदिग्ध व्यक्ति फरार बताया जा रहा है.  बिना डॉक्टर की पर्ची के इन दवाओं की बिक्री को उल्लंघन माना जाता है.

Rajasthan Politics: बीजेपी की 4, कांग्रेस, लेफ्ट और बीएपी की एक सीट का होगा परिसीमन!

परिसीमन के लिए प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (EAC-PM) ने रिपोर्ट सौंप दी है. इसमें देशभर की कुछ लोकसभा सीटों में बदलाव के लिए फॉर्मूला पेश किया गया है. राजस्थान में 7 सीटों को दो और तीन हिस्सों में बांटने का सुझाव दिया गया है. इसके चलते 25 से संख्या बढ़कर 38 तक हो सकती है. चूरू, जयपुर, जयपुर ग्रामीण, जोधपुर, सीकर, उदयपुर और बांसवाड़ा लोकसभा सीटों के लिए सिफारिश दी गई है. अब आर्थिक सलाहकार परिषद की रिपोर्ट पर आखिरी फैसला परिसीमन आयोग ही लेना है. यहां क्लिक कर पढ़िए डिटेल रिपोर्ट.

मन की बात’ कार्यक्रम का 135वां संस्करण, डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने बताया- प्रेरणादायक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण का आयोजन किया गया. जयपुर में डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने कार्यक्रम को सुना. कार्यक्रम के बाद दिया कुमारी ने मीडिया से बातचीत की. उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को जोड़ने और समाज में सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने वाला प्रेरणादायक कार्यक्रम है. प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेशों को जनहित और राष्ट्र निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया. कार्यक्रम में देशभर में हो रहे विकास कार्यों, जनभागीदारी आधारित पहलों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी प्रेरक कहानियों को साझा किया गया.  

IIT-MNIT में कम अंकों पर एडमिशन, AI कोर्सज के ट्रेंड के बारे में जानिए

ज्वाइंट सीट अलोकेशन ऑथोरिटी (जोसा) काउंसलिंग-2026 में जो तथ्य सामने आए हैं, वो IIT और एनआईटी में एडमिशन ट्रेंड्स की नई तस्वीर बयां करते हैं.  एआई कोर्स के मामले में राजस्थान के तकनीकी शिक्षण संस्थानों की क्लोजिंग रैंक में 390 से लेकर 4000 तक की गिरावट दर्ज की गई है. तो क्या एआई और डेटा साइंस को लेकर छात्रों में क्रेज घट रहा है या वजह कुछ और है- यहां क्लिक कर जानिए इस नए ट्रेंड के बारे में.

Jaipur Update: जयपुर में सड़कों पर बिखरा कचरा, सफाईकर्मियों की हड़ताल से बिगड़े हालात

सफाईकर्मियों की जारी हड़ताल से जयपुर शहर में सफाई-व्यवस्था का बुरा हाल है. राजधानी में जगह-जगह कचरे का ढेर लगा हुआ है.

Jaipur Live: जयपुर की 3 अरबन सीएचसी को मिली पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों की सौगात

माकड़वाली, पुलिस लाइन और वैशाली नगर अरबन सीएचसी में पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों का लोकार्पण हुआ. वासुदेव देवनानी ने पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों का शुभारम्भ करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को उसके क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है. 

वनपाल भर्ती परीक्षा आज, 3.70 लाख अभ्यर्थी रजिस्टर्ड

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की वनपाल भर्ती परीक्षा आज होगी. प्रदेश में 3.70 लाख से अधिक अभ्यर्थी रजिस्टर्ड हैं. परीक्षा का आयोजन सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक होगा. परीक्षा केंद्रो पर सुबह 9 बजे से प्रवेश शुरू होगा. सुबह 10 बजे बाद प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. परीक्षा के लिए प्रदेश में 1200 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.

Rajasthan News Live: राजनीतिक नियुक्तियों का इंतजार जल्द होगा खत्म, मदन राठौड़ ने दिया बड़ा बयान

राजस्थान में राजनीतिक नियुक्तियों की चाहत में बैठे बीजेपी कार्यकर्ताओं और नेताओं का इंतजार जल्द ही खत्म हो सकता है. बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने इस बारे में बड़े संकेत दिए हैं. यहां क्लिक करिए और जानिए पूरी अपडेट.

पेपर लीक पर सचिन पायलट बोले- छात्रों की गूंज को हल्के में ना ले सरकार

सचिन पायलट ने कहा कि केंद्र सरकार को छात्रों की गूंज को हल्के में नहीं लेना चाहिए. हर युवा इस पेपर लीक वाली व्यवस्था से त्रस्त है और सड़कों पर उतरा हुआ है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार को निर्णायक फ़ैसला लेना ही पड़ेगा, वरना युवाओं का आक्रोश सरकार सहन नहीं कर पाएगी.

Jaipur News: पेट्रोल पंप के कर्मचारी को चाकू मारने वाला शख्स गिरफ्तार

कोटपूतली में नारेहड़ा पेट्रोल पंप पर चाकू मारकर घायल करने का आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है. पुलिस ने वांछित आरोपी अंशु उर्फ प्रेम पोदार को गिरफ्तार करने के साथ ही एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया. बालक के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद हुआ. वारदात में इस्तेमाल वेगनार कार HR55 AT 8252 पुलिस ने जब्त की है. तेल भराने की बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पेट्रोल पंप के कर्मचारी पर आरोपी ने हमला कर दिया. 

Jaipur Weather Live: जयपुर समेत 8 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट

जयपुर, टोक, अजमेर, भीलवाड़ा, करौली, अलवर, भरतपुर और सीकर में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है. कहीं-कहीं 40-60 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार है. नागौर, डीडवाना-कुचामन समेत कुछ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Jaipur News, Jaipur Live News, Jaipur Update News, Jaipur News Live, Jaipur Latest News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com