राजस्थान के अजमेर जिले में खेत में मिट्टी की खुदाई के दौरान खजाना मिला था. जिसको देखकर वहां मौजूद कुछ लोगों की नीयत बदल गई. सोने-चांदी के बेसकीमती सामान गायब कर दिए. बाद में जुब पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना मिली तो मौके पर जाकर जांच की गई. पुलिस ने लंबी जांच के बाद 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके के कब्जे से करीब 1.25 करोड़ रुपये का कीमती सामान व 17.44 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं.
2 महीने पहले खोदी जा रही थी मिट्टी
घटना अजमेर जिले के नसीराबाद में बिठूर गांव की है. जहां पर खातेदारी खेत में करीब दो माह पहले जेसीबी से मिट्टी की खुदाई की जा रही थी. इसी दौरान जमीन से सोना, चांदी, तांबा, कीमती धातुओं की वस्तुएं और पुराने शंख मिलने की बात सामने आई. आरोप है कि कुछ लोगों ने मौके से यह सामान चोरी कर लिया और बाद में इसे बेच दिया.
12 अगस्त को सूचना मिलने के बाद पुलिस और राजस्व टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां जेसीबी से खुदाई के साक्ष्य मिले. पुलिस ने स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के साथ तकनीकी अनुसंधान, आसूचना तंत्र और मुखबिरों की मदद ली. जिसके बाद खेत में मिले खजाना के चोरी में शामिल लोगों को तक पुलिस पहुंचने में सफल रही.

खजाना चोरी में 7 लोग गिरफ्तार
पुलिस ने फिरोज खान, कादर मेहरात, शंकर सिंह, हरलाल रावत, जयसिंह, महावीर सिंह और नारायण सिंह रावत को गिरफ्तार किया. आरोपियों से करीब 700 ग्राम सोना, 310 ग्राम चांदी, 2.5 किलो तांबे की छड़ व तार, दो शंख और 17 लाख 44 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. पुलिस अब बरामद सामान के स्रोत और इसे कहां-कहां बेचा गया, इसकी भी जांच कर रही है.

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ
राधेश्याम चौधरी थानाधिकारी ने बताया कि 2 महीने पहले बिठूर गांव की सरहद में खेत में खुदाई के दौरान सोने-चांदी और तांबे जैसी कीमती धातुओं की वस्तुएं व पुराने शंख की चोरी हो गई. चोरी किए गए कीमती सामानों को बरामद कर लिया गया है. सात आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है. इनमें आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वारदात में कोई अन्य तो शामिल नहीं था.
यह भी पढे़ं-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं