- साहिल वाकोडे को न्याय दिलाने के लिए IIT बॉम्बे गेट पर भूख हड़ताल का ऐलान
- साहिल मौत मामला अब क्राइम ब्रांच के हाथों में
- माता-पिता की मांग, नामजद प्रोफेसरों की हो गिरफ्तारी
IIT बॉम्बे के 20 वर्षीय छात्र साहिल रविंद्र वाकोडे की मौत का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. साहिल के माता-पिता ने अपने बेटे को न्याय दिलाने की मांग को लेकर IIT बॉम्बे के मुख्य गेट के बाहर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है. परिवार का कहना है कि एफआईआर में नामजद आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. इस बीच मुंबई पुलिस ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है और निष्पक्ष व गहन जांच का भरोसा दिया है.
आज शुरू हो सकता है अनशन
साहिल वाकोडे के माता-पिता ने NDTV बातचीत में घोषणा की थी कि वे IIT बॉम्बे के मुख्य द्वार के बाहर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे. परिजनों की मांग है कि साहिल की मौत के मामले में नामजद प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला और प्रोफेसर केदारे को तत्काल गिरफ्तार किया जाए. परिवार का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित अनशन शाम करीब 5 बजे के बाद शुरू किया जा सकता है.
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
भूख हड़ताल की घोषणा के बाद IIT बॉम्बे के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस कर्मियों को इलाके में तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. बताया जा रहा है कि मुंबई पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है, लेकिन साहिल के माता-पिता अपने कार्यक्रम को लेकर अडिग हैं.

क्राइम ब्रांच को सौंपी गई जांच
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक मुंबई पुलिस ने बुधवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा कि साहिल रविंद्र वाकोडे की मौत के बाद दर्ज मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है. पुलिस के अनुसार, यह मामला पहले पवई पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था. बाद में इसे क्राइम ब्रांच में स्थानांतरित कर DCB CID C.R. No. 124/2026 के रूप में दर्ज किया गया. जांच की जिम्मेदारी एसीपी रैंक के अधिकारी को सौंपी गई है, जबकि पूरी जांच की निगरानी डीसीपी डिटेक्शन-1, क्राइम ब्रांच द्वारा की जा रही है.
हर पहलू से की जा रही जांच
मुंबई पुलिस ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों और अटकलों से बचें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें. पुलिस का कहना है कि जांच का उद्देश्य पूरी सच्चाई सामने लाना और न्याय सुनिश्चित करना है.
पिता ने उठाए सवाल
इससे पहले साहिल के पिता रविंद्र वाकोडे ने आरोप लगाया था कि एफआईआर में नामजद लोगों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने कार्रवाई की है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जिन लोगों के नाम एफआईआर में हैं, उनकी गिरफ्तारी अब तक क्यों नहीं हुई.
शांतिपूर्ण आंदोलन की बात
रविंद्र वाकोडे ने कहा कि परिवार जांच में किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं करना चाहता. उनका कहना है कि वे केवल निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहे हैं. इसी उद्देश्य से परिवार ने शांतिपूर्ण धरना और भूख हड़ताल का फैसला लिया है.
यह भी पढ़ें : हम नकल का समर्थन नहीं करते, मगर सिस्टम में बदलाव तो हो; साहिल की मौत के बाद IIT बॉम्बे के छात्रों का प्रदर्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं