विज्ञापन

IPS हवा सिंह घुमरिया की 28 साल बाद पुष्कर लौटने पर याद हुई ताजा, बोले- 'तब भी यही हाल था'

IPS हवा सिंह घुमरिया ने अजमेर के पुष्कर थाने का मुआयना किया और कहा कि अब वह हर महीने यहां आया करेंगे.

IPS हवा सिंह घुमरिया की 28 साल बाद पुष्कर लौटने पर याद हुई ताजा, बोले- 'तब भी यही हाल था'
आईपीएस हवा सिंह घुमड़िया ने पुष्कर थाने में मीडिया से बात की
NDTV

राजस्थान के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी हवा सिंह घुमरिया ने 28 साल बाद पुष्कर में वापस लौटे और उन्होंने लौटते ही अपने इरादे साफ कर दिए हैं. अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) घुमरिया ने विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन नगरी पुष्कर में नशे के बढ़ते कारोबार पर रुख साफ कर दिया है. घुमरिया ने पुष्कर थाने का निरीक्षण करने के बाद साफ शब्दों में कहा है कि अब नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों पर लगातार कार्रवाई होगी. उन्होंने पुष्कर थाने को गोद लेने की घोषणा करते हुए हर महीने स्वयं निरीक्षण करने का फैसला किया है.

एडीजी हवा सिंह घुमरिया ने पुष्कर में पत्रकारों से कहा,"इस साल प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई सालाना डीजीपी-आईजीपी कॉन्फ्रेंस में यह निर्णय लिया गया था कि भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी एक-एक पुलिस थाने को गोद लेकर वहां की कार्यप्रणाली का अध्ययन कर अपने अनुभव के आधार पर यह सुझाव देंगे कि वह कैसे वहां की कार्यप्रणाली में सुधार कर सकते हैं."

थाने में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एडीजी घुमड़िया

थाने में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एडीजी घुमड़िया
Photo Credit: NDTV

'विदेशी पर्यटक अच्छी छवि लेकर जाएं'

उन्होंने कहा,"मैंने पुष्कर थाने को चुना और मैं हर महीने यहां आऊंगा और यहां के काम-काज को बेहतर करने की कोशिश करूंगा. पुष्कर पर्यटन के हिसाब से एक अंतरराष्ट्रीय महत्व का स्थान है. तो यहां कोई भी विदेशी पर्यटक अगर आए तो एक अच्छी और साफ-सुथरी छवि मन में लेकर जाए जिससे यहां पर्यटन को और बढ़ावा मिले."

एडीजी घुमड़िया ने कहा कि वह हर महीने पुष्कर थाने आएंगे

एडीजी घुमड़िया ने कहा कि वह हर महीने पुष्कर थाने आएंगे
Photo Credit: NDTV

28 साल पुरानी याद

एडीजी घुमरिया ने बताया कि पुष्कर में नशे की समस्या पर उनका विशेष ध्यान रहेगा. 1997 बैच के आईपीएस ऑफिसर एडीजी घुमरिया ने कहा कि करीब 28 वर्ष पहले वह प्रशिक्षण के दौरान पुष्कर आए थे और तब भी ऐसे ही हालात थे. उन्होंने कहा,"28 साल पहले मैं जब प्रोबेशनर था तब पुष्कर आता था. तब भी यहां नशे की चीज़ें होती थीं और आज भी हो रही हैं. मैं इतना ही कहूंगा कि अब आपको यहां सुधार दिखेगा."

एडीजी घुमरिया ने कहा कि अब पुलिस की प्राथमिकता ड्रग नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ना, तस्करों पर शिकंजा कसना और पर्यटकों व श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करना है. उन्होंने जनता से भी अपील की कि नशे की बिक्री या किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना सीधे पुलिस को दें जिसके बाद सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें-: राजस्‍थान में REET-2021 पेपर लीक का मुद्दा गरमाया, क‍िरोड़ी लाल मीणा ने अम‍ित शाह को भेजा 11 पन्‍नों का लेटर 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
AJMER NEWS, Pushkar News, Pushkar News In Hindi, Ajmer News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com