विज्ञापन

भगवा वस्त्र में घर की दहलीज के बाहर खड़ा था... CM योगी ने संन्यास के बाद मां से भिक्षा के प्रसंग को किया याद

CM योगी आदित्यनाथ ने ‘मुख्यमंत्री पाती’ में मां के नाम भावुक पत्र लिखा. उन्होंने मां को जगत-जननी बताया और संन्यास के बाद घर लौटकर मां से भिक्षा मांगने का प्रसंग याद किया.

भगवा वस्त्र में घर की दहलीज के बाहर खड़ा था... CM योगी ने संन्यास के बाद मां से भिक्षा के प्रसंग को किया याद
मां के नाम सीएम योगी की पाती
Photo: NDTV
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी ‘मुख्यमंत्री पाती' में मां के नाम एक भावुक पत्र लिखा है. उन्होंने मां को सिर्फ जननी नहीं, बल्कि जगत-जननी बताया और कहा कि मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना है. योगी आदित्यनाथ ने इस पाती में संन्यास के बाद घर लौटकर मां से भिक्षा मांगने का भावुक प्रसंग भी याद किया है. सीएम योगी लिखते हैं, "यह पाती प्रत्येक मां के नाम है, जिनके बिना जीवन नहीं होता. हम-आप नहीं होते. प्राणी का कोई अस्तित्व नहीं होता. यह दुनिया नहीं होती. मां सिर्फ जननी ही नहीं, जगत-जननी हैं. ईश्वर की जननी भी मां ही हैं."

आज फिर हर मां के चरण में नमन अनुग्रहित है. प्रभु श्रीराम के वनगमन के समय मां कौशल्या का आशीर्वाद, मां की इच्छा से भगवान श्रीकृष्ण का मथुरा के कारावास से गोकुल जाना, मां के संस्कार से एक प्राणी का बालक ध्रुव, प्रह्लाद या मनुष्य ही जाना. मां वह है, जो हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन एक मां की जगह कोई नहीं ले सकता. मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना है.

योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री आगे लिखते हैं कि मां के न होने का अर्थ केवल किसी व्यक्ति का जीवन से नहीं होना भर नहीं, यह भावनात्मक सुरक्षा, बिना शर्त प्यार और घर की एक गहरी छांव के हट जाने जैसा है. मेरी प्रथम गुरु, मुझे अक्षर ज्ञान देने वाली पूजनीय मां जब अनंत यात्रा पर निकल गईं, तो मेरी आंखों के सामने वह दृश्य बरबस ही कौंध गया, जब मैं संन्यास ग्रहण करने के तीन वर्ष से भी अधिक समय बीत जाने पर भगवा वस्त्र में अपने घर की देहलीज के बाहर खड़ा था. गोरखपुर से पहुंचे इस क्षण की भी भावनाओं का ज्वार उमड़-घुमड़ रहा था.

जब भिक्षा लेने अपनी मां के पास पहुंचे योगी...

सीएम योगी आदित्यनाथ ने आगे लिखा, "संन्यास परंपरा के महत्वपूर्ण विधान के मुताबिक मैंने भिक्षा के लिए आवाज लगाई. आवाज सुनकर मां बाहर आईं, तो उन्हें सहसा विश्वास नहीं हो पा रहा था. मां कुछ बोल पातीं, उससे पहले ही मैंने कहा- 'मां, भिक्षा दीजिए.' मां ने स्वयं को संभालने की कोशिश की और कहा, 'बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?' मैंने उत्तर दिया, 'मां, संन्यास मेरा धर्म है. एक योगी की भिक्षा ही भिटौली मां, मैं यहां रहने नहीं, भिक्षा मांगने आया हूं. आप भिक्षा में जो कुछ देंगी, वही मेरे मनोकामना को पूर्ण करेगा.' मां की ममता ने संन्यासी बेटे के संकल्प का सम्मान किया."

सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं. कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जो कभी चुकाए नहीं जा सकते. हां, हम अपना कर्तव्य अवश्य निभा सकते हैं. सार्वजनिक जीवन में आने के बाद प्रदेश की मातृशक्ति के लिए यही कर्तव्य निभाने का प्रयास कर रहा हूं.

योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश

उन्होंने आगे लिखा, "प्रत्येक मां के प्रति सच्चा सम्मान यही होगा कि आज हर प्रदेशवासी यह संकल्प ले कि वह किसी निराश्रित मां का संबल बनेगा, किसी वंचित मां की पीड़ा को समझेगा और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कुराहट लाएगा."

यह भी पढ़ें | 50 सप्ताह पूरे होने पर CM योगी ने बताई 'मुख्यमंत्री पाती' की कहानी, बोले- यूपी मेरा परिवार

यह भी पढ़ें | सीएम योगी ने रक्षाबंधन पर लिखी पाती, बहन-बेटियों के सम्मान और सुरक्षा का दिलाया संकल्प

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Yogi Adityanath, Yogi Ki Pati, Uttar Pradesh, Mothers Love, Emotional Letter
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com