विज्ञापन

'धीरेंद्र शास्त्री का पर्चा निकला गलत, बेटे की जगह हुई चौथी बेटी', झांसी के शख्स का दावा

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दावों को लेकर एक शख्स ने सवाल खड़े किए हैं. उसने कहा कि पर्चे पर पुत्र योग लिखने के बाद उनके घर पुत्री ने जन्म लिया.

'धीरेंद्र शास्त्री का पर्चा निकला गलत, बेटे की जगह हुई चौथी बेटी', झांसी के शख्स का दावा
राजेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी पहले से तीन बेटियां थीं, जिनमें सबसे छोटी बेटी उस समय 10 साल की थी.
NDTV

बागेश्वर धाम के पीठाधीश धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने दिव्य दरबार और पर्चा निकालने के दावों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं. इस बार एक बार फिर से वह चर्चा में हैं. उत्तर प्रदेश के झांसी निवासी राजेंद्र कुमार ने दावा किया है कि धीरेंद्र शास्त्री ने उनके पर्चे में 'पुत्र योग' लिखा था, लेकिन उनके घर चौथी बेटी ने जन्म लिया है. इस घटना के बाद शख्स ने अखिल भारतीय अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति से संपर्क किया है और अब पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में है.

मार्च 2024 में शुरू हुआ था दरबार जाने का सिलसिला

शिकायतकर्ता राजेंद्र कुमार के अनुसार, उन्होंने मार्च 2024 में बागेश्वर धाम जाना शुरू किया था. मई 2024 में धीरेंद्र शास्त्री ने उन्हें दरबार में बुलाया. राजेंद्र कुमार ने अपने बयान में कहा, "मार्च 2024 में मैंने बागेश्वर जाना शुरू किया, मई में धीरेंद्र शास्त्री ने मुझे बुला लिया. मेरी पत्नी को प्रेत बाधा की समस्या थी. उन्होंने पर्चे में पहले ही लिख दिया कि यह समस्या कब से है. फिर हमसे पूछा कि क्या यह सही है? हमने कहा- सही है. फिर उसने पर्चे में नीचे लिखा कि 'पुत्र योग बनेगा'

तीन बेटियों के बाद पुत्र की जगी थी उम्मीद

राजेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी पहले से तीन बेटियां थीं, जिनमें सबसे छोटी बेटी उस समय 10 साल की थी. उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी चौथे बच्चे या बेटे के बारे में नहीं सोचा था. लेकिन धीरेंद्र शास्त्री के पर्चे में 'पुत्र योग' लिखे जाने और पत्नी के आग्रह के बाद उन्होंने साल 2025 में बच्चे की प्लानिंग की. इसके बाद 11 जून 2026 को उनकी पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया.

'गलती तुम्हारी, शक्ति बाबा की?'

राजेंद्र कुमार का कहना है कि बेटी के जन्म के बाद वे बेहद आक्रोशित हुए और 19 सितंबर 2026 को अपनी नवजात बच्ची को लेकर बागेश्वर धाम के दरबार में पहुंचे. जब उन्होंने बच्ची को बाबा के सामने रखा और पर्चा पढ़ने को कहा, तो ऐसा दावा किया जा रहा है कि धीरेंद्र शास्त्री ने माइक नीचे करके कहा, "तुमने कोई गलती की होगी."

Latest and Breaking News on NDTV

 राजेंद्र कुमार ने दावा किया है कि ये पर्चा धीरेंद्र शास्त्री ने लिखा है.

राजेंद्र कुमार ने जब अपनी गलती पूछी, तो उन्हें कथित तौर पर उनके सेवादारों के जरिए वहां से हटा दिया गया. राजेंद्र कुमार ने कहा, "अगर लिखा हुआ सच हो जाए तो बाबा की शक्ति और अगर गलत निकल जाए तो भक्त की गलती. वह केवल तुक्का लगा रहे हैं और धर्म की आड़ में भ्रम फैला रहे हैं. मैं एक बेहद साधारण व्यक्ति हूं, इसलिए अकेले इस सच्चाई को सामने लाना मुश्किल था."

अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति से की शिकायत, पुलिस केस की तैयारी

लगभग 15 बार धीरेंद्र शास्त्री के दरबार में जा चुके राजेंद्र कुमार का कहना है कि अब उन्हें समझ आ गया है कि वहां कोई चमत्कारी शक्ति नहीं है. उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी अखिल भारतीय अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति को दी है. समिति के राष्ट्रीय महासचिव हरीश देशमुख ने राजेंद्र कुमार से संपर्क कर मामले की पूरी जानकारी जुटाई है. समिति की सलाह पर अब राजेंद्र कुमार झांसी में पुलिस स्टेशन जाकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराने जा रहे हैं.

'बेटी के जन्म से खुश हूं, उसे बड़ा अधिकारी बनाऊंगा'

राजेंद्र कुमार ने यह भी साफ किया कि शुरुआती आक्रोश के बाद अब उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है. उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म से उन्हें कोई आपत्ति नहीं है और वे अपनी इस चौथी बेटी को खूब पढ़ा-लिखाकर एक बड़ा अधिकारी बनाएंगे.

यह भी पढ़ें: IIT बॉम्बे में छात्रों के बाद अब फैकल्टी का प्रदर्शन, फोरम ने कहा- प्रो. दूल्ला का नहीं हुआ निलंबन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dhirendra Shashtri
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com