राजस्थान के अजमेर जिले से पहचान की चोरी और वित्तीय फर्जीवाड़े का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. गोविंदगढ़ निवासी 62 वर्षीय दर्जी रेखराज ठाड़ा, जिनकी मासिक आय करीब 15 हजार रुपये है, उस समय हैरान रह गए जब उन्हें 974 करोड़ 97 लाख 25 हजार 457 रुपये की टैक्स रिकवरी का नोटिस मिला. मामले की जांच कराने पर खुलासा हुआ कि उनके पैन कार्ड का कथित रूप से दुरुपयोग कर उन्हें वर्ष 2011 से गुजरात की एक निजी कंपनी का निदेशक दिखाया गया था. अब इस मामले ने फर्जी कंपनियों, पहचान की चोरी और दस्तावेजों के दुरुपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
आयकर नोटिस ने उड़ाए होश
रेखराज ठाड़ा को सूरत आयकर विभाग की ओर से भारी भरकम टैक्स देयता का नोटिस मिला. नोटिस में उन पर करीब 975 करोड़ रुपये की कर वसूली से जुड़ा मामला बताया गया था. साधारण जीवन जीने वाले रेखराज के लिए यह नोटिस किसी झटके से कम नहीं था. उनका कहना है कि उन्होंने कभी कोई बड़ा कारोबार नहीं किया और न ही इतनी बड़ी राशि से उनका कोई संबंध है.

Ajmer Tailor Income Tax Notice: नोटिस
जांच में सामने आया फर्जीवाड़ा
परिजनों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की मदद ली. जांच में पता चला कि रेखराज ठाड़ा को वर्ष 2011 से "रूप रजत डायमंड प्राइवेट लिमिटेड" नामक कंपनी का डायरेक्टर दर्शाया गया था. पीड़ित का दावा है कि वह कभी गुजरात गए तक नहीं और उन्हें इस कंपनी के बारे में कोई जानकारी नहीं है. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उनके पैन कार्ड और पहचान संबंधी दस्तावेजों का दुरुपयोग किया गया.
दूसरी कंपनी में भी निकला नाम
सीए की पड़ताल के दौरान एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई. रेखराज का नाम "जय बाबेरी डायम प्राइवेट लिमिटेड" नाम की दूसरी कंपनी में भी निदेशक के रूप में दर्ज मिला. इस खुलासे ने मामले को और गंभीर बना दिया है. अब यह आशंका जताई जा रही है कि फर्जी कंपनियों के नेटवर्क में उनके दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है.

Ajmer Tailor Income Tax Notice: नोटिस का दूसरा पेज
पुलिस के पास पहुंचे रेखराज
मामले के खुलासे के बाद रेखराज ठाड़ा ने पीसांगन थाने और अजमेर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) लालचंद कयाल को पूरी घटना की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए परिवाद दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Ajmer Tailor Income Tax Notice: सिलाई का काम करते हैं रेखराज
आयकर विभाग को भेजा जवाब
रेखराज ने नोटिस मिलने के बाद ईमेल के माध्यम से आयकर विभाग को अपना स्पष्टीकरण भी भेज दिया है. उन्होंने बताया कि उनका इन कंपनियों से कोई संबंध नहीं है और उनके नाम का दुरुपयोग किया गया है. अब पुलिस और संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर किसने और कैसे उनके पैन कार्ड का इस्तेमाल कर उन्हें कंपनियों का निदेशक बनाया.
यह भी पढ़ें : Income Tax Notice: इनकम टैक्स का नोटिस आते ही परेशान ना हों, बस करें ये 5 काम, वरना लग जाएगी हजारों की पेनल्टी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं