विज्ञापन
This Article is From Mar 29, 2019

कांग्रेस विधायक सीएम कमलनाथ को इस्तीफा देने पहुंचे, मीडिया के बीच से खींच ले गए मंत्री, देखें - VIDEO

मध्यप्रदेश के धरमपुरी के कांग्रेस विधायक पांचीलाल मेड़ा मुख्यमंत्री कमलनाथ को इस्तीफा देने पहुंचे, शराब ठेकेदारों के अभद्र व्यवहार से नाराज

कांग्रेस विधायक सीएम कमलनाथ को इस्तीफा देने पहुंचे, मीडिया के बीच से खींच ले गए मंत्री, देखें - VIDEO
संवाददाताओं को अपना दुखड़ा सुनाने की कोशिश कर रहे एमएलए पांचीलाल मेड़ा को मंत्री प्रद्युम्न सिंह खींचकर ले गए.
  • एमएलए मेड़ा का आरोप- शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की
  • स्कूल के पास बनीं दो शराब दुकानों को हटाने के लिए के लिए कहा था
  • प्रशासन शराब माफिया को मदद कर रहा, ठेकेदार दुर्व्यवहार कर रहे
भोपाल:

मध्यप्रदेश के धरमपुरी क्षेत्र के कांग्रेस विधायक पांचीलाल मेड़ा शुक्रवार को शराब ठेकेदारों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने से नाराज होकर मुख्यमंत्री कमलनाथ को इस्तीफा देने के लिए भोपाल पहुंचे. वे पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर विधायक पद से इस्तीफा दे रहे हैं. विधायक ने इस मामले में मीडिया से बात करने की कोशिश की तो मंत्री प्रद्युमन सिंह ने उन्हें अपनी बात नहीं कहने दी.

विधायक पांचीलाल मेड़ा ने इस्तीफे में लिखा है, 'मैं और मेरे कार्यकर्ताओं के खिलाफ शासकीय शराब दुकान के ठेकेदार द्वारा अभद्र व्यवहार एवं जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया. जिला प्रशासन भी मुझे कोई सहयोग प्रदान नहीं कर रहा है.' विधायक ने अपने इस्तीफे में जिला प्रशासन का उल्लेख करते हुए उस पर शराब माफिया का अवैध रूप से सहयोग करने का आरोप लगाया है.

धरमपुरी के विधायक पांचीलाल मेड़ा शराब ठेकेदार, प्रशासन और पुलिस से रुष्ट होकर मुख्यमंत्री कमलनाथ को इस्तीफा देने पहुंचे. शराब माफिया पर कार्रवाई न होने से दुखी विधायक का कहना है कि स्कूल के पास बनीं दो शराब दुकानों को हटाने के लिए उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की थी. इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों को भी की थी. इस पर भी उन पर कार्रवाई नहीं हुई. विधायक का कहना है कि शराब दुकान तो नहीं हटी पर शराब माफिया ने मेरे कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता की. उन्होंने अतिरिक्त आबकारी अधिकारी राधेश्याम राय को हटाने की मांग की है.

यह भी पढ़ें : भाजपा ने हरदोई के सांसद अंशुल वर्मा का काटा टिकट, तो उन्होंने BJP ऑफिस के चौकीदार को सौंपा इस्तीफा

शुक्रवार को सुबह पांचीलाल मेड़ा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर वहां पहुंचे. वे विधायक मेड़ा को मीडिया के सामने ही अपने साथ में खींचकर ले गए. इस दौरान उन्होंने विधायक को मीडिया से बात भी नहीं करने दी. सिंह ने कहा कि 'हम साथ में सीएम कमलनाथ जी से मिलने के लिए जाएंगे. मेड़ा मेरे मित्र हैं और मैं उन्हें अपने साथ ले जाऊंगा.' मंत्री सिंह विधायक को ले गए और फिर बंद कमरे में उनसे चर्चा की.

VIDEO : चार दिन में कांग्रेस के तीन विधायकों ने दिए इस्तीफे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Congress MLA Panchilal Meda, Resignation, Madhya Pradesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com