बिहार के आरा शहर के टाउन थाना क्षेत्र स्थित बड़ी मठिया मोहल्ले में बुधवार रात पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. घायल महिला को परिजनों ने आनन-फानन में आरा के बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
भकुरा गांव की रहने वाली है घायल महिला
जानकारी के अनुसार, घायल महिला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भकुरा गांव निवासी पंकज कुमार ठाकुर की 27 वर्षीय पत्नी प्राची कुमारी है. बुधवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने कथित तौर पर चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई. जानकारी यह भी करीब 150 से अधिका बार चाकू से बार किए गए.
परिजनों ने अस्पताल में कराया भर्ती
घटना के बाद प्राची कुमारी को घायल अवस्था में देख परिजनों में अफरातफरी मच गई. इसके बाद उन्हें तत्काल बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए.
त्वरित कार्रवाई में आरोपी पति गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. यह घटना एक बार फिर घरेलू विवादों के हिंसक रूप लेने और उसके गंभीर परिणामों की ओर ध्यान आकर्षित करती है. हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पूरी तरह खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
ये भी पढ़ें : Exclusive: संजय राउत ने लिखा- विजय माल्या फ्रॉड नहीं थे, किताब में PM मोदी की भी जमकर तारीफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं