- अनूपगढ़ जिले में एक रिटायर्ड फौजी अमर सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली और खुद ही अपनी तस्वीर पर माला चढ़ाई
- 8 पन्नों के सुसाइड नोट में अमर सिंह ने तीन लोगों पर परेशान करने का आरोप लगाया
- अमर सिंह ने लिखा है कि वह भारतीय सेना से गद्दारी नहीं कर सकता
राजस्थान के अनूपगढ़ जिले में एक रिटायर्ड फौजी की आत्महत्या ने सनसनी फैला दी है. मृतक ने 8 पन्ने का एक नोट लिखा है जो जांच के लिए अहम माना जा रहा है. इसमें उसने तीन लोगों का नाम लिया है जिनमें से एक को पाकिस्तानी जासूस बताया गया है. हालांकि पुलिस ने अभी विस्तृत जानकारी नहीं दी है और उनका कहना है कि विस्तार से जांच के बाद ही ठोस रूप से कुछ बताया जा सकेगा. अनूपगढ़ के के वार्ड नंबर 7 में रहने वाले 65 वर्षीय रिटायर्ड फौजी अमर सिंह ने शनिवार, 1 अगस्त को फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी. मृतक ने जान देने से पहले अपनी तस्वीर पर खुद ही माला चढ़ाई थी. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद रविवार को शव परिजनों को सौंप दिया है. परिजन अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे हुए हैं.
8 पन्नों का सुसाइड नोट
मृतक अमर सिंह ने आत्महत्या करने से पहले करीब 8 पेज का सुसाइड नोट भी लिखा था. सुसाइड नोट में अमर सिंह ने तीन व्यक्तियों पर उसे परेशान करने का आरोप लगाया है. इनमें से एक व्यक्ति को उसने पाकिस्तानी जासूस बताया है. सुसाइड नोट में अमर सिंह ने लिखा कि उक्त व्यक्ति द्वारा उससे लगातार सैन्य गतिविधियों से जुड़ी जानकारी मांगी जा रही थी. अमर सिंह ने नोट में खुद को देशभक्त बताते हुए लिखा कि वह अपने देश के साथ गद्दारी नहीं कर सकता. इसी कारण उसने आत्महत्या करने की बात लिखी है. साथ ही उसने अपनी मौत के लिए तीनों व्यक्तियों को जिम्मेदार ठहराया है.

तस्वीर पर खुद ही माला चढ़ाई थी
Photo Credit: NDTV
अपहरण का डर
रिटायर्ड फौजी अमर सिंह ने अपने सुसाइड नोट के अंतिम पेज पर पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उसकी मौत के जो भी जिम्मेदार है उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. सुसाइड नोट में अमर सिंह ने लिखा है कि वह देशभक्त है और देश के साथ गद्दारी नहीं कर सकता. वह मर सकता है मगर अपनी इंडियन आर्मी की जानकारी किसी को भी नहीं दे सकता. उन्होंने लिखा कि उन्हें डर है कि कहीं वह जासूस उनका अपहरण करके उनसे इंडियन आर्मी की सारी जानकारी ना ले ले इसलिए वह मर रहे हैं.

सुसाइड नोट की जांच की जा रही है
Photo Credit: NDTV
पुलिस की जांच
एसएचओ करतार सिंह ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने बिना जांच पूरी हुए इस संबंध में किसी भी तरह की जानकारी देने से साफ इनकार किया है. सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता भी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

रिटायर्ड फौजी के घर के बाहस शोकाकुल लोग
Photo Credit: NDTV
मृतक की बहन
मृतक अमर सिंह ने अपने सुसाइड नोट में बहन परमजीत कौर का नाम लिया है जो वार्ड नंबर 8 की पूर्व पार्षद हैं. उन्होंने बताया कि अमर सिंह को कुछ व्यक्ति फोन पर लगातार परेशान कर रहे थे जिसकी जानकारी अमर सिंह ने उन्हें तीन दिन पहले दी थी. उन्होंने बताया कि अमर सिंह को फोन पर मिल रही धमकियों के कारण वह पूरी तरह से परेशान हो चुके थे.
ये भी पढ़ें-: "यहां बहन-बेटी रहती हैं, खड़े मत हुआ करो", महिला की बात सुनकर भड़क गया शख्स, देसी कट्टे से भूना
| हेल्पलाइन | |
|---|---|
| वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ | 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक) |
| (अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के पास जाएं) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं