Deoli-Nasirabad Fourlane via Kekri: राजस्थान के केकड़ी क्षेत्र के लिए पिछले सप्ताह एक महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत हुई. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 11 जुलाई को 100 किलोमीटर लंबी नसीराबाद-देवली वाया केकड़ी फोरलेन सड़क परियोजना के प्रथम चरण का शिलान्यास किया. इसके साथ ही इस फोरलेन का निर्माण कार्य शुरू हो गया. शिलान्यास के ठीक अगले दिन, रविवार 12 जुलाई को केकड़ी के विधायक शत्रुघ्न गौतम ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता तथा तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए. गौतम ने साथ ही कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी.
2 चरणों में बनेगा 100 किलोमीटर का फोरलेन
लगभग 100 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी परियोजना की लागत करीब 1268 करोड़ रुपये है. इसे दो चरणों में पूरा किया जाएगा. प्रथम चरण की लागत 575 करोड़ रुपये है. इसमें केकड़ी से देवली तक सड़क बनाई जाएगी. परियोजना की शुरुआत केकड़ी के कनकावती सर्किल से हो रही है और देवली तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा.
प्रथम चरण में केकड़ी के कनकावती सर्कल से ब्यावर रोड, कादेड़ा रोड, पुराने कोटा रोड ग्राम कोहड़ा, पारा, गुलगांव, सावर और नापाखेड़ा होते हुए देवली तक फोरलेन सड़क बनाई जाएगी. यह फोरलेन रोड देवली में जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ेगी.
विधायक गौतम ने बताया कि प्रथम चरण में 445 करोड़ रुपये सिविल निर्माण पर और 130 करोड़ रुपये यूटिलिटी शिफ्टिंग पर खर्च होंगे.
दूसरे चरण में केकड़ी से नसीराबाद तक फोरलेन का निर्माण किया जाएगा. इसके लिए जल्दी ही टेंडर जारी किए जाएंगे.
कृषि, ग्रेनाइट, मार्बल उद्योग को मिलेगी गति
विधायक गौतम ने कहा कि यह परियोजना केकड़ी क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक विकास के लिए आधारशिला साबित होगी. इससे क्षेत्र की कृषि, ग्रेनाइट, मार्बल उद्योग और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि इससे नसीराबाद, केकड़ी और देवली के बीच आवागमन बेहतर होगा. इस फोरलेन के निर्माण से अजमेर, जयपुर, कोटा और बूंदी सहित प्रदेश के प्रमुख शहरों से बेहतर संपर्क स्थापित होगा.
ये भी पढ़ें-: कलेक्टर श्रीनिधि बीटी को डकैत जगन गुर्जर के घर भीड़ की बात माननी पड़ी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं