- बुधवार को एक कुख्यात बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया
- मुठभेड़ के दौरान बदमाश के दोनो पांवों में गोलियां भी लगी
- कहा कि पकड़े गए बदमाश के पास से एक एके-47 राइफल भी मिली है
जिला पुलिस ने बुधवार को एक कुख्यात बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. मुठभेड़ के दौरान बदमाश के दोनो पांवों में गोलियां भी लगी. गिरफ्तार बदमाश का नाम उमेश पंडित है. जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण ने बुधवार को कहा कि पकड़े गए बदमाश के पास से एक एके-47 राइफल भी मिली है. गिरफ्तार बदमाश रणदीप गैंग का शार्प-शूटर है. उमेश पंडित की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये की इनामी राशि घोषित थी. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा, 'उमेश पंडित खूंखार श्रेणी का शार्प शूटर है. वो पैसे के लिए एक इशारे पर किसी को भी कत्ल कर सकता है.'
बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) लंबे समय से उमेश पंडित को तलाश रही थी. बुधवार को नोएडा के थाना सेक्टर 24, कोतवाली सेक्टर-20 और थाना बिसरख पुलिस के साथ एसटीएफ ने उमेश को घेर लिया. हालांकि पुलिस की लाख कोशिशों के बाद भी उमेश पंडित हथियार छोड़ने को राजी नहीं हुआ. पुलिस को लगा कि मौका मिलते ही वो हाथ में मौजूद एके-47 जैसे स्वचालित घातक हथियार से पुलिस पार्टी को निशाना बना डालेगा, तभी मौका पाकर पुलिस ने पैरों में गोलियां मारकर उसे काबू कर लिया.
एसएसपी ने यह भी कहा कि दरअसल यह पूरा ऑपरेशन था यूपी एसटीएफ का ही, मगर सूचना मिलने पर तीनों थानो की पुलिस ने बदमाश को चारों ओर से घेरने में एसटीएफ का कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग किया.
VIDEO: होमगार्ड ड्यूटी घोटाला: करोड़ों के घोटाले से जुड़े कागजात राख
(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं