- पुणे के पिंपरी-चिंचवड़में एक महिला ने अपने 6 साल के बेटे के साथ 18वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या की
- महिला अपने पति और बेटे के साथ पिछले कुछ सालों से सिग्नेचर पार्क सोसायटी में रह रही थीं
- जब सोसायटी के लोगों ने जोरदार आवाज सुनकर नीचे देखा तो दोनों जमीन पर पड़े थे
पुणे से एक खौफनाक धटना सामने आई है. एक महिला ने अपने 6 साल के बेटे के साथ 18वीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी. यह घटना एक हाई-प्रोफाइल सोसायटी में शुक्रवार शाम की है. CCTV फुटेज में महिला अपने बेटे के साथ 18वीं मंजिल पर जाती दिखाई दे रही है पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है.मामला पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ शहर के थेरगांव वाकड इलाके में सिग्नेचर पार्क नाम की एक हाई-प्रोफाइल सोसायटी का है, यहां 33 साल की एकता भांगड ने अपने 6 साल के बेटे माधव भांगड के साथ इमारत की 18वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली. जानकारी के मुताबिक, एकता भांगड अपने पति मनोज भांगड और बेटे माधव के साथ पिछले कुछ सालों से इस सोसायटी में रह रही थीं.
शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे महिला ने खौफनाक कदम उठा लिया. जानकारी मिलते ही वाकड पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर आगे की जांच शुरू की. मृतक महिला का परिवार मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है. वे पिछले दो सालों से इस सोसायटी की सातवीं मंजिल पर रह रहे थे. मृतक महिला का पति मनोज भांगड यरवदा स्थित एक आईटी कंपनी में काम करता है.

शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मनोज हमेशा की तरह अपने काम पर गए थे. उस समय घर पर एकता और माधव थे. शाम करीब साढ़े छह बजे इमारत के डक्ट से जोरदार आवाज आने पर सोसायटी के लोग नीचे दौड़े. उन्होंने देखा कि एकता और माधव जमीन पर पड़े हैं. उन्होंने तुरंत पुलिस को जानकारी दी और उसके पति को भी सूचित किया. वाकड पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाला. फुटेज में पता चला कि घटना से पहले एकता अपने बेटे माधव को लिफ्ट से 18वीं मंजिल पर ले गई थीं. गैलरी की रेलिंग के पास दोनों के जूते-चप्पल रखे हुए पाए गए हैं.

इन परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और प्राथमिक जांच के आधार पर वाकड पुलिस ने संदेह जताया है कि एकता ने बेटे के साथ 18वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या की है. घटना के बाद फोरेंसिक टीम को बुलाया गया और दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पिंपरी के यशवंतराव चव्हाण मेमोरियल अस्पताल भेज दिया गया है. संबंधित रिश्तेदारों को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है. एकता ने अपने बेटे के साथ ये कदम क्यों उठाया, इसके पीछे कोई पारिवारिक विवाद था या कोई अन्य कारण की जांच पुलिस कर रही है.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढे़ं-जयपुर: पूर्णिमा यूनिवर्सिटी की छठी मंजिल से कूदकर MBA छात्रा ने दी जान, दो CCTV वीडियो आए सामने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं