पंजाब में खन्ना पुलिस के CIA स्टाफ में तैनात ASI सुखदेव सिंह की कथित करतूत सामने आने के बाद पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है. मामला हिंदू नेता महंत कश्मीर गिरी के घर पुलिस द्वारा की गई रेड से जुड़ा है. घर में लगे हिडन कैमरे के वीडियो ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वीडियो में दिखाई दे रहा है कि CIA स्टाफ का ASI सुखदेव सिंह सादे कपड़ों में पहले कमरे के अंदर दाखिल होता है और बेड के गद्दे के नीचे हेरोइन रख देता है. इसके तुरंत बाद सदर थाना के SHO विजयपाल सिंह, सिटी थाना-2 के SHO तरविंदर बेदी और पुलिस टीम महंत कश्मीर गिरी को साथ लेकर कमरे में पहुंचती है. तलाशी के दौरान उसी जगह से हेरोइन बरामद होने का दावा करते हुए महंत को नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तार कर लिया जाता है.
वीडियो सामने आने के बाद SSP खन्ना डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने तत्काल सख्त कार्रवाई की है. संबंधित ASI सुखदेव सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है, महंत कश्मीर गिरी को केस से रिहा कर दिया गया है और मामले की उच्च स्तरीय जांच के लिए SP रैंक के अधिकारी की अगुवाई में SIT गठित कर दी गई है.

जानकारी के अनुसार बीते दिन सदर थाना के SHO विजयपाल सिंह और सिटी थाना-2 के SHO तरविंदर कुमार बेदी पुलिस पार्टी के साथ खन्ना के खटीकां चौक के नजदीक रहने वाले महंत कश्मीर गिरी के घर पहुंचे थे. पुलिस इस रेड को महंत के ड्राइवर गुरजंट सिंह जंटा की गिरफ्तारी से जोड़ रही थी. पुलिस का दावा था कि ड्राइवर गुरजंट सिंह को साढ़े सात ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था. उससे पूछताछ के बाद महंत कश्मीर गिरी का नाम सामने आया और पुलिस टीम उनके घर की तलाशी लेने पहुंची.
इस दौरान पुलिस ने बेड के गद्दे के नीचे से करीब 30 ग्राम हेरोइन बरामद होने का दावा करते हुए महंत कश्मीर गिरी को गिरफ्तार कर लिया था. लेकिन परिवार द्वारा घर में लगवाए गए हिडन कैमरे की रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद पूरी कार्रवाई पर सवाल उठने लगे.
वायरल वीडियो में कथित तौर पर दिखाई दे रहा है कि पुलिस टीम के पहुंचने से पहले CIA स्टाफ का ASI सुखदेव सिंह सादे कपड़ों में कमरे में प्रवेश करता है. आरोप है कि वह बेड के गद्दे के नीचे हेरोइन छिपाता है. इसके बाद SHO और अन्य पुलिस कर्मचारी कमरे में पहुंचते हैं. महंत कश्मीर गिरी को भी पुलिस टीम अपने साथ कमरे में लेकर आती है और तलाशी के दौरान उसी गद्दे के नीचे से हेरोइन मिलने की बात सामने आती है. इस वीडियो ने पुलिस द्वारा दिखाई गई बरामदगी की प्रक्रिया को सवालों के घेरे में ला दिया है.

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद SSP खन्ना डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की. उन्होंने ASI सुखदेव सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया और महंत कश्मीर गिरी को मामले से रिहा कर दिया. इसके साथ ही पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है. इस टीम की अगुवाई SP रैंक के अधिकारी करेंगे.
अब SIT की जांच में ASI सुखदेव सिंह की भूमिका, वायरल वीडियो की सच्चाई, हेरोइन की बरामदगी की प्रक्रिया और इस कार्रवाई में शामिल अन्य पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच की जाएगी. इस मामले ने खन्ना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सबकी निगाहें SIT की जांच पर टिकी हैं कि इस पूरे घटनाक्रम में और कौन-कौन से खुलासे होते हैं.
इसे भी पढ़ें: पंजाब में झोटा हत्याकांड के बाद बड़ा फैसला, इन दो दवाईयों की बिक्री पर रोक, केमिस्ट की शिकायत क्या?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं