शिवसेना (UBT) में एक बार फिर संभावित टूट की चर्चाओं के बीच पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को मुंबई स्थित अपने आवास ‘मातोश्री' पर पार्टी के पदाधिकारियों और नेताओं के साथ अहम बैठक की. बैठक में कथित तौर पर पार्टी के विधायकों और नगरसेवकों से संपर्क किए जाने की खबरों पर चर्चा हुई.
बैठक के बाद शिवसेना (UBT) के विधायक महेश सावंत ने दावा किया कि उद्धव ठाकरे ने पार्टी के विधायकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि किसी ‘एजेंट' का फोन आए तो उसे रिकॉर्ड किया जाए और फोन या मैसेज का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए. सावंत के मुताबिक, पार्टी के कुछ नेताओं और पदाधिकारियों को दूसरे गुट में जाने के बाद उनके जरिए विधायकों और नगरसेवकों से संपर्क किए जाने की जानकारी सामने आई है.
सावंत ने कहा कि शिंदे सेना में गए कुछ पदाधिकारी और ‘एजेंट' फोन और मैसेज के जरिए संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने हालांकि दावा किया कि ठाकरे गुट का कोई विधायक या नगरसेवक पार्टी छोड़ने वाला नहीं है और इस तरह की चर्चाओं का इस्तेमाल राजनीतिक माहौल खराब करने के लिए किया जा रहा है.
‘ऑपरेशन टाइगर 2' की चर्चा के बीच बैठक
यह बैठक ऐसे समय हुई है जब महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर ‘ऑपरेशन टाइगर' को लेकर चर्चाएं तेज हैं. ठाकरे गुट के कुछ सांसदों के शिंदे गुट में जाने के बाद अब ठाकरे गुट के विधायकों के संभावित पाला बदलने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं.हालांकि, यह दावा फिलहाल अटकलों के स्तर पर है. इसी पृष्ठभूमि में उद्धव ठाकरे की ओर से संगठन को सतर्क रहने और किसी भी तरह के संपर्क की जानकारी दर्ज करने का निर्देश महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
नगरसेवकों को लेकर भी चिंता
बैठक में केवल विधायकों ही नहीं बल्कि मुंबई के नगरसेवकों और पार्टी संगठन में संभावित फूट को लेकर भी चर्चा होने की जानकारी सामने आई है. महेश सावंत ने कहा कि कुछ लोगों की ओर से आमदारों और नगरसेवकों से संपर्क किया जा रहा है. ठाकरे गुट का कहना है कि ऐसे संपर्कों का उद्देश्य पार्टी में भ्रम और अस्थिरता पैदा करना हो सकता है.
गौरतलब है कि उद्धव ठाकरे हाल के दिनों में संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर रहे हैं. 28 अगस्त को भी उन्होंने दिवा, कलवा और मुंब्रा के नवनियुक्त पदाधिकारियों से मातोश्री पर मुलाकात कर उन्हें आम जनता के बीच सक्रिय रहने और उनकी समस्याएं हल करने के निर्देश दिए थे.
महेश सावंत ने बैठक के बाद अपने रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि वह उद्धव ठाकरे के साथ हैं और पार्टी छोड़ने का सवाल ही नहीं है. ऐसे में मातोश्री की यह बैठक आने वाले दिनों में ठाकरे गुट के संगठन और मुंबई की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं