पंजाब के पठानकोट में बंदूक दिखाकर महिंद्रा XUV500 लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. वारदात के पांच दिन के भीतर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनके कब्जे से लूटी गई सफेद XUV500 भी बरामद कर ली गई है. इस मामले का मुख्य आरोपी सुरजीत सिंह उर्फ शीना गुजरात के वडोदरा से पकड़ा गया. उसे गिरफ्तार करने में गुजरात पुलिस ने पठानकोट पुलिस की मदद की.
पुलिस ने गुरदासपुर के रहने वाले राहुल भट्टी उर्फ बॉबी को भी गिरफ्तार किया है. उसके साथ दो अन्य आरोपी भी पकड़े गए हैं. पुलिस के मुताबिक सुरजीत सिंह का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उसके खिलाफ अमृतसर के थाना सदर में हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं.
मॉल के बाहर बंदूक दिखाकर छीनी थी कार
यह घटना 15 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर स्थित डाउनटाउन मॉल 44 की है. शिकायतकर्ता प्रवीण सिंह (40) निवासी बमियाल अपने परिवार के साथ मॉल पहुंचे थे. परिवार को परिसर में छोड़ने के बाद वह सफेद XUV500 (PB35AA-9902) में बैठे हुए थे.
इसी दौरान काले रंग का कपड़ा बांधे एक व्यक्ति उनके पास आया. उसने प्रवीण की छाती पर पिस्तौल तान दी और उन्हें थप्पड़ मारते हुए गोली मारने की धमकी दी. इसके बाद आरोपी ने उन्हें गाड़ी से बाहर निकाल दिया और XUV500 लेकर फरार हो गया. पठानकोट का संवेदनशील इलाका होने के कारण इस घटना के बाद पंजाब के साथ जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी अलर्ट जारी किया गया था.
CCTV फुटेज से मिला आरोपियों का सुराग
वारदात के बाद पठानकोट पुलिस ने विशेष टीमें बनाकर कई राज्यों में तलाश शुरू की. पुलिस ने मॉल, पठानकोट-जम्मू हाईवे, टोल प्लाजा और रास्तों पर लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच में पता चला कि लूटी गई गाड़ी कठुआ की तरफ नहीं बल्कि गुरदासपुर की ओर गई थी. इसके बाद गुरदासपुर के बाबरी बाईपास और अमृतसर, डलहौजी, कांगड़ा तथा कठुआ की ओर जाने वाले रास्तों पर नाकाबंदी की गई. टोल प्लाजा के रिकॉर्ड भी जांचे गए.
गाड़ी की पहचान बदलने की थी योजना
एसएसपी पठानकोट मनमीत सिंह ने बताया कि पुलिस की लगातार छापेमारी से बचने के लिए मुख्य आरोपी शीना गुजरात भाग गया था. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी गाड़ी की नंबर प्लेट और पहचान बदलकर उसका इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में करना चाहते थे. पुलिस इस मामले में आतंकी कनेक्शन के पहलू की भी जांच कर रही है. सुजानपुर थाने में केस दर्ज किया गया है. पुलिस अब आरोपियों के दूसरे अपराधों और वारदात में इस्तेमाल हथियार का पता लगा रही है.
यह भी पढ़ें | सासंद अमृतपाल सिंह को पंजाब ले जाने पहुंची पुलिस, दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मिली पैरोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं